खेल

खेल: वर्ल्ड कप में रोहित जैसा खिलाड़ी होना बहुत बड़ी ताकत और गिल और बुमराह ICC टेस्ट रैंकिंग में नीचे खिसके

साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स मानते ​​हैं कि भारतीय टीम में रोहित शर्मा जैसा अनुभवी खिलाड़ी होना टीम इडिया के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। दिग्गज तेज गेंदबाज बुमराह ने हालांकि टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में अपना दूसरा स्थान गंवा दिया है।

फोटोः @BCCI
फोटोः @BCCI 

गिल और बुमराह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नीचे खिसके, पडिक्कल आगे बढ़े

भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को जारी आईसीसी की टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो पायदान और जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों की रैंकिंग में एक पायदान नीचे खिसक गए, जबकि देवदत्त पडिक्कल 54वें स्थान पर पहुंचने में सफल रहे।

श्रीलंका दौरे पर तीन पारियों में केवल एक अर्धशतक लगाने वाले गिल दो स्थान नीचे नौवें नंबर पर खिसक गए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में सातवें स्थान पर शीर्ष भारतीय बल्लेबाज बने हुए हैं।

यशस्वी जायसवाल की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह भारतीय सलामी बल्लेबाज 11वें स्थान पर है।

श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में दो शतक की मदद से 328 रन बनाने वाले पडिक्कल पांच पायदान ऊपर 54वें स्थान पर पहुंच गए।

दिग्गज तेज गेंदबाज बुमराह ने हालांकि टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में अपना दूसरा स्थान गंवा दिया है। अब वह ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के बाद तीसरे स्थान पर हैं।

वर्ल्ड कप में रोहित जैसा खिलाड़ी होना बहुत बड़ी ताकत है: रोड्स  

साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स मानते ​​हैं कि भारतीय टीम में रोहित शर्मा जैसा अनुभवी खिलाड़ी होना टीम इडिया के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि दो बार की चैंपियन टीम आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी की दिशा में आगे बढ़ रही है।

 दाएं हाथ के 39 वर्षीय ओपनर रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर में 288 मैच खेले हैं, जिसमें 48.95 की औसत के साथ 11,895 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 34 शतक और 62 अर्धशतक निकले। रोहित इस फॉर्मेट में 3 दोहरे शतक लगा चुके हैं। वह वनडे वर्ल्ड कप 2019 में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे और उन्होंने घरेलू मैदान पर खेले गए वर्ल्ड कप 2023 में भारत को उपविजेता (रनर-अप) बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

 रोड्स ने 'जियोस्टार' से कहा, "आपको यह याद रखना होगा कि वर्ल्ड कप का अनुभव एक ऐसी चीज है जिसे हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। हम खिलाड़ियों के टैलेंट, उनकी काबिलियत और उनके प्रदर्शन पर ध्यान देते हैं। हो सकता है कि उन्होंने कोई शानदार पारी खेली हो या अच्छा सीजन बिताया हो, लेकिन जब दबाव वाले पलों की बात आती है, तो वर्ल्ड कप में दबाव बहुत ज्यादा होता है। खिलाड़ी शारीरिक रूप से तो खुद को संभाल सकते हैं, लेकिन मानसिक मजबूती एक ऐसी चीज है, जिसे हम अक्सर टीम चुनते समय ध्यान में नहीं रखते, लेकिन एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर जिसने चार क्रिकेट वर्ल्ड कप खेले हैं और दो बार सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाया, मैं जानता हूं कि यह कितना तनावपूर्ण हो सकता है। इसलिए वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा जैसा खिलाड़ी होना बहुत बड़ी ताकत है।"

पीसीबी का गलत फैसला, आप रिप्लेसमेंट के तौर पर मियांदाद, इंजमाम, अनवर नहीं भेज रहे: मोहम्मद यूसुफ

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने इंग्लैंड के मौजूदा टेस्ट दौरे के दौरान किए गए नए बड़े बदलावों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह कदम प्रदर्शन के बजाय अंदरूनी गड़बड़ी और मतभेदों के जाने-पहचाने चक्र को दिखाता है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम के 0-2 से हारने के बाद एक बड़ा बदलाव किया, जिसमें तीसरे टेस्ट से पहले सात खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के दो सदस्यों (सरफराज अहमद और उमर गुल) को घर भेज दिया गया।

 इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए, यूसुफ ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अधिकारियों का मौजूदा दौरे से खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को वापस बुलाने का हालिया फैसला सिर्फ प्रदर्शन से जुड़ा नहीं लगता है। हम जहीर अब्बास, जावेद मियांदाद, इंजमाम-उल-हक, या सईद अनवर जैसे महान खिलाड़ियों को रिप्लेसमेंट के तौर पर नहीं भेज रहे हैं। इसके बजाय, यह कदम अंदरूनी गड़बड़ी, राय में अंतर और विवादों के जाने-पहचाने चक्र को दिखाता है, जिसने लंबे समय से पाकिस्तान क्रिकेट को परेशान किया है।"

तिलक वर्मा के अर्धशतक से दक्षिण क्षेत्र दलीप ट्रॉफी के फाइनल में

 कप्तान तिलक वर्मा के नाबाद अर्धशतक से दक्षिण क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के चौथे और अंतिम दिन बुधवार को यहां उत्तर क्षेत्र पर सात विकेट की जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई।

उत्तर क्षेत्र के 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण क्षेत्र ने तिलक (नाबाद 51) और रविचंद्रन स्मरण (नाबाद 32) ने बीच चौथे विकेट के लिए 80 रन की अटूट साझेदारी से जीत हासिल की।

दक्षिण क्षेत्र ने दूसरे सत्र के आखिर में तीन विकेट पर 182 रन बनाकर जीत दर्ज की। अब छह सितंबर से चेन्नई में होने वाले खिताबी मुकाबले में उसका सामना पूर्व क्षेत्र से होगा।

टेस्ट क्रिकेट मेरे खून में रचा बसा है: भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा

त्येक युवा खिलाड़ी की तरह भारत की टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा का सपना भी टेस्ट क्रिकेट में खेलना है और उनका मानना है कि खेल का सबसे लंबा प्रारूप उनके खून में रचा बसा है।

तिलक ने दक्षिण क्षेत्र की तरफ से उत्तर क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में 116 और नाबाद 51 रन बनाकर लाल गेंद की क्रिकेट (लंबी अवधि का प्रारूप) में फिर से अपनी काबिलियत साबित की। उनके इस शानदार प्रदर्शन से दक्षिण क्षेत्र फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा।

तिलक ने अपनी टीम की जीत के बाद कहा, ‘‘मुझे शुरू से ही लाल गेंद से क्रिकेट खेलना पसंद रहा है। मैंने कभी भारत के लिए सीमित ओवरों की क्रिकेट खेलने का सपना नहीं देखा था, लेकिन ईश्वर की यही इच्छा थी। मैंने भारत के लिए टी20 और वनडे में पदार्पण किया है, लेकिन लाल गेंद की क्रिकेट मेरा मजबूत पक्ष रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कड़ी मेहनत की है। शायद जब मैं 10 साल का था तब से मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं और अब मैं 23 साल का हूं। मुझे आईपीएल की वजह से सफेद गेंद वाले प्रारूप में चुना गया। लेकिन उससे पहले मैंने लाल गेंद की क्रिकेट में काफी अनुभव हासिल कर लिया था।’’

तिलक ने कहा, ‘‘लंबी अवधि का प्रारूप मेरा मजबूत पक्ष रहा है और मुझे टेस्ट क्रिकेट खेलना बहुत पसंद है। यह कुछ ऐसा है जो हमेशा से मेरे खून में रहा है।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • जन्माष्टमी विशेष: देश के प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर, जिनके पीछे छिपी हैं पौराणिक और ऐतिहासिक कहानियां

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: कश्मीरी पंडितों को धमकी पर फारूक अब्दुल्ला का आरोप, 'यह स्टेटहुड न मिलने देने की बड़ी साजिश'

  • ,
  • राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ बने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, चढ़ावा चोरी विवाद के बीच संभालेंगे कमान

  • ,
  • सिनेजीवन: साधना की जयंती पर सायरा बानो ने साझा कीं यादगार तस्वीरें और चंकी पांडे ने सुनाया डेविड धवन का मजेदार किस्सा

  • ,
  • यादों में साधनाः माथे को छिपाने के लिए कटवाए थे बाल, बन गया स्टाइल, घर-घर में लड़कियां हो गईं 'साधना कट' की दिवानी