खेल

खेल: पोलार्ड को 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल करना पड़ा महंगा और कोहली की दो टूक

मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। कोहली ने कहा कि उन्हें अपने महत्व को लेकर किए जा रहे आकलन में लगातार बदलाव से नफरत है।

पोलार्ड को 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल करना पड़ा महंगा
पोलार्ड को 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल करना पड़ा महंगा फोटो: IANS

पोलार्ड पर लगा मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना, 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल करना पड़ा महंगा

मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच हुए मुकाबले में पोलार्ड को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने का दोषी पाया गया है।

मैच फीस के साथ-साथ पोलार्ड के खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। दरअसल, मुंबई इंडियंस की पारी के 19वें ओवर में पोलार्ड चौथे अंपायर से बहस करते हुए नजर आए थे। इस दौरान पोलार्ड ने अंपायर को अपशब्द भी कहे। पोलार्ड ने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन किया है, जो खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के खिलाफ मैच के दौरान 'अभद्र भाषा' के इस्तेमाल से जुड़ा हुआ है।

 आईपीएल ने शुक्रवार को जारी किए एक बयान में कहा, "मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड पर आईपीएल के खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 को तोड़ने के लिए उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट पॉइंट भी मिला है। पोलार्ड को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 को तोड़ने का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान सुनाई देने वाली अभद्र भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा हुआ है। यह घटना दूसरी पारी के 19वें ओवर में हुई जब पोलार्ड ने चौथे अंपायर के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पोलार्ड ने अपनी गलती मानते हुए मैच रेफरी पंकज धर्माणी द्वारा सुनाई गई सजा को स्वीकार कर लिया है।"

Published: undefined

अगर मुझे अपनी काबिलियत और अहमियत साबित करनी पड़े, तो वह जगह मेरे लिए नहीं है: कोहली

विराट कोहली को अब भी क्रिकेट से इतना लगाव है कि वह अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही भारत के इस स्टार बल्लेबाज ने स्पष्ट किया कि अगर किसी विशेष ‘माहौल’ में उनकी योग्यता पर लगातार सवाल उठाए जाते हैं, तो उन्हें यह स्वीकार करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी कि वह ‘जगह’ उनके लिए नहीं बनी है।

इस 37 वर्षीय सुपरस्टार ने अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पॉडकास्ट पर कहा कि उन्हें अपने महत्व को लेकर किए जा रहे आकलन में लगातार बदलाव से नफरत है।

कोहली ने कहा, ‘‘मैं हमेशा तैयार रहता हूं क्योंकि यही मेरी रोजमर्रा की जिंदगी है। मैं कसरत करता हूं, हम घर पर अच्छा खाना खाते हैं। मुझे इस तरह जीना पसंद है। यह केवल क्रिकेट खेलने तक सीमित नहीं है। मेरा कहने का मतलब है कि 2027 के विश्व कप को लेकर होने वाली बातें और बाकी सब। मुझे कई बार पूछा गया है कि क्या आप 2027 में खेलना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इसका जवाब पता है और अगर मैं खेल रहा हूं तो फिर मैं क्रिकेट खेलना चाहता हूं। मैं खेलना जारी रखना चाहता हूं। भारत के लिए विश्व कप खेलना शानदार है।’’

कोहली ने कहा, ‘‘मेरा नजरिया बिल्कुल स्पष्ट है। मैं जिस माहौल का हिस्सा हूं उसमें कुछ योगदान दे सकता हूं और टीम को भी लगता है कि मैं योगदान दे सकता हूं, तो मैं खेलता रहूंगा। अगर मुझे अपनी काबिलियत और अहमियत साबित करने की जरूरत महसूस कराई जाती है तो मैं उस माहौल में नहीं रह सकता।’’

Published: undefined

खलील और तुषारा की जगह कुलदीप और ग्लीसन शामिल

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शुक्रवार को दिल्ली के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलदीप यादव को खलील अहमद की जगह टीम में शामिल किया जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नुवान तुषारा की जगह इंग्लैंड के रिचर्ड ग्लीसन को टीम में लिया।

खलील और तुषारा दोनों ही चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

आईपीएल ने एक बयान में बताया कि कुलदीप 30 लाख रुपये में सीएसके से जुड़ेंगे जबकि ग्लीसन 1.6 करोड़ रुपये में आरसीबी से जुड़ेंगे।

कुलदीप ने 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना आईपीएल पदार्पण किया था और इस फ्रेंचाइजी के लिए तीन मैच खेले हैं।

ग्लीसन ने इंग्लैंड के लिए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने नौ विकेट लिए हैं। उन्होंने लीग के 2024 और 2025 सत्र में सीएसके और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने सीएसके के लिए दो मैच और मुंबई इंडियंस के लिए एक मैच खेला।

Published: undefined

इंग्लैंड दौरे की तैयारियों के लिए स्वदेश लौटे न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र न्यूजीलैंड के इंग्लैंड के आगामी टेस्ट दौरे की तैयारियां शुरू करने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) छोड़कर स्वदेश रवाना हो गए हैं।

फ्रेंचाइजी ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अपने घरेलू मैच की पूर्व संध्या पर टीम के बारे में जानकारी देते हुए यह बात कही।

केकेआर ने शुक्रवार को बताया, ‘‘रचिन रविंद्र न्यूजीलैंड के इंग्लैंड के आगामी टेस्ट दौरे के लिए अपनी टेस्ट क्रिकेट की तैयारियां शुरू करने के लिए घर लौट गए हैं। ’’

केकेआर की टीम शनिवार को यहां ईडन गार्डन्स में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी।

आईपीएल 2026 की नीलामी में केकेआर ने दो करोड़ रुपये के बेस प्राइस में रविंद्र को खरीदा था, इस तरह वह इस सत्र में अपनी नयी फ्रेंचाइजी के लिए एक भी मैच खेले बिना ही घर लौट गए।

Published: undefined

बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए पाकिस्तान के डब्ल्यूटीसी अंक कटे

पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मिली हार के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के 2025-27 चक्र में मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उसकी टीम के आठ अंक काट दिए गऐ हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार पाकिस्तान ने इस मैच में निर्धारित समय सीमा में आठ ओवर कम किए थे। इस तरह से पाकिस्तान अब अंक तालिका में चार अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। वेस्टइंडीज उससे निचले पायदान पर है।

आईसीसी में बयान में कहा, ‘‘आईसीसी की न्यूनतम ओवरों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में पूरे नहीं किए गए ओवर में से प्रत्येक ओवर के लिए खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।’’

विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के खेल नियमों के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार, प्रत्येक ओवर कम होने पर टीमों का एक चैम्पियनशिप अंक कट जाता है जिस कारण पाकिस्तान को डब्ल्यूटीसी रैंकिंग में आठ महत्वपूर्ण अंक गंवाने पड़े।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined