खेल

खेल: डेब्यू मैच में केशरा नुवांथा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड और रोनाल्डो ने दिए संन्यास के संकेत

गॉल टेस्ट में श्रीलंका की ओर से इस मैच में डेब्यू कर रहे केशरा नुवांथा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा है कि सऊदी प्रो लीग का यह सत्र संभवतः उनके पेशेवर करियर का आखिरी सत्र होगा।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

केशरा नुवांथा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड, डेब्यू मैच में श्रीलंका की ओर से फेंका तीसरा सबसे महंगा स्पेल

गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहली पारी में भारत की पूरी टीम 462 रन बनाकर सिमटी। श्रीलंका की ओर से इस मैच में डेब्यू कर रहे केशरा नुवांथा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

नुवांथा ने टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत के खिलाफ कुल 39 ओवर का स्पेल डाला और इस दौरान उन्होंने 175 रन देकर 3 विकेट चटकाए। नुवांथा का यह स्पेल श्रीलंका की ओर से टेस्ट डेब्यू में फेंका गया तीसरा सबसे महंगा स्पेल है। श्रीलंका की तरफ से डेब्यू मैच में सबसे महंगा स्पेल डालने का अनचाहा रिकॉर्ड सूरज रणदीव के नाम दर्ज है, जिन्होंने भारत के खिलाफ ही साल 2010 में 222 रन देकर 2 विकेट निकाले थे। हालांकि, नुवांथा ने केएल राहुल, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा के रूप में तीन प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

टेस्ट की पहली पारी में प्रभात जयसूर्या श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 39 ओवर में 109 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, असिथा फर्नांडो ने 63 रन देकर 2 विकेट निकाले। देवदत्त पडिक्कल ने भारत की ओर से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 230 गेंदों में 167 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा। पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 162 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जबकि ऋषभ पंत के साथ मिलकर 71 रन जोड़े।

रूट को टेस्ट कप्तान बनाने का फैसला सही, मैं उनका पूरा समर्थन करूंगा : हैरी ब्रूक

बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकुलम के जाने के बाद इंग्लैंड एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। ऐसे में हैरी ब्रूक ने टेस्ट टीम के नए कप्तान के तौर पर जो रूट की वापसी का समर्थन किया है। इंग्लैंड 19 अगस्त से शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का सामना करने के लिए तैयार है और रूट फिर से कप्तानी संभालते नजर आएंगे।

स्टोक्स के संन्यास के समय टेस्ट में उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैरी ब्रूक ने रूट को फिर से कप्तान बनाने और वेलिंगटन में नाइट क्लब की घटना के कारण टेस्ट टीम की कप्तानी गंवाने की संभावना पर बात की। उन्होंने 'बीबीसी स्पोर्ट' से कहा, "सच कहूं तो मुझे नहीं पता। मैं इसे उस नजरिए से नहीं देखता। रूट को कप्तान बनाने का फैसला सही है। मैं यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि वह क्या कर सकते हैं। वह निश्चित रूप से इस काम को संभालने के लिए सही व्यक्ति हैं। मैं उनके साथ काम करने के लिए बहुत उत्सुक हूं।"

ब्रूक इंग्लिश टीम के व्हाइट-बॉल कप्तान हैं और 8 सितंबर, 2022 को टेस्ट डेब्यू करने के बाद से उन्होंने इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के दौरों पर उनका शानदार प्रदर्शन रहा, जहां टेस्ट में उनका औसत क्रमशः 84.10 और 75.44 रहा। हालांकि, अक्टूबर 2025 में नाइट क्लब में एक बाउंसर के साथ हुई हाथापाई के कारण उन्हें मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा, "यह एक मुश्किल दौर था, खासकर जब मैं घर पर था और मीडिया का सामना करने की तैयारी कर रहा था।"

डब्ल्यूसीएल में खेलेंगे डेविड वार्नर, डिविलियर्स, युवराज और ब्रावो

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर, युवराज सिंह, ड्वेन ब्रावो और एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गज खिलाड़ी तीन अक्टूबर से शुरू होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) के तीसरे सत्र में खेलेंगे।

यह टूर्नामेंट तीन से 18 अक्टूबर तक खेला जाएगा, हालांकि अभी तक आयोजन स्थल की घोषणा नहीं की गई है।

डब्ल्यूसीएल के पहले सत्र में इंडियन चैंपियन ने पाकिस्तान चैंपियन को हराया था। दूसरे सत्र में साउथ अफ्रीका चैंपियन ने पाकिस्तान चैंपियन को हराकर खिताब जीता था।

आयोजकों ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘डब्ल्यूसीएल के तीसरे सत्र में कुछ बड़े खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। इन खिलाड़ियों में युवराज सिंह, एबी डिविलियर्स, ड्वेन ब्रावो, शाहिद अफरीदी, मोईन अली, डेविड वार्नर और महमदुल्लाह रियाद भी शामिल हैं।’’

रोनाल्डो ने कहा, ‘यह संभवत: मेरे फुटबॉल करियर का अंतिम साल है’

दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा है कि सऊदी प्रो लीग का यह सत्र संभवतः उनके पेशेवर करियर का आखिरी सत्र होगा।

इस 41 वर्षीय खिलाड़ी का सऊदी अरब के क्लब अल नासर के साथ अनुबंध अगले साल जून में समाप्त हो रहा है और उन्होंने वोग पत्रिका को बताया है कि एक और अनुबंध की संभावना नहीं है। रोनाल्डो ने कहा, ‘‘शायद यह फुटबॉल में मेरा आखिरी साल है। मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।’’

अपने करियर में अब तक 976 गोल करने वाले रोनाल्डो ने इसी महीने की शुरुआत में अपनी लंबे समय की साथी जॉर्जीना रोड्रिगेज से शादी की। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अपने भविष्य की पूरी योजना बना ली है। मेरे पास खुद को व्यस्त रखने के लिए इतनी सारी चीजें हैं कि सिर्फ एक चीज बताना मुश्किल है। फुटबॉल छोड़ने से बड़ा खालीपन आ सकता है, इसलिए आपको उसकी भरपाई एक तरीके से नहीं बल्कि कई तरीकों से करनी होगी।’’

स्वियातेक का शानदार प्रदर्शन जारी, सबालेंका भी जीती

पिछले सप्ताह टोरंटो में खिताब जीतने वाली इगा स्वियातेक ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में कोलंबियाई खिलाड़ी एमिलियाना अरंगो को 6-3, 6-0 से हराया।

यह स्वियातेक की लगातार सातवीं जीत थी। उन्होंने पिछले साल सिनसिनाटी में खिताब जीता था। एरिना सबालेंका ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी तालिया गिब्सन को 6-2, 7-6 (2) से हराया। सबालेंका का 2022 से सिनसिनाटी में रिकॉर्ड 15-3 हो गया है।

टोरंटो में फाइनल में स्वियातेक से हारने वाली एलेना रायबाकिना ने अमेरिकी खिलाड़ी टेलर टाउनसेंड को 6-3, 6-4 से हराया।

पुरुष वर्ग में टेलर फ्रिट्ज ने अपने हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी एलेक्स मिशेलसेन को 6-3, 6-4 से जबकि विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी फेलिक्स ऑगर-एलियासिमे ने स्टेफानोस सिटसिपास को सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हराया।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए