खेल

खेल: हार्दिक पंड्या भारत ए टीम में और पाकिस्तानी बल्लेबाज पर ICC का एक्शन

हार्दिक पंड्या को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय शृंखला के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया है। पाकिस्तान की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज गुल फिरोजा पर अनुशासन तोड़ने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए हार्दिक पंड्या भारत ए टीम में

सीनियर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय शृंखला के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनका खेलना पूर्ण फिटनेस हासिल करने पर निर्भर करेगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पंड्या ने अपना पिछला प्रतिस्पर्धी मुकाबला इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले सत्र में मुंबई इंडियन्स के लिए खेला था। इसके बाद से यह 32 वर्षीय खिलाड़ी विभिन्न चोटों के कारण प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर है। फिलहाल वह जांघ की चोट से उबर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया ए के भारत दौरे की शुरुआत 22 सितंबर को पुडुचेरी में बहुदिवसीय मुकाबले के साथ होगी जबकि इसी स्थल पर दूसरा मैच 29 सितंबर से खेला जाएगा।

बहुदिवसीय मुकाबलों के बाद पुडुचेरी में ही तीन एकदिवसीय मैच की श्रृंखला होगी जिसके मुकाबले छह, नौ और 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

भारत ए बहुदिवसीय टीम: देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन, अमन मोखाडे, आयुष पांडे, यश राठौड़, शेख रशीद, कुमार कुशाग्र, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल्ल हिंगे, एन जगदीशन, नचिकेत भुटे, वी विशाक।

भारत ए एकदिवसीय टीम: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, प्रियांश आर्य, साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र, निशांत सिंधू, विपराज निगम, अर्शीन कुलकर्णी, अरशद खान, नमन धीर, हार्दिक पंड्या, प्रभसिमरन सिंह, गुरजपनीत सिंह, यश ठाकुर।

भारत न्यूजीलैंड दौरा: दर्शकों में जबरदस्त उत्साह, अब तक बिक चुके हैं 50000 से अधिक टिकट

भारतीय टीम के इस साल अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि तीनों प्रारूप में होने वाली इस श्रृंखला के लिए अब तक 50000 से अधिक टिकट बिक चुके हैं।

भारत छह साल के अंतराल के बाद न्यूजीलैंड का दौरा करेगा, जहां वह पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगा।

न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘इस श्रृंखला के आम जनता के लिए टिकटों की बिक्री सोमवार को शुरू हो गई। और कई मैचों के सभी टिकट बिकने की पूरी संभावना है, जिसमें क्राइस्टचर्च में खेले जाने वाला दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी शामिल है, जिसके 75 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं।’’

इसमें आगे कहा गया है, ‘‘ईडन पार्क में टिकटों की अत्यधिक मांग के कारण स्टेडियम की छठी पंक्ति की सीटों को 2019 में भारत के न्यूजीलैंड दौरे के बाद पहली बार खोलना पड़ रहा है। भारत के खिलाफ 30 अक्टूबर को होने वाले चौथे टी20 मैच के लिए यह सीटें दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेंगी।’’

जापान की पिच स्पिनरों के लिए मददगार हो सकती है: वरुण चक्रवर्ती

भारतीय क्रिकेट टीम जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए तैयार है। टीम इंडिया के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने कहा है कि स्पिनर एशियन गेम्स में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मौसम के बदलते हालात ही तय करेंगे कि टूर्नामेंट के दौरान पिचें कैसा बर्ताव करेंगी।

 एएसआईसीएस इंडिया की तरफ से आईएएनएस के साथ एक खास बातचीत में चक्रवर्ती ने कहा, "हर मैच और हर टूर्नामेंट के लिए तैयारी की जरूरी होती है। हमें वो करना ही होगा। यह हर दूसरे टूर्नामेंट की तरह ही है। हम अच्छी तैयारी करेंगे और जो भी हमारे रास्ते में आएगा, हम उसे हराएंगे। गेंदबाजी यूनिट को वहां की स्थिति के मुताबिक ढलना होगा।"

 उन्होंने कहा, "मैंने देखा है कि पिचें थोड़ी कम तैयार हो सकती हैं। इसलिए स्पिन को मदद मिल सकती है। मुझे नहीं पता कि जापान का मौसम पिचों के बर्ताव पर क्या असर डालेगा। हम बस हर तरह के हालात का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं।"

पाकिस्तान की बल्लेबाज गुल फिरोजा पर आईसीसी का एक्शन, मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगा

महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। इसी बीच पाकिस्तान की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज गुल फिरोजा पर अनुशासन तोड़ने के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पाइंट भी जोड़ा गया है।

दरअसल, गुल फिरोजा ने सोमवार को दुबई में हांगकांग के खिलाफ मैच के दौरान ऑन-फील्ड अंपायर के एलबीडब्ल्यू आउट देने के फैसले पर अपनी असहमति जताई थी।

 मामला पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर का था। फिरोजा बाएं हाथ की कलाई की स्पिनर कैरी चैन की टॉस-अप डिलीवरी को स्वीप करने के लिए नीचे उतरीं, ऐसा लगा कि वह चूक गईं, और गेंद स्टंप के सामने उनके पैड पर लगी। ऑन-फील्ड फैसला आउट था। टूर्नामेंट में डीआरएस का इस्तेमाल नहीं होने के कारण, फिरोजा को जाना पड़ा। पेवेलियन लौटते समय फिरोजा ने अंपायर के फैसले पर असहमति जताई थी और इसी वजह से उन पर आईसीसी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

शेल्टन ने अल्काराज का विजय अभियान रोका, सबालेंका और पेगुला भी सेमीफाइनल में

बेन शेल्टन ने पांच सेट तक चले मैराथन मुकाबले में मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्काराज को हराकर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि महिला वर्ग में एरिना सबालेंका और जेसिका पेगुला अंतिम चार में पहुंचने में सफल रही।

शेल्टन ने अल्काराज़ को चार घंटे 28 मिनट तक चले मैच में 6-7 (5), 6-1, 6-3, 1-6, 7-6 (10-7) से हराया। इस तरह से अल्काराज़ का ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में पिछले 18 मैच से चला आ रहा विजय अभियान भी थम गया।

शेल्टन ने बाद में कहा, ‘‘मैं थक गया हूं। यह किसी जंग से कम नहीं था। कार्लोस हमारे खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक हैं। यह मेरे करियर का सर्वश्रेष्ठ मैच था। इसमें कोई शक नहीं।’’

यह मैच सुबह तीन बजकर 33 मिनट पर समाप्त हुआ और इस तरह से यह अमेरिकी ओपन में सबसे देर तक चला मैच बन गया है।

दूसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज़ ने कहा, ‘‘यह करीबी मुकाबला था। वास्तव में यह बेहद करीबी मैच था। इसलिए मुझे निराशा है कि मैं आखिर में जीत दर्ज नहीं कर पाया। लेकिन मैंने आखिर तक मुकाबला किया और मुझे खुद पर गर्व है।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी ने 'दिशा' की बैठक में उठाया खराब सड़कों का मुद्दा, मांगा अधिकारियों से जवाब

  • ,
  • जन्मदिन विशेष: कई हसीनाओं को पछाड़ बनीं देश का पहला 'लक्स' चेहरा, मजबूरी की एक्टिंग ने बनाया सिनेमा का सुपरस्टार!

  • ,
  • आकाश आनंद को एक और मौका दे सकती हैं मायावती, बोलीं- अशोक सिद्धार्थ राजनीति से संन्यास लें, तो हो सकता है विचार

  • ,
  • सिनेजीवन: अक्षय कुमार के जन्मदिन पर राशि खन्ना ने शेयर किया मजेदार वीडियो और 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का ट्रेलर हुआ रिलीज

  • ,
  • रायबरेली: दिशा की बैठक में राहुल गांधी ने दिखाईं गड्ढों वाली सड़कों की तस्वीरें, अधिकारियों को कड़ी चेतावनी, मांगा जवाब