खेल

खेल: इरफान पठान ने ईशान किशन की बल्लेबाजी को सराहा और मुकुल चौधरी ने IPL को लेकर कही बड़ी बात

भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने ईशान किशन की सराहना की है। मुकुल चौधरी ने जियोस्टार से कहा, "आईपीएल में मानसिक दबाव ज्यादा होता है।"

फोटो: ians
फोटो: ians 

इरफान पठान ने ईशान किशन की बल्लेबाजी को सराहा, बोले- एसआरएच के लिए निभा रहे अहम रोल

भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने ईशान किशन की सराहना की है। पठान का कहना है कि ईशान नंबर तीन की पोजीशन पर बेहद जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और इस सीजन में यह सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की सबसे बड़ी ताकत रही है।

 शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में ईशान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 79 रनों की दमदार पारी खेली, जिसके बूते एसआरएच स्कोरबोर्ड पर 4 विकेट गंवाकर 255 रन लगाने में सफल रही। इसके जवाब में आरसीबी 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी और 55 रनों से मैच हार गई।

इरफान पठान ने 'जियोहॉटस्टार' से बात करते हुए कहा, "पूरे सीजन में ईशान किशन ने जो सुधार दिखाया है और जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग पिचों और अलग-अलग मैच परिस्थितियों में जिम्मेदारी ली है, वह यकीनन शानदार है। नंबर 3 पर वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए बहुत जरूरी रोल निभा रहे हैं और कम्प्लीट बैटर लग रहे हैं।"

पठान ने माना कि स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ संघर्ष करने वाले ईशान किशन इस सीजन काफी बेहतर खेलते हुए दिखाई दिए हैं। उन्होंने कहा, "वह स्पिन के खिलाफ जबरदस्त रहे हैं, खासकर ऑफ-साइड पर, और जैसे ही आप इसमें ऑन-साइड में उनकी स्ट्रेंथ जोड़ते हैं, उन्हें रोकना बहुत मुश्किल हो जाता है। वह अपनी इस पारी में एक समय पर पूरी तरह से कंट्रोल में लग रहे थे।"

Published: undefined

मानसिक दबाव के बावजूद आईपीएल घरेलू क्रिकेट से आसान है: मुकुल चौधरी

आईपीएल 2026 में जिन युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है, उनमें एक नाम लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए खेल रहे मुकुल चौधरी का भी है। मध्यक्रम के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अपने छक्के लगाने की काबिलियत की बदौलत जमकर सुर्खियां बटोरी हैं। मुकुल ने आईपीएल के दबाव और टीम की उम्मीदों के हिसाब से खुद को ढालने के बारे में खुलकर बात की है।

मुकुल चौधरी ने जियोस्टार से कहा, "आईपीएल में मानसिक दबाव ज्यादा होता है। आपको ज्यादा लोग देख रहे होते हैं। हालांकि, कुछ मायनों में, यहां चीजें आसान होती हैं, क्योंकि आप विरोधी टीम के गेंदबाजों, उनकी ताकत और उनकी योजनाओं को जानते हैं। आपके पास तैयारी के लिए वीडियो एनालिसिस और डेटा होता है। घरेलू क्रिकेट में, आपके पास ये सब नहीं होता।"

चौधरी ने कहा, "आईपीएल के माहौल में तैयारी ज्यादा बारीकी से होती है। सुर्खियों में रहना और लोगों की उम्मीदें नए खिलाड़ियों के लिए एक बिल्कुल अलग तरह की चुनौती खड़ी कर देती हैं।"

उन्होंने कहा, "दबाव तब आता है, जब आपको एक बड़े मंच पर, इतने सारे दर्शकों के सामने प्रदर्शन करना होता है—खासकर तब, जब आप आईपीएल में नए होते हैं। थोड़ा-बहुत मानसिक दबाव तो होता ही है। लेकिन अगर आप शांत रहें और अपनी प्रक्रियाओं पर टिके रहें, तो यहां भी चीजें संभाली जा सकती हैं।"

Published: undefined

आरसीबी पर बड़ी जीत हासिल की, पर वे शीर्ष पर रहने के स्कोर तक पहुंचने में जुटे थे: कमिंस

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शुकवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में जीत के बावजूद शीर्ष दो में जगह नहीं बना पाने के बारे में कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) उस स्कोर तक पहुंचने की कोशिश में जुटी थी जिससे वह पहले स्थान पर रहे।

सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रन से जीत हासिल की लेकिन आरसीबी को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने से नहीं रोक सकी।

कमिंस ने कहा, ‘‘हमने जो स्कोर बनाया, वह काफी शानदार था। मुझे लगा कि लड़कों ने बहुत बढ़िया बल्लेबाजी की और अच्छा प्रदर्शन किया। हर कोई अपनी पूरी फॉर्म में है। ’’

शीर्ष दो में जगह नहीं बना पाने के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता था कि बहुत सी चीजें हमारे पक्ष में होनी चाहिए थीं। हम काफी करीब पहुंच गए थे। मुझे लगता है कि वे यह पक्का करने की कोशिश कर रहे थे कि वे उस स्कोर तक पहुंच जाएं जहां से वे शीर्ष पर रह सकें। इसलिए हमने उनके खिलाफ कुछ अलग-अलग रणनीतियां अपनाईं, लेकिन फिर भी यह एक बड़ी जीत है। ’’

Published: undefined

आईपीएल प्लेऑफ से पहले मध्यक्रम पर नजर रखेंगे: विटोरी

सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने इस सत्र में टीम के शानदार प्रदर्शन का श्रेय शीर्ष क्रम के विस्फोटक बल्लेबाजों और अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण को देते हुए कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ से पहले वह अपने मध्यक्रम पर नजर बनाए रखेंगे जिसको अभी तक खास परखा नहीं गया है।

सनराइजर्स ने शुक्रवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 55 रन से जीत दर्ज की लेकिन वह नेट रन रेट के कारण शीर्ष दो में जगह नहीं बना पाया और उसने अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया।

विटोरी ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। आपको सब कुछ हासिल नहीं हो सकता। यह शानदार मैच था और हमारे खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सत्र अभी खत्म नहीं हुआ है और हम तालिका में रन रेट के कारण थोड़ा पीछे रह गए, लेकिन नौ जीत दर्ज करना शानदार रहा।’’

सनराइजर्स अब एलिमिनेटर में बुधवार को खेलेगा।

विटोरी ने कहा, ‘‘हमारे मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने शायद पूरे सत्र में ज्यादा बल्लेबाजी नहीं की है, इसलिए इन बड़े मैचों की तैयारी के दौरान हम इस पर नजर रखेंगे। लेकिन टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है।’’

Published: undefined

कोहली को मैदान पर ऑस्ट्रेलिया जैसी आक्रामक शैली बनाए रखने में आनंद आता है: पठान

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के आईपीएल मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रैविस हेड के बीच मैदान पर हुई तीखी बहस को खास तवज्जो नहीं दी और कहा कि शीर्ष स्तर की क्रिकेट में कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए इस तरह के टकराव स्वाभाविक हैं।

कोहली और हेड के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई। कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज को लगातार इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में इस्तेमाल किए जाने का मजाक उड़ाते हुए इशारा किया कि उन्हें मैदान से बाहर रहने के बजाय कुछ गेंदें फेंकनी चाहिए।

कोहली जल्द ही 11 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके बाद हेड ने पलटवार करते हुए उन पर कटाक्ष किया। सनराइजर्स की 55 रन की जीत के बाद भी तनाव बना रहा। मैच के बाद हेड ने कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय स्टार बल्लेबाज उनकी ओर ध्यान दिए बिना ही आगे बढ़ गया।

पठान ने जिओ हॉटस्टार पर कहा, ‘‘विराट कोहली को हमेशा से ही मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की तरह आक्रामक शैली में खेलना, थोड़ी सी नोकझोंक, कड़ी प्रतिस्पर्धा तथा पूरे जोश और जज्बे के साथ खेलना पसंद है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोहली और हेड के बीच जो कुछ हुआ, ऐसा बेहद दबाव वाले मैचों में होना स्वाभाविक है। विशेष कर तब जबकि दोनों टीम अंक तालिका में महत्वपूर्ण स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हों। यह शीर्ष स्तर के क्रिकेट की प्रतिस्पर्धात्मक भावना का ही एक हिस्सा था।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined