खेल

खेल: एशियन गेम्स में लक्ष्मण होंगे पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच और IPL में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे धोनी

बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच होंगे। सीएसके के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलना चाहते हैं।

एशियन गेम्स में लक्ष्मण होंगे पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच
एशियन गेम्स में लक्ष्मण होंगे पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच फोटो: IANS

आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलेंगे धोनी

पूर्व भारतीय कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं खेलना चाहते हैं, जिससे 2027 में होने वाले टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी को लेकर बनी अनिश्चितता में एक और नया मोड़ आ गया है। सीएसके के पूर्व बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने यह खुलासा किया।

यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज इम्पैक्ट प्लेयर नियम से अपना कार्यभार कम करके आईपीएल में अपना करियर आगे बढ़ा सकते थे लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि अगर वह खेलना जारी रखते हैं तो वह पूर्णकालिक विकेटकीपर बने रहना चाहते हैं।

बद्रीनाथ का मानना ​​है कि 45 वर्षीय धोनी के लिए उनके करियर के इस चरण में इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका उपयुक्त हो सकती है, क्योंकि उनकी बढ़ती उम्र को देखते हुए 20 ओवर तक विकेटकीपिंग करना आसान नहीं होगा।

एशियन गेम्स 2026: वीवीएस लक्ष्मण होंगे भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच, खेल मंत्रालय ने पुष्टि की

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण आगामी आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच की भूमिका निभाएंगे। इसकी पुष्टि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने भारतीय दल की घोषणा के साथ की। मंत्रालय की तरफ से घोषित 768 सदस्यीय भारतीय दल में 503 एथलीट, 246 टीम अधिकारी और सहयोगी स्टाफ तथा 19 स्टाफ दल के सदस्य शामिल हैं।

नियमित हेड कोच गौतम गंभीर को वेस्टइंडीज के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले आराम दिया गया है। ऐसे में वीवीएस लक्ष्मण एशियन गेम्स में पुरुष टीम की देखरेख करेंगे। मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, सुनील जोशी, ऋषिकेश कानितकर और सुभादीप घोष लक्ष्मण के साथ जुड़ेंगे, जबकि अमोल मजूमदार एशियन गेम्स में महिला टीम की कमान संभालेंगे।

 लक्ष्मण ने हाल ही में जुलाई में जिम्बाब्वे के विरुद्ध टी20 सीरीज के दौरान भारतीय टीम की देखरेख की थी। ऐसा तब हुआ था जब इंग्लैंड के विरुद्ध व्हाइट-बॉल सीरीज के बाद गंभीर को आराम दिया गया था।

 भारतीय पुरुष और महिला टीमें एशियन गेम्स में मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेंगी, क्योंकि उन्होंने 2022 हांग्जो खेलों में खिताब जीता था। ऋतुराज गायकवाड़ ने एशियन गेम्स में मुख्य रूप से दूसरी पंक्ति की भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाया था, जबकि हरमनप्रीत कौर ने महिला प्रतियोगिता में 'विमन इन ब्लू' को गोल्ड मेडल दिलाया था।

'लोग क्यों नहीं समझते हैं कि यह सिर्फ एक मैच है', भारत-पाकिस्तान की राइवलरी पर बोले वसीम अकरम

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने क्रिकेट फैंस से कहा है कि भारत और पाकिस्तान के मुकाबलों को सिर्फ एक खेल की तरह देखें। उन्होंने कहा कि लोगों को इस राइवलरी में पुरानी बातें, राजनीतिक मुद्दे या अधिक भावनाएं नहीं जोड़नी चाहिए।

अकरम का मानना है कि भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा रोमांचक होते हैं, लेकिन खिलाड़ियों और फैंस को इसे खेल की भावना के साथ देखना चाहिए। उन्होंने भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान के साथ अपने लंबे रिश्ते पर भी बात की। अकरम ने कहा कि दोनों के बीच कई वर्षों से अच्छा संबंध रहा है और वे एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर इरफान की कुछ बातों या गतिविधियों से वह हमेशा सहमत नहीं रहे। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि अलग-अलग राय होना सामान्य बात है और इससे आपसी सम्मान कम नहीं होता।

 अकरम ने '1 मिनट' पॉडकास्ट पर बात करते हुए दोनों पड़ोसी देशों के बीच होने वाले मैचों को लेकर लोगों में बहुत ज्यादा उत्साह और जुनून पर बात की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट मैच के नतीजे को समर्थकों के बीच लंबे समय तक दुश्मनी की वजह नहीं बनना चाहिए। लोगों के पास बहुत समय है। वे क्यों नहीं समझते? यह बस एक खेल है। आखिरकार, यह सिर्फ एक मैच है। किसी को जीतना है, किसी को हारना है। फिर अगले मैच की ओर बढ़ना है। मगर नहीं, जो बहुत पहले हुआ था, वह अभी भी लोगों के मन में है। बदला लेने जैसी बातें 1970 के दशक की हैं। यह वही पुरानी कहावत है कि 'खाली दिमाग शैतान का घर होता है'।"

पाकिस्तान टीम की आलोचना करने वाले वे लोग हैं जिन्होंने जीवन में कभी कुछ हासिल नहीं किया: नकवी

पाकिस्तान की इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में करारी हार के बाद हो रही आलोचना से नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा कि टीम को उन लोगों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है जिन्होंने ‘अपनी जिंदगी में कभी कुछ हासिल नहीं किया’।

लंदन में मीडिया से बात करते हुए नकवी ने अन्य कई टीम का भी उदाहरण दिया जिन्हें कमजोर मानी जाने वाली टीम से हार मिली। उन्होंने हाल में भारत की आयरलैंड के हाथों टी20 मैच में हार का भी जिक्र किया और कहा कि कुछ मुकाबलों में मिली हार से किसी टीम की पूरी स्थिति या क्षमता का आकलन नहीं किया जा सकता।

नकवी और पीसीबी को उस समय आलोचनाओं का सामना करना पड़ा जब उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर गई टीम में सात खिलाड़ियों को बदलने का फैसला किया और उनकी जगह ज्यादातर युवा खिलाड़ियों को शामिल किया। पाकिस्तान तीन मैच की सीरीज में 0-2 से पीछे चल रहा है।

हर तरफ से हो रही आलोचना से नाराज पाकिस्तान के गृह मंत्री नकवी ने कहा कि यह कहना गलत है कि इस समय पाकिस्तान क्रिकेट अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप वनडे में पहले आठवें स्थान पर थे जिस पर अब पांचवें स्थान पर आ गए हैं। आपने छह वनडे सीरीज खेली हैं जिनमें से चार में जीत हासिल की है, लेकिन फिर भी कहा जा रहा है कि हमारा क्रिकेट खत्म हो गया है? ’’

दीपक हुड्डा 5 साल बाद बड़ौद की घरेलू टीम में वापसी करेंगे

बैटिंग ऑलराउंडर दीपक हुड्डा मौजूदा घरेलू सीजन में अपने घरेलू राज्य बड़ौदा के लिए फिर से खेलने को तैयार हैं। वह 5 साल बाद इस टीम में वापसी कर रहे हैं। 

 दीपक हुड्डा कप्तान क्रुणाल पांड्या के साथ झगड़े के बाद राजस्थान की टीम में चले गए थे। उन्हें बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने अनुशासनहीनता के कारण निलंबित कर दिया था। उन्होंने 2021 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के पहले मैच से ठीक पहले टीम होटल और 'बायो-बबल' छोड़ दिया था। इसके साथ ही दीपक ने आरोप लगाया था कि प्रैक्टिस सेशन के दौरान पांड्या ने उनके साथ बदसलूकी की।

 बीसीए के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर स्नेहल पारिख ने गुरुवार को बताया कि हुड्डा, पांड्या और एसोसिएशन के बीच पुरानी सभी शिकायतें सुलझा ली गई हैं। उन्होंने 'आईएएनएस' से ​​कहा, "हां, दीपक घरेलू क्रिकेट में फिर से बड़ौदा के लिए खेलने जा रहे हैं। उन्हें बड़ौदा से सब कुछ मिला और अब वे हमारे लिए फिर से खेलने आए हैं। मैं कहूंगा कि कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अगर कोई समस्या थी, तो मुझे लगता है कि अब वे सुलझा ली गई हैं।"

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए