खेल

खेल: अय्यर T20 रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ स्थान पर और गंभीर ने अगरकर को लेकर कही बड़ी बात

श्रेयस अय्यर बुधवार को खेल के सबसे छोटे प्रारूप की ताजा आईसीसी रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान पर पहुंच गए। भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को निवर्तमान मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की जमकर सराहना की।

श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर  फोटोः सोशल मीडिया

अय्यर टी20 रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान पर, गिल वनडे सूची में शीर्ष पर बरकरार

भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर बुधवार को खेल के सबसे छोटे प्रारूप की ताजा आईसीसी रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान पर पहुंच गए जबकि वनडे कप्तान शुभमन गिल ने 50 ओवर की बल्लेबाजी सूची में शीर्ष स्थान बरकरार रखा।

अय्यर की 43 गेंदों पर 10 चौकों और छह छक्कों से सजी नाबाद 102 रन की पारी ने टी20 विश्व चैंपियन को मंगलवार को लखनऊ में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में आठ विकेट की शानदार जीत दिलाई।

इस विस्फोटक पारी से अय्यर को 18 पायदान का फायदा हुआ जिससे वह इस प्रारूप में भारत के तीसरे सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग बल्लेबाज बन गए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की विज्ञप्ति के अनुसार ईशान किशन और अभिषेक शर्मा शीर्ष दो स्थानों पर बने हुए हैं जबकि तिलक वर्मा 10वें स्थान पर हैं जिससे भारत के चार बल्लेबाज शीर्ष 10 में शामिल हो गए हैं।

पंद्रह वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आठ स्थान के फायदे से 46वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

वहीं गिल ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे मैच में नाबाद 223 रन बनाने के बाद वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

गंभीर ने अगरकर की सराहना करते हुए कहा, इतिहास आपके योगदान को याद रखेगा

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को निवर्तमान मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की जमकर सराहना की और कहा कि ‘इतिहास आपके योगदान को याद रखेगा’।

गंभीर ने कहा कि टीम को व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखने की अगरकर की सोच ने भारत को उनके कार्यकाल में तीन आईसीसी ट्रॉफियां दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

अगरकर का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो गया था और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को मुख्य चयनकर्ता के पद को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए। इससे पहले कई हफ्तों तक इस बात को लेकर अटकलें लगती रही थीं कि अगरकर को कार्यकाल विस्तार दिया जाएगा या नहीं।

गंभीर ने पोस्ट किया, ‘‘प्रिय अजीत भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। तीन आईसीसी ट्रॉफियां आपके भरोसे की गवाही देती हैं जिसमें हमेशा टीम को सर्वोपरि रखा गया। मुझे कहना होगा कि इतिहास आपके योगदान को याद रखेगा। हर चीज के लिए धन्यवाद। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। ’’

बल्लेबाजी संघर्ष के बाद सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में वापसी का संकेत है अय्यर का शतक: गावस्कर

 महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का कहना है कि श्रेयस अय्यर का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक महत्वपूर्ण समय पर आया है और उनकी यह पारी इस बात का संकेत है कि बल्ले से खराब दौर से गुजरने के बाद भारतीय कप्तान अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट आए हैं।

जून में भारत के टी20 कप्तान की जिम्मेदारी संभालने के बाद से अय्यर केवल दो बार 50 रन का आंकड़ा पार कर पाए थे। हालांकि उन्होंने मंगलवार को यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरुआती मैच में नाबाद 102 रन बनाकर भारत को आठ विकेट से जीत दिलाई।

गावस्कर ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘यह श्रेयस अय्यर की शानदार पारी थी। वह रूकने का नाम नहीं ले रहे थे और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने चाहे जिस लाइन एवं लेंथ पर गेंदबाजी की, उनके पास हर चीज का जवाब था। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का कप्तान बनने के बाद से श्रेयस अय्यर का बल्ले से दौर थोड़ा खराब रहा है। हाल के समय में जीत तो मिली हैं, लेकिन बल्ले से उनकी अपनी फॉर्म चिंता का विषय बनी रही। ’’

गावस्कर ने कहा, ‘‘इसलिए, उनके लिए बड़ी पारी खेलना महत्वपूर्ण था और उन्होंने इस पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ऐसा कर दिखाया। अय्यर ने लक्ष्य हासिल करने पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया और मध्य ओवरों में तेजी जारी रखी। उन्होंने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर पूरी तरह गियर बदलते हुए सिर्फ 15 गेंदों में 50 से 102 तक पहुंच गए। ’’

पंत दिल्ली कैपिटल्स के मध्यक्रम में पूरी तरह से फिट होते हैं: गांगुली

दिल्ली कैपिटल्स के नवनियुक्त मुख्य कोच सौरव गांगुली को भरोसा है कि खराब दौर से जूझ रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम के मध्यक्रम में ‘बिल्कुल फिट’ बैठेंगे और अगले आईपीएल सत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे।

पंत ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 111 मैच खेले और 3,284 रन बनाने के अलावा टीम की कप्तानी भी की। इसके बाद वह 2025 में लखनऊ सुपर जाइंट्स से जुड़ गए थे। सुपर जाइंट्स के साथ उनका कार्यकाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने के बाद उन्हें कुलदीप यादव से अदला-बदली के जरिए उनकी पुरानी टीम में वापस लाया गया है।

गांगुली ने दिल्ली फ्रेंचाइजी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, ‘‘हमें मध्यक्रम के एक बल्लेबाज की जरूरत थी और पंत इसमें बिल्कुल फिट बैठते हैं। वह हमारे साथ थे और उन्होंने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। अगले साल जब वह फिर मैदान पर उतरेंगे तो मुझे लगता है कि वह समय, अवसर और मुकाबलों का इस्तेमाल बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए करेंगे।’’

'श्रेयस अय्यर पूरे फ्लो में थे, नमन धीर बहुत आगे जाएंगे': ईशान किशन

भारत ने मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में खेला गया पहला टी20 मैच 8 विकेट से जीता। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जहां 43 गेंदों पर 102 रन की नाबाद पारी खेली, वहीं अपना डेब्यू कर रहे नमन धीर ने 3 विकेट लिए। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अय्यर और धीर की तारीफ की है।  

ईशान किशन ने जियोस्टार पर कहा, "एक बल्लेबाज के तौर पर, जब मैं बहुत अच्छे टच में नहीं दिख रहा होता और दूसरी तरफ का बल्लेबाज शानदार फॉर्म में दिख रहा होता है और गेंद को अच्छी तरह से कनेक्ट कर रहा होता है, तो मुझे सहयोगी की भूमिका निभाने में कोई दिक्कत नहीं होती। अय्यर हमारी साझेदारी में ज्यादातर रन बना रहे थे। अगर वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं, तो मेरा काम है कि उन्हें विरोधी गेंदबाजों को सजा देने दूं।"

 किशन ने कहा, "अय्यर ने वह काम बहुत अच्छे से किया, और आखिर में, हमने रन चेज को सफलतापूर्वक पूरा किया। योजना आसान थी। हमारे मन में एक लक्ष्य था, और हमने उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांट दिया। जब भी गेंदबाज मेरे जोन में गेंदबाजी करता, मैं स्कोर करने की कोशिश करता। दूसरी तरफ, श्रेयस पूरे फ्लो में थे, इसलिए हमने बस स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया। कोई पैनिक नहीं था क्योंकि हम जानते थे कि एक अच्छा ओवर गेम बदल देगा। ऐसा ही हुआ, और हम जीत गए।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए