
अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने कप्तान लियोनेल मेसी की फिटनेस को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि 39 वर्षीय मेसी स्विट्जरलैंड के खिलाफ होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के लिए पूरी तरह फिट हैं और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।
कैनसस सिटी स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से पहले स्कालोनी ने कहा कि टीम के आंकड़े बताते हैं कि मेसी अभी भी उतना ही काम कर रहे हैं, जितना वह पिछले टूर्नामेंटों में करते थे। उनके वर्कलोड में कोई बड़ी कमी या बढ़ोतरी नहीं हुई है। स्कालोनी ने कहा, "वह पहले से ज्यादा या कम नहीं दौड़ रहे हैं। उनके आंकड़े नहीं बदले हैं। टीम उन्हें पूरा समर्थन देती है। उन्होंने अपने फिटनेस कोच के साथ अच्छी तैयारी की है और इसका फायदा उन्हें मिल रहा है। वह मैदान पर अपना सब कुछ दे रहे हैं।"
मेसी इस वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक आठ गोल किए हैं और फ्रांस के कप्तान काइलियन एम्बाप्पे के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। खास बात यह है कि एम्बाप्पे ने मेसी से एक मैच ज्यादा खेला है। स्कालोनी ने कहा कि उम्र बढ़ने के बावजूद मेसी की गोल करने की क्षमता और मैच पर असर डालने की ताकत कम नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जो लोग मेसी को करीब से जानते हैं, वे उनकी मेहनत और जुनून से अच्छी तरह वाकिफ हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में रविवार को भारतीय समय के अनुसार देर रात 2.30 बजे से इंग्लैंड और नॉर्वे के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाना है। दोनों टीमें मियामी स्टेडियम में निर्णायक मैच को जीतकर 'अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड' मैच की विजेता के साथ सेमीफाइनल में भिड़ने की तैयारी करेंगी।
नॉर्वे ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार क्वार्टर-फाइनल में पहुंचकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 की एक यादगार कहानी लिखी है। स्टेल सोलबक्केन की टीम 'ग्रुप-आई' में फ्रांस के बाद दूसरे स्थान पर रही और फिर अपने पहले वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों में दो बड़ी जीत हासिल कीं।
दोनों मुकाबलों में एर्लिंग हालैंड नॉर्वे के हीरो रहे; जिन्होंने 'राउंड ऑफ 32' में कोटे डी आइवर के खिलाफ देर से विनिंग गोल किया और फिर 'राउंड ऑफ 16' में 5 बार की चैंपियन ब्राजील के खिलाफ दो गोल करके नॉर्डिक देश को टूर्नामेंट में और आगे पहुंचाया।
स्पेन के युवा स्ट्राइकर लामिन यामल ने फ्रांस के खिलाफ मंगलवार को होने वाले बहुप्रतीक्षित सेमीफाइनल से पहले शाब्दिक जंग शुरू करते हुए अपने कट्टर प्रतिद्वंदी से कहा है कि वह उनकी टीम से डरकर रहे।
स्पेन ने शुक्रवार को बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां उसका मुकाबला फ्रांस से होगा।
यामल ने मैच के बाद कहा, ‘‘मेरा मानना है कि अगर फ्रांस को किसी से डरना चाहिए, तो वह हमारी टीम होनी चाहिए। हमने पहले भी उन्हें बड़ी प्रतियोगिताओं में बाहर का रास्ता दिखाया है।’’
स्पेन ने 2024 यूरोपीय चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में फ्रांस को हराया था। उसने पिछले साल नेशंस लीग में भी उसे पराजित किया था। यामल तब इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में गोल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे।
बेल्जियम के खिलाफ मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए यामल ने कहा, ‘‘हम किसी से नहीं डरते। यह स्पष्ट है कि यह मुकाबला दो दिग्गज टीमों के बीच होगा। मेरे लिए उनकी सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है। देखते हैं आगे क्या होता है।’’
कोलंबियाई टीम 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' की खिताबी रेस से बाहर हुई, तो उसके मिडफील्डर जैमिंटन कैंपाज को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद कोलंबियाई फुटबॉल फेडरेशन (एफसीएफ) ने शनिवार को अधिकारियों से इन धमकियों की जांच करने का आग्रह किया है।
कैम्पाज को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया गया था, क्योंकि मंगलवार को स्विट्जरलैंड के विरुद्ध 'राउंड ऑफ 16' के मैच में एक्स्ट्रा टाइम के दौरान उन्होंने गोल करने का एक मौका गंवा दिया, जिससे टीम हार गई। वैंकूवर में एक तनावपूर्ण और गोल-रहित ड्रॉ के बाद, राउंड ऑफ 16 में स्विट्जरलैंड से पेनाल्टी शूटआउट में 3-4 से हारने के बाद मंगलवार को कोलंबिया का सफर खत्म हो गया। गोलकीपर को छकाने का मौका होने के बावजूद, कैम्पाज ने 'एक्स्ट्रा टाइम' में क्रॉसबार के ऊपर से शॉट मार दिया; अगर वह गोल हो जाता तो कोलंबिया 'अंतिम-8' में पहुंच जाता।
एफसीएफ ने कहा कि उसने सरकारी वकीलों से उन लोगों की तुरंत पहचान करने और उन पर मुकदमा चलाने के लिए कहा है, जो इसके लिए जिम्मेदार हैं।
भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल का कहना है कि उन्हें टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज के खेल में अपनी बल्लेबाजी की झलक दिखाई देती है और उन्होंने स्पेनिश खिलाड़ी के ‘ड्रॉप शॉट’ की तुलना अपने खास ‘शॉर्ट-आर्म’ शॉट से की।
गिल ने शुक्रवार को विम्बलडन के पुरुष एकल सेमीफाइनल मुकाबले देखने पहुंचे। उन्होंने महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर की प्रशंसा की। उन्होंने खेल के उन दिग्गजों के नाम बताए जिन्हें वह अपने ‘ड्रीम डिनर’ में आमंत्रित करना चाहेंगे।
आधुनिक टेनिस में अल्काराज का ड्रॉप शॉट सबसे प्रभावी रणनीतिक हथियारों में से एक माना जाता है जबकि गिल शॉर्ट-पिच गेंदों पर अक्सर ‘शॉर्ट-आर्म’ (पूरी बाजू के बजाय कोहनी को थोड़ा मोड़कर खेलना) शॉट खेलते हैं।
गिल ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘अल्काराज का ड्रॉप शॉट मुझे क्रिकेट के ‘शॉर्ट-आर्म जैब’ की याद दिलाता है। मैं भी यह शॉट खेलता हूं और यह मेरा खास शॉट है। यह धोखा देने वाला और बेहद प्रभावी है। ’’
उन्होंने अपने ‘ड्रीम डिनर’ मेहमानों के बारे में सेरेना विलियम्स, फेडरर, क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज के दिग्गज सर विवियन रिचर्ड्स का नाम लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘सेरेना विलियम्स, रोजर फेडरर और फिर क्रिकेटरों में सर विवियन रिचर्ड्स और सचिन सर। ये चार दिग्गज हैं जिनके साथ मैं बैठकर डिनर करना चाहूंगा। ’’
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए