खेल

महिला टी-20 विश्वकप: कप्तान हरमनप्रीत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रचा इतिहास, विराट कोहली भी नहीं कर पाए ये कारनामा

महिला टी-20 विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में कप्तान हरमनप्रीत ने पहले 50 रन 33 गेंदों में और अगले 50 रन मात्र 16 गेंदों में ही जड़ दिया। हरमनप्रीत की इस शतकीय पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 194 रन का स्कोर बनाया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर

महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में शतक बनाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। 29 साल की हरमनप्रीत ने वेस्टइंडीज गुयाना में जारी आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 51 गेंदों पर 103 रन की तूफानी शतकीय पारी में सात चौके और आठ छक्के लगाए।

कप्तान हरमनप्रीत ने पहले 50 रन 33 गेंदों में और अगले 50 रन मात्र 16 गेंदों में ही जड़ दिया।हरमनप्रीत की इस शतकीय पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 194 रन का स्कोर बनाया। महिला टी-20 विश्वकप में किसी भी टीम द्वारा बनाया यह अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इसके साथ वे टी-20 विश्वकप में शतक बनाने वाली दुनिया की तीसरी महिला क्रिकेट खिलाड़ी बन गई हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूद कप्तान विराट कोहली भी इस कारनामे को नहीं कर पाए हैं। कप्तान विराट कोहली अभी तक अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में एक भी शतक नहीं जड़ पाए हैं। अंतरराष्ट्रीय टी-20 में कोहली का सर्वाधिक स्कोर 90 रन है। यह पारी उन्होंने साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली थी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 10 Nov 2018, 9:26 AM IST