खेल

T20 WC Ind vs Pak: 'यह भारत पर निर्भर करता है', भारतीय खिलाड़ियों से 'हैंड शेक' पर पाक कप्तान सलमान अली आगा

शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से पूछा गया कि क्या मैच के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिलाएंगे? इसके जवाब में आगा ने कहा, "यह भारत पर है कि वे सही भावना के साथ खेलना चाहते हैं या नहीं।"

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा 

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर तमाम संशय के बादल छंट गए हैं। दोनों देशों के बीच कोलंबो में रविवार को मुकाबला होना है। मैच को लेकर करोड़ों क्रिकेट फैंस रोमांचित हैं। फैंस के मन में एक सवाल है कि क्या भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी मैच के बाद पहले की तरह एक दूसरे के साथ हाथ मिलाएंगे या एशिया कप वाली 'हाथ नहीं मिलाने' की नीति ही काम करेगी।

Published: undefined

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने क्या कहा?

शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से पूछा गया कि क्या मैच के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिलाएंगे? इसके जवाब में आगा ने कहा, "यह भारत पर है कि वे सही भावना के साथ खेलना चाहते हैं या नहीं।"

उन्होंने कहा, "क्रिकेट को भावना के साथ खेला जाना चाहिए। मेरी निजी राय शायद मायने न रखे, लेकिन क्रिकेट वैसे ही खेला जाना चाहिए जैसा हमेशा से खेला जाता रहा है। यह उन्हें तय करना है कि क्या करना है।"

मैच को लेकर पाकिस्तान के कप्तान ने कहा, "भारत के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन हम इतिहास नहीं बदल सकते। हर दिन एक नया दिन होता है।"

Published: undefined

भारतीय खेमे का माहौल

इस बीच यह भी पता चला है कि रविवार को प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय खेमे का माहौल भी आक्रामक के बजाय अधिक संयमित रहा है। अंतिम निर्णय उच्च अधिकारियों पर छोड़ते हुए टीम उनके निर्देशों का पालन करेगी।

भारतीय टीम के अंदर हालांकि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक भावनाओं को लेकर सतर्कता भी है, क्योंकि पहलगाम हमले के बाद भावनाएं अब भी काफी संवेदनशील बनी हुई है और प्रतिक्रियाएं तीखी हो सकती हैं।

Published: undefined

आईसीसी की पहल 

आईसीसी चाहता है कि एशिया के पांच टेस्ट खेलने वाले देशों के अधिकारी साथ बैठकर मैच देखें।

आईसीसी प्रमुख जय शाह के रविवार को कोलंबो में मौजूद रहने की संभावना है, जहां वह भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक बैठक कर सकते हैं।

Published: undefined

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा था कि वह भारत-पाकिस्तान मैच देखने के लिए कोलंबो में रहेंगे और पिछले कुछ हफ्तों में हुए तनावपूर्ण संवाद के बाद बीसीसीआई के साथ रिश्ते सामान्य करने की कोशिश करेंगे।

बांग्लादेश के अखबार ‘प्रथम आलो’ से बातचीत में इस्लाम ने कहा कि इस हाई-प्रोफाइल मैच के लिए निमंत्रण आईसीसी की ओर से आया है।

उन्होंने कहा, “आईसीसी ने एक फैसला लिया है। आईसीसी के प्रमुख हितधारक ये पांच एशियाई देश हैं और 15 तारीख को होने वाले भारत-पाकिस्तान विश्व कप मैच के लिए वे चाहते हैं कि इन पांचों एशियाई देशों के प्रतिनिधि मैदान पर एक साथ मौजूद रहें, साथ में मैच देखें और आपस में बातचीत करें।”

Published: undefined

अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के आपसी रिश्ते निचले स्तर पर हैं। इसका असर क्रिकेट पर भी पड़ा है। एशिया कप 2025 के दौरान हुए तीन मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ मैच के बाद होने वाला पारंपरिक 'हैंड शेक' नहीं किया था।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined