खेल

खेल: सूर्यवंशी को आंख दिखाना जैमीसन को पड़ा भारी और सिनर ने अपने करियर की 350वीं जीत दर्ज की

दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने के बाद आक्रामक जश्न मनाना महंगा पड़ा। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने करियर की 350वीं जीत हासिल की।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

सूर्यवंशी को आंख दिखाने पर जैमीसन को मिला एक डिमैरिट अंक

दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद उनके प्रति आक्रामक अंदाज अपनाने के लिए एक डिमैरिट अंक का दंड दिया गया है।

आईपीएल ने बयान में कहा, ‘‘काइल जैमीसन ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन किया जिसके लिए उन्हें एक डिमैरिट अंक दिया गया और उन्हें चेतावनी भी दी गई।’’

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो ‘‘ऐसी भाषा, कार्यों या इशारों का उपयोग करने से संबंधित है जो किसी अन्य खिलाड़ी का अपमान करते हैं या उससे आक्रामक प्रतिक्रिया को उकसा सकते हैं।’’

Published: undefined

अपनी टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभाकर अच्छा लगता है: आशुतोष शर्मा

दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने कहा कि वह मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में फिनिशर की भूमिका निभाने का आनंद ले रहे हैं और टीम की जीत में योगदान देकर उन्हें बहुत खुशी होती है।

दिल्ली कैपिटल्स ने यहां खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स पर सात विकेट से जीत हासिल की जिसमें आशुतोष ने 15 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाकर फिनिशर की भूमिका अच्छी तरह से निभाई। इस जीत से उनकी टीम ने लगातार तीन मैचों में हार का सिलसिला तोड़ा।

आशुतोष ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे अपनी टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभाकर अच्छा लगता है। टीम ने इन परिस्थितियों में मुझ पर भरोसा किया है और मुझे ऐसे मौकों पर खेलना पसंद है। मुझे हमेशा लगता है कि जब तक मैं क्रीज पर हूं, टीम को जीत दिला सकता हूं।’’

दिल्ली के सामने 226 रन का लक्ष्य था। केएल राहुल और पथुम निसांका ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़कर उसे अच्छी शुरुआत दिलाई।

आशुतोष ने कहा, ‘‘आजकल टी20 क्रिकेट में बहुत कुछ पहले विकेट की साझेदारी और पावरप्ले पर निर्भर करता है। हमारे सलामी बल्लेबाजों ने बहुत अच्छी शुरुआत दी। इसी वजह से हम पूरे मैच में बने रहे और आखिर में जीत हासिल कर सके।’’

Published: undefined

पथिराना को शामिल करने को लेकर साउथी ने कहा, परिस्थितियों को देखकर सर्वश्रेष्ठ टीम चुनेंगे

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के गेंदबाजी कोच टिम साउथी ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को अंतिम एकादश में शामिल करने को लेकर संशय बरकरार रखते हुए कहा कि टीम प्रबंधन परिस्थितियों को देखकर सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन करेगा।

पथिराना टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16 फरवरी को खेले गए मैच के दौरान चोटिल हो गए थे जिसके कारण वह आईपीएल की शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं थे लेकिन अब वह फिट हो गए हैं।

साउथी ने मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से कहा, ‘‘वह कुछ समय से टीम के साथ है। हम परिस्थितियों को देख कर अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन करेंगे। वह अभ्यास के दौरान अच्छी गेंदबाजी कर रहा है और उसका टीम के साथ होना अच्छा है।’’

यह दुविधा केकेआर की विजयी संयोजन में बदलाव करने की अनिच्छा के कारण हो सकती है, क्योंकि इस सत्र में सात मैचों तक जीत दर्ज करने के लिए संघर्ष करने के बाद आखिरकार उन्होंने लगातार दो जीत हासिल की हैं।

साउथी ने इस बात पर सहमति जताई कि टीम चयन में कई चीजों का ध्यान रखना होता है।

Published: undefined

कोहनी में सूजन के कारण थॉमस कप सेमीफाइनल में नहीं खेलेंगे लक्ष्य

भारत को फ्रांस के खिलाफ होने वाले थॉमस कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले करारा झटका लगा है क्योंकि उसके स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन दाहिनी कोहनी में सूजन के कारण इसमें नहीं खेल पाएंगे और उनकी अनुपस्थिति में विश्व के 30वें नंबर के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत कोर्ट पर उतरेंगे।

लक्ष्य ने क्वार्टर फाइनल में दो मैच प्वाइंट बचाकर विश्व के छठे नंबर के खिलाड़ी चोउ टिएन चेन पर एक घंटे 28 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में 18-21 22-20 21-17 से जीत दर्ज की, जिससे भारत ने चीनी ताइपे पर 3-0 से जीत हासिल की।

इस मैच के दौरान हालांकि लक्ष्य की कोहनी में चोट लग गई थी और वह अभी तक इससे पूरी तरह से नहीं उबर पाए हैं।

भारतीय बैडमिंटन संघ (बाइ) के सचिव संजय मिश्रा ने बयान में कहा, ‘‘क्वार्टरफाइनल के एक कड़े मुकाबले में कई बार डाइव लगाने के बाद लक्ष्य की कोहनी में चोट लग गई। टीम के चिकित्साकर्मियों ने गहन जांच के बाद एहतियाती तौर पर यह फैसला किया। ताकि लक्ष्य चोट से उबर सके और अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो वह फाइनल के लिए पूरी तरह से फिट हो सकें।’’

Published: undefined

सिनर ने अपने करियर की 350वीं जीत दर्ज की

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने करियर की 350वीं जीत हासिल की और पहली बार मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।

सिनर ने आर्थर फिल्स को 6-2, 6-4 से हराकर अपनी जीत का सिलसिला 22 मैच तक बढ़ा दिया।

सिनर लगातार पांचवें मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में दुनिया में तीसरे नंबर के खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज़्वेरेव का सामना करेंगे। जर्मन खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में बेल्जियम के एलेक्जेंडर ब्लॉकक्स को 6-2, 7-5 से हराया।

सिनर लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बनने की कोशिश करेंगे। उन्होंने इससे पहले पेरिस, इंडियन वेल्स, मियामी और मोंटे कार्लो में खिताब जीते थे।

सिनर 2000 के दशक में जन्में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने अपने करियर में 350 मैच जीते हैं।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined