
बीसीसीआई की शुक्रवार को हुई सालाना आम बैठक (एजीएम) में यह फैसला लिया गया कि पुरुष टीम की चयन समिति से जुड़े सभी मामलों पर फैसला लेने का अधिकार बोर्ड के अधिकारियों के पास होगा। हालांकि, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर बैठक में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन के रूप में अजीत अगरकर की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। उनका मौजूदा कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि उनका अनुबंध बढ़ाया जाएगा या नहीं। यह भी तय नहीं है कि वह 2027 में जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और नामीबिया में होने वाले वनडे विश्व कप तक इस पद पर बने रहेंगे या नहीं।
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में एक बार फिर निर्विरोध चुना गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में एजीएम के बाद बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि बैठक सफल रही और सभी फैसले सहमति से लिए गए। उन्होंने कहा कि आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को दोबारा चुना गया है।
शुक्ला ने यह भी बताया कि सीनियर और जूनियर पुरुष चयन समितियों से जुड़े मामलों के लिए मंजूरी मिल गई है, लेकिन चयनकर्ताओं को लेकर अंतिम फैसला बाद में किया जाएगा। अगर अजीत अगरकर मुख्य चयनकर्ता के पद पर आगे नहीं रहते हैं तो बीसीसीआई को तय प्रक्रिया अपनानी होगी। इसके तहत सार्वजनिक विज्ञापन जारी कर आवेदन मंगाए जाएंगे और उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद नए चयनकर्ता का चयन किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू वनडे सीरीज से पहले दक्षिण अफ्रीका को करार झटका लगा है। इंजरी की वजह से दाएं हाथ के तेज गेंदबाज वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह नकोबानी मोकोएना को मौका दिया गया है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने इसकी पुष्टि शुक्रवार को की।
एनगिडी को डॉल्फिन्स के खिलाफ टाइटन्स के प्रथम श्रेणी मैच के दौरान दाहिने पैर में हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी। बुधवार को हुए स्कैन से यह पुष्टि हुई कि उन्हें रिहैब के लिए कुछ समय की जरूरत होगी और वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 सितंबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। वनडे सीरीज के बाद दक्षिण अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज भी खेलेगी। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि एनगिडी टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध हो पाएंगे या नहीं।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने सोशल मीडिया पर लिखा, "लुंगी एनगिडी दाहिने हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। आगे की टेस्ट सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता का अंदाजा सीरीज शुरू होने के समय लगेगा।"
ओलंपिक पदक विजेता पिस्टल शूटर मनु भाकर और शॉट पुटर तजिंदरपाल सिंह तूर को शनिवार को होने वाली एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी के लिए भारत का फ्लैग-बेयरर चुना गया है।
ओपनिंग सेरेमनी पालोमा मिजुहो स्टेडियम में दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे (भारतीय समयानुसार) के बीच होगी। 4 अक्टूबर को खत्म होने वाले एशियन गेम्स के 20वें एडिशन में 500 से ज्यादा भारतीय एथलीट 37 खेलों में हिस्सा लेंगे।
मनु ने पेरिस में हुए ओलंपिक गेम्स में दो पदक जीते थे। वह आजादी के बाद पहली भारतीय एथलीट बनीं, जिन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता। वह कॉन्टिनेंटल गेम्स के हांगझोऊ एडिशन में स्वर्ण पदक जीतने वाली 25 मीटर पिस्टल महिला टीम का हिस्सा थीं।
तूर एशियन गेम्स में शॉट पुट में दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन हैं।
बेन सॉयर ने न्यूजीलैंड महिला टीम के हेड कोच का पद छोड़ दिया है। वह इस पद पर चार साल तक रहे। सॉयर को जून 2022 में न्यूजीलैंड महिला टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था। उनका अनुबंध दिसंबर 2026 में खत्म होने वाला था। हाई-परफॉर्मेंस स्ट्रक्चर की समीक्षा प्रक्रिया के बाद उनके अनुबंध का नवीनीकरण नहीं किया गया।
बेन सॉयर ने अपनी कोचिंग में न्यूजीलैंड महिला टीम को 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक और टी20 विश्व कप 2024 का खिताब दिलाया।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के हवाले से सॉयर ने कहा, "व्हाइट फर्न्स (न्यूजीलैंड महिला टीम) का कोच बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है। मैं इस ग्रुप को लीड करने का मौका पाकर बहुत आभारी हूं। यह टीम मेरे लिए बहुत मायने रखती है। पिछले चार सालों में हमने जो हासिल किया है। उस पर मुझे सच में गर्व है। मैं टीम छोड़ने से निराश हूं, लेकिन मैं टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट को शुभकामनाएं देना चाहता हूं।"
भारतीय टीम एशियाई खेलों की सॉफ्ट टेनिस स्पर्धा के पुरूष टीम क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया से 0 . 2 से हार गई।
भारत ने ग्रुप सी में मंगोलिया और लाओ को हराया जबकि चीनी ताइपै से पराजय का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम में जय मीणा, आर्यन ठाकुर, योगेश चौधरी , अनिकेत पाटिल और ओम यादव हैं।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में वे इंडोनेशिया से हार गए जिसमें फर्नांडो सांगेर, टियो हुतारूक, मोहम्मद फालेवी, रिजकी लालुयान और बागुस प्राडेवा थे।
जय मीणा और योगेश चौधरी को पुरूष युगल मुकाबले में टियो और फर्नांडो ने हराया। आर्यन ठाकुर को पुरूष एकल में बागुस ने मात दी । तीसरा मैच रद्द कर दिया गया ।
सॉफ्ट टेनिस एक रैकेट वाला खेल है जिसकी शुरुआत इन एशियाई खेलों की मेजबानी कर रहे जापान में हुई थी। इसमें खिलाड़ी अंक बनाने के लिए नेट के ऊपर से एक नरम और हल्की रबर की गेंद को मारते हैं।
इसका कोर्ट टेनिस के कोर्ट जितना ही बड़ा होता है और टीम प्रतियोगिताओं में 'बेस्ट ऑफ़ थ्री' मुकाबले के दौरान जो खिलाड़ी सबसे पहले चार अंक जीतता है, वह विजयी रहता है।
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए