खेल

खेल: पोंटिंग ने अर्शदीप के प्रदर्शन को बताया असाधारण और विप्रज ने विराट के विकेट को बताया एक सपना सच होने जैसा

पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने अर्शदीप सिंह की कार्यशैली की सराहना की। युवा खिलाड़ी विप्रज निगम ने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू किया था।

फोटो: @IPL
फोटो: @IPL 

पोंटिंग ने अर्शदीप के प्रदर्शन को बताया असाधारण

पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने अर्शदीप सिंह के खराब दौर की अटकलों को खारिज करते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम की सात विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की कार्यशैली की सराहना की।

अर्शदीप ने बृहस्पतिवार को अपने शुरुआती स्पैल में शानदार गेंदबाजी करते हुए रयान रिकेल्टन और सूर्यकुमार यादव को आउट किया और फिर आखिरी ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड को पवेलियन भेजा।

आईपीएल के मौजूदा सत्र में अर्शदीप की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही है। उन्हें शुरुआती तीन मैचों में कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्रमशः 50 रन पर दो विकेट और 22 रन पर तीन विकेट के आंकड़ों के साथ उन्होंने शानदार वापसी की।

पोंटिंग ने मैच के बाद ‘ड्रेसिंग रूम डायरीज’ में कहा, ‘‘हम अक्सर खिलाड़ियों के लय हासिल करने की बात करते हैं, लेकिन अर्शदीप ने पहले ओवर में शानदार लय दिखाते हुए गेंद को स्विंग कराया और प्रतिद्वंद्वी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। उनका यह प्रदर्शन असाधारण था।’’

ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘अर्श, मुझे पता है कि तुम इसे अपना खराब दौर मान रहे हो, लेकिन हममें से कोई ऐसा नहीं सोचता। पिछले कुछ दिनों में तुमने जो मेहनत की, उसका परिणाम आज देखने को मिला। पहली ही गेंद से सटीक लाइन-लेंथ, शुरुआती दो विकेट और अंत में आकर अच्छी गेंदबाजी करना—यह तुम्हारी मेहनत का प्रमाण है।’’

Published: undefined

विराट कोहली का विकेट लेना एक सपना सच होने जैसा था: विप्रज निगम

युवा खिलाड़ी विप्रज निगम ने आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू किया था। अपने डेब्यू के साथ ही विप्रज टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी बन गए थे। वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही क्षेत्रों में टीम के लिए उपयोगी अंशदान देते हैं।

 विप्रज निगम ने 'जियोस्टार प्रेस रूम' में बात करते हुए डीसी के अब तक के सीजन, एक खिलाड़ी के तौर पर अपने सुधारों और विराट कोहली के खिलाफ अपनी रणनीति पर बात की।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ राइवलरी वीक मैच से पहले विराट कोहली के खिलाफ योजना पर युवा क्रिकेटर ने कहा,

 "अगर आप विराट कोहली को देखें, तो विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है। आप जानते हैं कि अगर आप थोड़ी सी भी गलती करते हैं, तो वे रन बना लेंगे, अच्छी गेंद पर भी। इसलिए,योजना आसान है, बस उसे लागू करना है। यह सिर्फ विराट के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए है। कोशिश यही होगी कि जो पिछले साल हुआ था, उसे दोहराया जाए। दबाव हमेशा रहता है। विराट जैसे खिलाड़ी के लिए, मुझे लगता है कि रणनीति और आप जो भी योजना बनाते हैं, वह हमेशा एडजस्ट करने लायक होना चाहिए क्योंकि गेम से पहले आपने जो भी प्लान बनाया है, उसका कोई मतलब नहीं है, क्योंकि मैच के दौरान दबाव बिल्कुल अलग होता है। इसलिए, जो काम कर रहा है, उसी पर टिके रहो और उन्हें कम से कम स्कोर पर आउट करने की कोशिश करो।"

पिछले सीजन में विराट कोहली का विकेट लेने पर उन्होंने कहा, "पिछले सीजन से पहले भी, मैंने विराट कोहली का विकेट लेने की इच्छा जताई थी, और अगले ही गेम में यह हो गया। यह एक सपना सच होने जैसा था। मैं मैच के बाद विराट भाई से मिलने गया और उनसे पूछा कि मैं अपनी गेंदबाजी और अपने ऑल-राउंड गेम में और क्या जोड़ सकता हूं, क्योंकि हम सब जानते हैं कि हर साल गेम कैसे बदल रहा है। टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजी कैसे एक अलग स्तर पर पहुंच गई है, और विकेट कैसे हैं। उन्होंने बस इतना कहा कि स्किल के हिसाब से कुछ भी बदलने की जरूरत नहीं है, बस नई चीजें सीखते रहो और उन्हें अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी जोड़ने के तरीके ढूंढो और बेहतर होते रहो।"

Published: undefined

आईपीएल 2026: क्या कैमरुन ग्रीन का सही इस्तेमाल नहीं कर पा रही केकेआर? सुपर फ्लॉप साबित हुआ है 25.20 करोड़ का खिलाड़ी

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरुन ग्रीन को 25.20 करोड़ की मोटी रकम में खरीदा था। केकेआर ग्रीन को अपने दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल का विकल्प मान रही थी। सीजन के शुरुआती 5 मैचों के बाद ग्रीन के प्रदर्शन पर नजर डालें तो वह रसेल के आस-पास भी नहीं हैं और केकेआर के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहे हैं।

कैमरून ग्रीन ना ही आंद्रे रसेल की तरह आक्रामक बल्लेबाजी कर पा रहे हैं और न ही अपनी गेंदबाजी से उपयोगी अंशदान दे पा रहे हैं।

पिछले 5 मैचों की 5 पारियों में ग्रीन मात्र 56 रन बना सके हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 32 रन रहा है। वहीं सिर्फ 2 मैचों में गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 58 रन लुटाकर 1 विकेट लिए हैं। ऐसे प्रदर्शन के लिए 25.20 करोड़ निश्चित तौर पर आदर्श राशि नहीं हो सकती।

Published: undefined

युवराज सिंह ने यूएई स्थित रियल एस्टेट कंपनी के साथ करार किया

विश्व कप विजेता पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने यूएई स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी बीएनडब्ल्यू डेवलपर्स के साथ ब्रांड साझेदारी के लिए करार किया है।

इसके लिए ‘अगेन्स्ट ऑल ऑड्स’ नामक एक फिल्म तैयार की गई है जो युवराज के क्रिकेट में सफर से जुड़ी है। इस स्टार क्रिकेटर ने कहा कि यह साझेदारी सफलता के लिए अपना मार्ग प्रशस्त करने के उनके नजरिए को दर्शाता है।

युवराज ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘यह अपने दम पर जिम्मेदारी लेने और अपनी शर्तों पर जीत हासिल करने को लेकर है। यह फिल्म उन सभी लोगों के लिए है जिन्हें कम आंका गया और जिन्होंने लोगों को गलत साबित किया।’’

Published: undefined

वनडे श्रृंखला के लिए मई-जून में पाकिस्तान का दौरा करेगा ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम लाहौर और रावलपिंडी में तीन मैच की वनडे श्रृंखला खेलने के लिए मई के अंत में पाकिस्तान का दौरा करने के लिए तैयार है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह श्रृंखला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) और पीसीबी के बीच हुए एक समझौते का हिस्सा है जिसके अंतर्गत ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम ने टी20 विश्व कप से पहले पाकिस्तान का दौरा किया था और लाहौर में तीन मैच खेले थे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ इस दौरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है लेकिन मैच संभावित रूप से 30 मई से पांच जून के बीच होंगे।

सूत्र ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान से बांग्लादेश के लिए रवाना होगी जहां उसे नौ जून से वनडे श्रृंखला खेलनी है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined