खेल

खेल: एमबाप्पे और मेस्सी ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में सबसे आगे और मिस्र की फुटबॉल टीम का स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत

काइलियन एमबाप्पे फ्रांस ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी की बराबरी पर पहुंच गए हैं। मिस्र की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का शुक्रवार को स्वदेश लौटने पर हजारों प्रशंसकों ने जोरदार स्वागत किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

विश्व कप में हार के बावजूद मिस्र की फुटबॉल टीम का स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत

फीफा विश्व कप के नॉकआउट चरण में अर्जेंटीना से 2-3 की रोमांचक हार के साथ अभियान समाप्त होने के बावजूद मिस्र की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का शुक्रवार को स्वदेश लौटने पर हजारों प्रशंसकों ने जोरदार स्वागत किया।

अल-अलामीन हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में जुटे प्रशंसकों ने स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह की तस्वीरें लहराईं और टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मिस्र ने इससे पहले विश्व कप में पहली बार अंतिम-16 में जगह बनाई थी। टीम ने अंतिम-32 मैच में ऑस्ट्रेलिया को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया था।

टीम शनिवार को मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात करेगी। राष्ट्रपति ने मंगलवार को फेसबुक पर जारी संदेश में खिलाड़ियों के ‘सम्मानजनक प्रदर्शन और मिस्र के फुटबॉल इतिहास में अभूतपूर्व उपलब्धि’ के लिए उन्हें बधाई दी थी।

एमबाप्पे ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में मेस्सी के साथ बराबरी पर

काइलियन एमबाप्पे फ्रांस की विश्व कप क्वार्टर फाइनल में मोरक्को पर 2-0 की जीत से ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी की बराबरी पर पहुंच गए हैं।

इन दोनों खिलाड़ियों ने मौजूदा टूर्नामेंट में अभी तक आठ आठ गोल किए हैं। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को मिलने वाले ‘गोल्डन बूट’ की दौड़ में सबसे आगे हैं।

एमबाप्पे ने हालांकि तीन गोल करने में मदद की है, जबकि मेस्सी ने एक बार ही ऐसा किया है। एमबाप्पे विश्व कप के अपने करियर में अब तक 20 गोल कर चुके हैं और वह मेस्सी के रिकॉर्ड 21 गोल से केवल एक गोल पीछे हैं।

‘गोल्डन बूट’ हासिल करने की दौड़ में इन दोनों को नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड (सात गोल), इंग्लैंड के हेरी केन (छह) और फ्रांस के ओस्मान डेम्बले (पांच) से कड़ी चुनौती मिल रही है।

फीफा वर्ल्ड कप: इंग्लैंड की बढ़ी मुश्किलें, क्वार्टर फाइनल में मार्क गुएही के खेलने पर संशय बरकरार

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले इंग्लैंड की टेंशन बढ़ गई है। नॉर्वे के खिलाफ होने वाले अहम मैच में टीम के डिफेंडर मार्क गुएही का खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। वहीं, मिडफील्डर डेक्लान राइस भी बीमारी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।

इंग्लैंड और नॉर्वे के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला रविवार को मियामी स्टेडियम में खेला जाना है। इससे पहले, टीम ने राउंड ऑफ 16 में मेक्सिको को 3-2 से हराकर अंतिम आठ का टिकट हासिल किया था। इसी मुकाबले के बाद गुएही को हल्की हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। शुक्रवार को गुएही फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे, जिसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि वह नॉर्वे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे या नहीं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, गुएही और डेक्लान राइस बुधवार को टीम के साथ ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए। दोनों खिलाड़ियों ने मैदान से अलग अपना रिकवरी और फिटनेस प्रोग्राम पूरा किया। अगर गुएही शुक्रवार को टीम के साथ अभ्यास नहीं कर पाते हैं, तो नॉर्वे के खिलाफ उनके खेलने की संभावना काफी कम हो सकती है।

दूसरी ओर, डेक्लान राइस भी बीमारी के कारण लगातार दूसरे दिन ट्रेनिंग से दूर रहे। इंग्लैंड की टीम को उम्मीद है कि वह समय पर फिट होकर क्वार्टर फाइनल मुकाबले के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। इंग्लैंड के लिए डिफेंस में भी परेशानी खड़ी हो गई है। मेक्सिको के खिलाफ मुकाबले में जेरेल क्वांसाह को रेड कार्ड मिला था, जिसके कारण वह दो मैचों के लिए निलंबित हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में कोच थॉमस ट्यूशेल को टीम कॉम्बिनेशन को लेकर नए विकल्प तलाशने होंगे।

हैरी केन एक वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी, टीम में उनका होना शानदार: निको ओ'रेली

इंग्लैंड की फुटबॉल टीम फीफा वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी बार क्वार्टर फाइनल मुकाबला उतरेगी। हैरी केन की अगुवाई में क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की भिड़ंत रविवार को नॉर्वे से होनी है। 

टीम के युवा मिडफील्डर निको ओ'रेली का मानना है कि टीम में मौजूद अनुभवी खिलाड़ियों की वजह से युवा प्लेयर्स को दबाव वाले मुकाबलों में शांत रहने और सही फैसले लेने में मदद मिल रही है। उन्होंने कप्तान हैरी केन की भी जमकर तारीफ की। मेक्सिको के खिलाफ शानदार जीत हासिल करने के बाद इंग्लैंड की निगाहें अब सेमीफाइनल में जगह पक्की करने पर होगी। टीम आठ साल में दूसरी बार वर्ल्ड कप के अंतिम चार में पहुंचने का प्रयास करेगी।

इंग्लैंड की मौजूदा टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें बड़े टूर्नामेंटों का अनुभव है। जॉर्डन पिकफोर्ड, जॉन स्टोन्स, जॉर्डन हेंडरसन, मार्कस रैशफोर्ड, और कप्तान हैरी केन 2018 वर्ल्ड कप में भी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा, मौजूदा टीम के कई खिलाड़ी पहले भी गैरेथ साउथगेट की टीम के साथ बड़े मुकाबलों का अनुभव ले चुके हैं।

निको ओ'रेली ने कहा कि टीम में मौजूद अनुभवी खिलाड़ी मुश्किल परिस्थितियों में युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी बताते हैं कि दबाव में कैसे शांत रहना है और मैच के दौरान किन बातों का ध्यान रखना है। ओ'रेली ने खास तौर पर कप्तान हैरी केन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “वह एक वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी हैं और बहुत अच्छे इंसान भी हैं। वह हमें पिच पर, पिच के बाहर मोटिवेट करते हैं, वह स्टैंडर्ड तय करते हैं और माहौल बनाते हैं। टीम में उनका होना शानदार है।”

अय्यर के लिए कप्तान के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने का समय आ गया है: सबा करीम

भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम का मानना है कि श्रेयस अय्यर के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिखाई गई अपनी रणनीतिक क्षमता को राष्ट्रीय टीम के लिए भी साबित करने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नेतृत्व क्षमता की स्पष्ट छाप छोड़ने का समय आ गया है ।

टी20 विश्व कप जीत के बाद सूर्यकुमार यादव से कप्तानी संभालने वाले अय्यर की अगुआई में भारत को अब तक सफलता नहीं मिली है। टीम आयरलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला 0-2 से हार गई और इसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध पहले मुकाबले के बारिश में धुल जाने के बाद लगातार तीन टी20 मैच गंवाकर पांच मैचों की श्रृंखला में 0-3 से पिछड़ गई।

करीम ने ‘जियोहॉटस्टार’ से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अब अय्यर को कप्तान के तौर पर खुद को स्थापित करना होगा। आईपीएल में उनकी जिस रणनीतिक कप्तानी की झलक देखने को मिली थी, वह अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नजर नहीं आई है।’’

उन्होंने बल्लेबाजी क्रम पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘जब अय्यर खुद मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर रहे थे, तब शिवम दुबे को पांचवें नंबर पर भेजने का फैसला समझ से परे था। आईपीएल में हम जिस अय्यर को जानते हैं, वह ऐसा फैसला शायद नहीं लेते।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए