खेल

खेल: गावस्कर ने कप्तान अय्यर के फैसले पर उठाए सवाल और पिच को लेकर भड़के युजवेंद्र चहल

चहल ने तर्क दिया कि सपाट पिच, ओस और छोटी बाउंड्री के कारण गेंदबाजों के लिए मुकाबले में बने रहना मुश्किल होता जा रहा है। गावस्कर का मानना ​​था कि उस महत्वपूर्ण मोड़ पर मयंक का एक और विकेट वेस्टइंडीज पर भारी दबाव डाल सकता था।

गावस्कर ने कप्तान अय्यर के फैसले पर उठाए सवाल और पिच को लेकर भड़के युजवेंद्र चहल
गावस्कर ने कप्तान अय्यर के फैसले पर उठाए सवाल और पिच को लेकर भड़के युजवेंद्र चहल फोटोः सोशल मीडिया

विकेट में गेंदबाजों के लिए मदद होनी चाहिए, वरना बॉलिंग मशीन ही लगा देनी चाहिए : युजवेंद्र चहल

रांची में शुक्रवार को वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत के खिलाफ 250 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज करते हुए इतिहास रचा। कैरेबियाई टीम के आसानी से लक्ष्य तक पहुंचने के बाद स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के लिए लगातार आसान होती परिस्थितियों पर चिंता जताई है।

चहल ने तर्क दिया कि सपाट पिच, ओस और छोटी बाउंड्री के कारण गेंदबाजों के लिए मुकाबले में बने रहना मुश्किल होता जा रहा है।

जियोस्टार के साथ बात करते हुए चहल ने कहा, "ऐसी पिचों पर गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं होता। जब गेंद पुरानी हो जाती है और ओस पड़ती है, तो गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और मैदान भी छोटे होते जा रहे हैं। हमने आईपीएल में भी ऐसा देखा है, जहां 19 ओवर में 260 रन का लक्ष्य हासिल किया गया। इस मैच में भी 18.3 ओवर में आसानी से 250 रन बना लिए गए। तो, गेंदबाज क्या करें? उनकी स्किल का क्या फायदा?"

 दूसरे टी20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए। हालांकि, वेस्टइंडीज ने लक्ष्य को आसानी से 9 गेंदें शेष रहते हुए चेज कर लिया। कैरेबियाई टीम की ओर से शाई होप ने 45 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन बनाए।

जाफर ने जायसवाल के विकेटकीपिंग पर सवाल उठाते हुए बल्लेबाजी पर ध्यान देने की दी सलाह

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाल और मुंबई के दिग्गज क्रिकेटर वसीम जाफर ने 24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल के विकेटकीपिंग का अभ्यास करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।

मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने बृहस्पतिवार को बताया था कि जायसवाल बल्लेबाजी और लेग स्पिन के अलावा अतिरिक्त कौशल के तौर पर विकेटकीपिंग पर भी काम कर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी के 2026-27 सत्र से पहले उनके विकेट के पीछे अभ्यास करने की तस्वीरें भी सामने आई थीं।

जाफर ने अपने ‘यूट्यूब चैनल’ पर कहा कि अगर किसी खिलाड़ी ने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो इस भूमिका को अपनाना उसके लिए काफी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सीमित ओवरों की भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए जायसवाल को विकेटकीपिंग की जरूरत क्यों महसूस हो रही है, जबकि इस भूमिका के लिए ईशान किशन, संजू सैमसन और ऋषभ पंत जैसे विकल्प मौजूद हैं।

जाफर ने कहा, ‘‘जब मैंने यह सुना तो मुझे खुद हैरानी हुई। अगर आपने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो यह बहुत मुश्किल काम है। यह काफी थकाने वाली जिम्मेदारी भी है। वह अगर विकेटकीपिंग शुरू भी कर देते हैं, तो उन्हें जगह कहां मिलेगी? किशन, सैमसन और पंत मौजूद हैं। मुझे लगता है कि वह सफेद गेंद के क्रिकेट में जगह बनाने के लिए ऐसा करना चाहते हैं।”

गावस्कर ने महत्वपूर्ण मौके पर मयंक को गेंद नहीं सौंपने के फैसले पर सवाल उठाए

दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना ​​है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत ने तेज गेंदबाज मयंक यादव या बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बजाय कुलदीप यादव को महत्वपूर्ण 17वां ओवर सौंपकर बड़ी गलती की।

कुलदीप ने इस ओवर में 24 रन लुटाए, जिसमें तीन छक्के, एक चौका और एक वाइड शामिल थी। इससे 250 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी हो गया। वेस्टइंडीज ने यह मैच छह विकेट से जीतकर पांच मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली।

गावस्कर ने जियोस्टार से कहा, ‘‘मैं 17वें ओवर में अर्शदीप या मयंक में से किसी एक को गेंदबाजी के लिए बुलाता। अर्शदीप ने अपने आखिरी ओवर (18वें ओवर) में खूब रन लुटाए, लेकिन मयंक ने शुरुआती झटके दिए थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मयंक का इकॉनमी रेट लगभग 12 रन प्रति ओवर था और उस समय वेस्टइंडीज को इससे अधिक रन चाहिए थे। इसलिए अगर उन्होंने विकेट ले लिया होता तो मैच आपके पक्ष में जा सकता था।’’

गावस्कर का मानना ​​था कि उस महत्वपूर्ण मोड़ पर मयंक का एक और विकेट वेस्टइंडीज पर भारी दबाव डाल सकता था और उसके लिए मुश्किल पैदा कर सकता था।

लोग शाई होप को कम करके आंकते हैं: रोस्टन चेज

 वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोस्टन चेज़ का मानना ​​है कि सीमित ओवरों की क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उनके कप्तान शाई होप को कम करके आंका जाता है।

होप ने वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी पिछली चार पारियों में तीन शतक बनाकर आईपीएल की दिसंबर में होने वाली मिनी नीलामी के लिए अपना दावा मजबूत कर दिया है। उन्होंने रांची में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नाबाद 102 रन बनाए थे, जिससे वेस्टइंडीज 250 रन का लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा था।

चेज़ ने वेस्टइंडीज की जीत के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि लोग शाई होप को बहुत कम करके आंकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो पूरी तरह से अपना ध्यान अपने काम पर केंद्रित कर सकता है। मुझे लगता है कि यही उसकी खास खूबी है क्योंकि जब सब कुछ गलत होता दिख रहा होता है, तब भी वह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है और टीम के लिए खेलता है। मुझे लगता है कि यही उसकी पहचान है।’’

चेज ने कहा, ‘‘वह महान खिलाड़ी है। लंबी अवधि के प्रारूप में भले ही उसका रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं है लेकिन जहां तक टी20 क्रिकेट की बात है तो मुझे लगता है कि लोग उसके आंकड़ों और रिकॉर्ड को कम करके आंकते हैं।’’

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज विल ओरूर्के भारत के खिलाफ श्रृंखला से बाहर

न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ होने वाली आगामी श्रृंखला से पहले एक और करारा झटका लगा है और उसके तेज गेंदबाज विल ओरूर्के बाएं पांव की मांसपेशियों में खिंचाव और पिंडली की चोट के कारण इससे बाहर हो गए हैं।

खेल के सभी प्रारूप में खेलने वाले इस 25 वर्षीय तेज गेंदबाज ने पीठ में चोट के कारण सात महीने तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के अंतिम दिन हालांकि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और इसके बाद अभ्यास के दौरान उनकी पिंडली में चोट लग गई थी।

न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि ओरूर्के को भारत के खिलाफ श्रृंखला से बाहर रखने का फैसला खिलाड़ी और मेडिकल टीम से परामर्श के बाद लिया गया। उनकी निगाहें अब दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार टेस्ट मैच की श्रृंखला में वापसी करने पर टिकी हैं।

न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच, पांच वनडे मैच और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इस श्रृंखला की शुरुआत 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से होगी।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए