
भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को पहले टेस्ट में 165 रनों से हराया। भारत से मिले 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका की पूरी टीम दूसरी पारी में 206 रन बनाकर ऑलआउट हुई। मानव सुथार की घूमती गेंदों का जादू खूब चला और उन्होंने मुकाबले में कुल 10 विकेट चटकाए।
मानव सुथार ने पहली पारी में 4 विकेट चटकाए, जबकि दूसरी इनिंग में श्रीलंका के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मानव ने सिर्फ अपने टेस्ट करियर के दूसरे ही मैच में 10 विकेट लेकर अपना नाम खास लिस्ट में दर्ज करा लिया है। वह भारत की ओर से सबसे कम टेस्ट मैच खेलकर एक ही मुकाबले में 10 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे पहले अक्षर पटेल और लक्ष्मण शिवरामकृष्णन करियर के दूसरे ही टेस्ट में 10 विकेट निकाल चुके हैं। वहीं, नरेंद्र हिरवानी ने अपने टेस्ट डेब्यू मुकाबले में ही 16 विकेट चटकाए थे।
मानव श्रीलंका के खिलाफ भारत की ओर से एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यह खास उपलब्धि सिर्फ अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, मनिंदर सिंह, वेंकटपति राजू और रविचंद्रन अश्विन की हासिल कर सके हैं। कुंबले-हरभजन ने 2 बार श्रीलंका के खिलाफ एक टेस्ट में 10 विकेट निकाले हैं।
मानव सुथार भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में विदेशी सरजमीं पर 10 विकेट चटकाने वाले सातवें स्पिन गेंदबाज बने हैं। हालांकि, वह 28 साल से कम उम्र में यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 24 साल 16 दिन की उम्र में एक टेस्ट में 10 विकेट चटकाए हैं।
श्रीलंका को भारत के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 165 रन से हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंकाई टीम के कप्तान धनंजय डी सिल्वा का मानना है कि केएल राहुल और देवदत्त पड्डिकल ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में मदद की।
मुकाबला गंवाने के बाद धनंजय डी सिल्वा ने कहा, "मुझे लगा कि दूसरे दिन से ही हम ज्यादातर समय गेम में बने हुए थे, और लड़कों ने यहां चौथी पारी में भी जबरदस्त संघर्ष किया। यह आसान नहीं था, लेकिन हां, मुझे लगा कि यह एक अच्छा मैच था।"
गाले की पिच को लेकर श्रीलंकाई कप्तान ने कहा, "शुरुआती तीन दिनों में बैटिंग करना अच्छा था। जाहिर है, गाले में चौथी पारी आसान नहीं होती, यह सब जानते हैं, लेकिन मुझे लगा कि (केएल) राहुल और (देवदत्त) पडिक्कल को जो शुरुआत मिली, उन्होंने उसे बड़ी पारियों में बदला और वहां से हम पर दबाव बनाया।"
भारतीय उप-कप्तान केएल राहुल ने कहा कि बाएं हाथ के युवा स्पिनर मानव सुथार की एक्शन में कोई खास बदलाव किए बिना गेंद की गति में विविधता लाने की शानदार क्षमता और सटीकता उन्हें हर तरह की परिस्थितियों में बेहद खतरनाक गेंदबाज बनाती है।
सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 10 विकेट चटकाए और भारत को 165 रन से बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
राहुल ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘एक ही एक्शन और एक ही कोण से गेंदबाजी करते हुए मामूली बदलाव करना, बिना गति बदले गेंद को धीमा और तेज करना उनकी खासियत है। वह कोण में भी बहुत मामूली बदलाव करते हैं। ’’
उन्होंने कहा कि सुथार ने गॉल में हवा का भी बेहतरीन इस्तेमाल किया। राहुल ने कहा, ‘‘गॉल में जब हवा एक तरफ से चल रही थी तो उन्होंने ‘ड्रिफ्ट’ का बहुत अच्छी तरह इस्तेमाल किया। इसके बाद गेंद सीधी हुई या अंदर आई। यह ऐसी चीज है जो वह भारत में भी हमेशा से करते आए हैं। ’’
उन्होंने कहा कि सुथार की लगातार सही जगह गेंद डालने की क्षमता बल्लेबाजों के लिए परेशानी पैदा करती है।
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट मैच लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज अजान अवैस मैच की पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे।
ओली रोबिन्सन की अंदर आती हुई गेंद को अजान समझने में पूरी तरह से नाकाम रहे और गेंद सीधा उनके पैड पर आकर लगी, जिसके बाद अंपायर ने तुरंत अपनी उंगली खड़ी कर दी। पाकिस्तान के बल्लेबाज ने डीआरएस का भी इस्तेमाल किया, लेकिन वह विकेटों के ठीक सामने पाए गए। अजान अवैस टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पाकिस्तान की ओर से मैच की पहली ही गेंद पर आउट होने वाले महज दूसरे सलामी बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड मोहसिन खान के नाम दर्ज है, जो 1983 में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली ही बॉल पर अपना विकेट गंवा बैठे थे।
वहीं, ओली रोबिन्सन इंग्लैंड की तरफ से टेस्ट मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले महज चौथे गेंदबाज बने हैं। रोबिन्सन से पहले यह कारनामा मॉरिस टेट, जॉफ्री ग्राहम अर्नोल्ड और रयान साइडबॉटम कर चुके हैं। बारिश के चलते खेल रोके जाने तक पाकिस्तान ने पहली पारी में अपने 2 विकेट सिर्फ 23 रनों के स्कोर पर गंवा दिए हैं। अजान अवैस बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि इंजरी के बाद टीम में वापसी करने वाले शान मसूद सिर्फ 5 रन बनाकर ओली रोबिन्सन का दूसरा शिकार बने।
इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक एक बार फिर आईसीसी मेंस टेस्ट प्लेयर रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। ब्रूक ने ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रेविस हेड को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया है। ब्रूक ने चौथी बार यह शीर्ष स्थान अपने नाम किया है। वह पहली बार दिसंबर 2024 में बतौर बल्लेबाज टेस्ट के बादशाह बने थे।
ट्रेविस हेड तीन स्थान नीचे फिसलकर चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनकी रैंकिंग में गिरावट बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में सिर्फ 22 और 17 रन की पारियां खेलने के बाद आई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस मुकाबले में उलटफेर का शिकार होकर 9 विकेट से मैच गंवाना पड़ा था। जो रूट (दूसरे) और स्टीव स्मिथ (तीसरे) भी हेड से आगे निकल गए हैं। स्मिथ ने 71 और 44 रन बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं, बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 9 स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ 20वीं रैंकिंग पर पहुंच गए। शांतो ने पहली पारी में 84 रन बनाकर जीत की नींव रखी थी। शांतो भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और अपने ही देश के लिटन दास जैसे खिलाड़ियों से आगे निकल गए।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए