खेल

खेल: ICC ने इस क्रिकेटर पर लगाया 8 साल का बैन और माइक स्मिथ पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच बने

ट्रिब्यूनल की औपचारिक कार्रवाई के बाद, रेड्डी को एंटी-करप्शन कोड के तहत तीन मुख्य नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। पीसीबी के एक भरोसेमंद सूत्र ने कहा कि स्मिथ के साथ यह करार मौखिक रूप से किया गया था।

आईसीसी ने एशिया कप से मैच रैफरी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की पीसीबी की मांग खारिज की
आईसीसी ने एशिया कप से मैच रैफरी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की पीसीबी की मांग खारिज की फोटो: IANS

अमेरिकी क्रिकेटर अखिलेश रेड्डी पर लगा 8 साल का बैन

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (यूएसए) के क्रिकेटर बोडुगम अखिलेश रेड्डी पर सभी तरह के क्रिकेट से आठ साल का बैन लगा दिया गया है, जिन्हें एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने एंटी-करप्शन कोड के तीन नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है।

26 वर्षीय रेड्डी पर ये कार्रवाई संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाले अबू धाबी टी10 टूर्नामेंट के 2025 एडिशन से जुड़ी भ्रष्ट गतिविधियों के कारण की गई है। आईसीसी को एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने इस लीग के लिए 'डेजिग्नेटेड एंटी-करप्शन ऑफिशियल' (डीएसीओ) के तौर पर नियुक्त किया था।

आईसीसी के मुताबिक, रेड्डी का आठ साल का सस्पेंशन 21 नवंबर 2025 से लागू माना जाएगा, जब उन्हें पहली बार अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया था। ट्रिब्यूनल की औपचारिक कार्रवाई के बाद, रेड्डी को एंटी-करप्शन कोड के तहत तीन मुख्य नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है।

माइक स्मिथ पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच बने

बल्लेबाजों के लगातार खराब प्रदर्शन से परेशान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर माइक स्मिथ को राष्ट्रीय टीम का नया बल्लेबाजी कोच बनाया है। वह आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए टीम के साथ जुड़ेंगे।

लेवल चार के बल्लेबाजी कोच स्मिथ को टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट के साथ काफी अनुभव है, विशेषकर पाकिस्तान सुपर लीग की कई टीम के साथ काम करने का।

पीसीबी के एक भरोसेमंद सूत्र ने कहा कि स्मिथ के साथ यह करार मौखिक रूप से किया गया था। पीसीबी द्वारा विज्ञापन दिए जाने के बाद बल्लेबाजी कोच के पद के लिए आवेदन करने पर उन्हें दावेदारों की सूची से छांटा गया।

दलीप ट्रॉफी: जम्मू कश्मीर के वधावन को मिली उत्तर क्षेत्र की कमान, अर्शदीप भी टीम में

भारतीय टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को 23 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी के लिए जम्मू कश्मीर के विकेटकीपर कन्हैया वधावन की अगुवाई वाली उत्तर क्षेत्र की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।

सीमित ओवरों के विशेषज्ञ अर्शदीप को 2025 में इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली थी, लेकिन चोट और टीम संयोजन के कारण वह टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण नहीं कर सके थे।

हाल में भारतीय टेस्ट टीम से बाहर हुए हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को भी उत्तर क्षेत्र की टीम में शामिल किया गया है।

जम्मू कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत के बाद चयनकर्ताओं ने वहां के छह खिलाड़ियों को टीम में जगह देकर उनके प्रदर्शन को सम्मान दिया है। वधावन के अलावा सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल, हरफनमौला अब्दुल समद, बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक, तेज गेंदबाज सुनील कुमार और युधवीर सिंह को भी टीम में शामिल किया गया है।

दिल्ली के आयुष बदोनी को उपकप्तान बनाया गया है।

उत्तर क्षेत्र की टीम : कन्हैया वधावन(कप्तान), आयुष बदोनी (उपकप्तान), सनत सांगवान, कामरान इकबाल, यश ढुल, आयुष दोसेजा, अब्दुल समद, निशांत सिंधू, अर्जुन शर्मा, आबिद मुश्ताक, अर्शदीप सिंह, सुनील कुमार, अंशुल कंबोज, युधवीर सिंह और निखिल कश्यप।

ग्रीव्स और चेज़ ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट पर 239 रन पर पहुंचाया

जस्टिन ग्रीव्स के नाबाद अर्धशतक और रोस्टन चेज़ के साथ उनकी 66 रन की अटूट साझेदारी की मदद से वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन पांच विकेट पर 239 रन बनाए।

खराब रोशनी के कारण 74 ओवरों के बाद दिन का खेल समाप्त होने के समय ग्रीव्स 64 और चेज़ 36 रन पर खेल रहे थे। इससे पहले ग्रीव्स ने शाई होप (29) के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की थी।

पाकिस्तान ने पहले टेस्ट में आठ विकेट लेने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास को टीम से बाहर रखने का चौंकाने वाला फैसला किया।

वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग ने उसे आक्रामक शुरुआत देते हुए 50 गेंदों में 46 रन बनाए। बारिश के कारण सुबह के सत्र में केवल 9.5 ओवर ही फेंके जा सके, जिसमें किंग ने तेगनारायण चंद्रपॉल (15) के साथ पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की।

चेल्सी एफसी ने अर्जेंटीना के खिलाड़ी वैलेंटीन बारको को किया साइन, 2033 तक का हुआ करार

चेल्सी एफसी ने आरसी स्ट्रासबर्ग से अर्जेंटीना के इंटरनेशनल खिलाड़ी वैलेंटीन बारको को साइन करने की पुष्टि की है। मिडफील्डर ने 2033 तक के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है।

अर्जेंटीना के 22 वर्षीय खिलाड़ी प्री-सीजन के दौरान मैनेजर जाबी अलोंसो और अपनी नई टीम के साथियों के साथ जुड़ेंगे। 22 वर्षीय बारको ने अर्जेंटीना में बोका जूनियर्स के साथ अपना करियर शुरू किया था। अकादमी में आगे बढ़ने के बाद उन्होंने 16 साल की उम्र में अपना प्रोफेशनल डेब्यू किया और 2024 में ब्राइटन एंड होव एल्बियन में शामिल होने के लिए इंग्लैंड जाने से पहले कई खिताब जीते।

ससेक्स कोस्ट पर रहने के दौरान, वह कुछ समय के लिए सेविला और आरसी स्ट्रासबर्ग के लिए लोन पर खेले। 2024/25 सीजन में शानदार प्रदर्शन और स्ट्रासबर्ग को यूरोपियन फुटबॉल में जगह दिलाने में मदद करने के बाद, वे स्थायी रूप से स्ट्रासबर्ग से जुड़ गए। पिछले सीजन में सभी प्रतियोगिताओं में 43 मैचों में बारको ने 12 गोल में योगदान दिया। क्लब स्तर पर उनके शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए अर्जेंटीना की टीम में शामिल किया गया था। पिछले सीजन में, वे स्ट्रासबर्ग टीम का हिस्सा थे जो यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग के सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी को 6,016 मतों से हराया

  • ,
  • अभिजीत दीपके की पीएम मोदी को चुनौती, 'PM अपनी डिग्री सार्वजनिक करें, मैं अपने एजुकेशन लोन के दस्तावेज दिखा दूंगा'

  • ,
  • जन्मदिन विशेषः तीन दिन की शूटिंग के बाद कर दिया गया था रिप्लेस, वही सुनील ग्रोवर आज हैं कॉमेडी के सुपरस्टार

  • ,
  • सिनेजीवन: इम्तियाज अली ने 'बॉबी ब्यूटी पार्लर' को बताया दिल के करीब और सनी देओल बेटे के साथ पटना साहिब पहुंचे

  • ,
  • खड़गे का PM पर हमला, 'रात 12 बजे इंस्टाग्राम पर आ सकते हैं तो संसद में क्यों नहीं? पैलेट गन चलाने वाले माफी मांगें'