
बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन ने इतिहास रच दिया है। ईशान किशन बांग्लादेश के खिलाफ डबल सेंचुरी जड़ दिया है। इसके साथ ही ईशान दुनिया में सबसे कम उम्र में सबसे तेज डबल सेंचुरी बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ईशान किशन ने मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर सिंगल लेकर यह कीर्तिमान हासिल किया। ईशान ने दोहरा शतक बनाने के लिए 126 गेंदें लीं। इस दौरान उन्होंने 23 चौके और 9 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह दोहरा शतक जड़ने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले भारत के लिए रोहित शर्मा ने तीन, जबकि सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने एक-एक मौके पर दोहरा शतक बनाया था।
दोहरा शतक जड़ने के साथ ही ईशान किशन की यादगारी पारी का अंत हो गया। ईशान किशन का विकेट तस्कीन अहमद ने लिया। लिटन दास ने लॉन्ग-ऑफ पर ईशान का कैच लपका। ईशान किशन ने आउट होने से पहले 210 रनों की पारी खेली। उन्होंने 131 गेंदों की पारी में 24 चौके और 10 छक्के लगाए।
भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का यह आखिरी मुकाबला चटगांव में खेला जा रहा है। बांग्लादेशी टीम ने शुरुआती दो मुकाबलों में जीत दर्ज करके सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली थी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण है और वह जीत दर्ज करके क्लीन स्वीप होने से बचना चाहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 10 Dec 2022, 2:40 PM IST