खेल

खेल: KKR के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर लगा जुर्माना और लैंगर ने सुपर ओवर में पूरन को भेजने के फैसले का बचाव किया

रघुवंशी को रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ खेले गए आईपीएल मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने दोषी पाया गया। पूरन इस सत्र में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं और उनका उच्चतम स्कोर 22 रन रहा है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर ‘ऑब्स्ट्रक्शन ऑफ द फील्ड’ (क्षेत्ररक्षण में बाधा पहुंचाना) दिए जाने के बाद गुस्सा दिखाने के कारण उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया है।

रघुवंशी को रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ खेले गए आईपीएल मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने दोषी पाया गया। उन्होंने केकेआर की पारी के पांचवें ओवर में घटी घटना के बाद पवेलियन लौटते समय गुस्से में सीमा रेखा पर अपने बल्ला मारा था और डग आउट में अपना हेलमेट फेंका था। केकेआर ने सुपर ओवर में यह मैच जीता था।

आईपीएल में बयान में कहा, ‘‘केकेआर के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल मैच के दौरान खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन का दोषी पाया गया है और उन पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘इसके अलावा उनके खाते में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया है।’’

Published: undefined

लैंगर ने सुपर ओवर में पूरन को भेजने के फैसले का बचाव किया

 लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने आईपीएल मैच के सुपर ओवर में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के स्टार स्पिनर सुनील नारायण का सामना करने के लिए निकोलस पूरन को भेजने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि टीम प्रबंधन ने खराब फॉर्म में होने के बावजूद वेस्टइंडीज के इस विस्फोटक बल्लेबाज को सबसे अच्छा विकल्प माना।

पूरन इस सत्र में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं और उनका उच्चतम स्कोर 22 रन रहा है। वह सुपर ओवर में नारायण की पहली गेंद पर आउट हो गए। एलएसजी ने सुपर ओवर में केवल एक रन बनाया। केकेआर ने केवल एक गेंद पर जीत हासिल कर ली।

लैंगर से जब मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस संबंध में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘अच्छा सवाल है। हमें पता था कि सुनील नारायण गेंदबाजी करेंगे और अगर आप निकी (निकोलस पूरन) का रिकॉर्ड देखें, तो वह सुनील नारायण को क्रिकेट जगत में किसी भी अन्य बल्लेबाज की तुलना में अधिक बेहतर समझते हैं। इसलिए हमें लगा कि वही सबसे अच्छा विकल्प हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि उन्होंने अभी तक अपनी फॉर्म हासिल नहीं की है और निकी खुद भी यह बात मानेंगे, लेकिन हमने सोचा था कि अगर कोई सुपर ओवर में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है, तो वह निकी पूरन ही हैं। आप अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों पर ही भरोसा करते हैं। अगर आप सभी आंकड़ों को देखें तो नारायण को निकी से बेहतर कोई नहीं खेलता। दुर्भाग्य से इस बार ऐसा नहीं हो पाया।’’

Published: undefined

सिंधू ने बीडब्ल्यूएफ परिषद के सदस्य के रूप में काम शुरू किया

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की परिषद के सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल शुरू कर दिया है और उन्होंने दुनिया भर के खिलाड़ियों के मसलों को उठाने का वादा किया।

बैडमिंटन की सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक सिंधू ने दिसंबर में बीडब्ल्यूएफ खिलाड़ी आयोग की अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद बीडब्ल्यूएफ परिषद में पूर्ण मतदान का अधिकार हासिल कर लिया है।

सिंधू आधिकारिक तौर पर 2025 के आखिर में परिषद में शामिल हुई थी। उन्होंने 25 अप्रैल को यहां वार्षिक आम बैठक में पहली बार हिस्सा लिया और इस तरह से उनके कार्यकाल की शुरुआत हुई।

सिंधू ने इस अवसर पर कहा, ‘‘विश्व बैडमिंटन महासंघ के यह जिम्मेदारी निभाना और दुनिया भर के खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए वास्तव में सम्मान और सौभाग्य की बात है।’’

उन्होंने एक विज्ञप्ति में कहा, "बैडमिंटन ने मुझे बहुत कुछ दिया है और मुझे खुशी है कि मुझे इस क्षमता से भी खेल की सेवा करने का मौका मिल रहा है।’’

Published: undefined

इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई-सीरीज खेलेगी पाकिस्तानी टीम

पाकिस्तान इस साल इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ अपने घर पर वनडे फॉर्मेट की ट्राई सीरीज खेलेगा। यह सीरीज वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी में बेहद अहम होगी, जिसमें प्रत्येक टीम की भिड़ंत 1-1 बार दूसरी टीम से होगी। शीर्ष-2 टीमें फाइनल खेलेंगी।

 आईसीसी इवेंट्स में पाकिस्तानी टीम के नतीजे अच्छे नहीं रहे थे, जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पास नेशनल टीम के लिए कई योजनाएं हैं। साल 2011 में मोहाली में भारत से हारने के बाद से पाकिस्तान वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाया है। वर्ल्ड कप 2015 में पाकिस्तानी टीम क्वार्टरफाइनल से बाहर हो गई थी। इसके बाद अगले दो वर्ल्ड कप (2019 और 2023) में टीम को पहले ही राउंड से बाहर होना पड़ा था।

 रिपोर्ट में कहा गया है, "पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पास वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी के लिए बड़ी योजनाएं हैं, जिसके तहत इस साल अक्टूबर-नवंबर में इंग्लैंड और श्रीलंका के साथ एक ट्राई-सीरीज खेली जाएगी। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने इस ट्राई-सीरीज के लिए सहमति दे दी है, और अगले कुछ दिनों में इसकी तारीखें तय कर ली जाएंगी। श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान के दौरे पर होगा, इसलिए वनडे ट्राई-सीरीज टेस्ट मुकाबलों के बाद खेली जाएगी।"

Published: undefined

थॉमस और उबर कप 2026: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से हराकर बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह

पूर्व चैंपियन भारत ने सोमवार को यहां थॉमस और उबर कप 2026 के पुरुषों के ग्रुप ए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।

 भारत ने इस मुकाबले के लिए अपनी टीम में सिर्फ एक बदलाव किया। कनाडा के खिलाफ खेलने उतरी टीम में से किदांबी श्रीकांत की जगह पर एचएस प्रणय को मैच खेलने का मौका मिला। भारतीय टीम की शुरुआत शानादर रही। लक्ष्य सेन ने पहले मैच में बेहतरीन खेल दिखाते हुए एप्रैम स्टीफन सैम को 21-14, 21-16 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद एशियन चैंपियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट आयुष शेट्टी भी शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने सिर्फ 26 मिनट में श्रेय ढांड को 21-8, 21-6 से हराकर स्कोर 2-0 कर दिया।

पूर्व एशियन चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मुकाबले में भी जारी रखा।सात्विकसाईराज और चिराग की जोड़ी ने रिज्की हिदायत और जैक यू को 21-14, 21-16 से हराकर भारत को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी। प्रणय ने भी जीत की इस लय को बरकरार रखा और ऋषि होंडा बूपथी को एकतरफा मुकाबले में 21-11, 21-17 से हराकर भारत की बढ़त को 4-0 कर दिया। इसके बाद अंतिम मैच में हरिहरन अम्साकारुनन और एमआर अर्जुन की मेन्स डबल्स जोड़ी ने भी बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने अंदिका रामादियांस्याह और सैम को 21-12, 21-10 से हराकर भारत को 5-0 से जीत दिलाई।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined