
भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि रक्षात्मक गेंदबाज से हमेशा विकेट की तलाश करने वाले आक्रामक गेंदबाज बनने से रविंद्र जडेजा टेस्ट क्रिकेट में और परिपक्व गेंदबाज बने हैं ।
पुजारा ने श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही टेस्ट श्रृंखला से पहले कहा ,‘‘ इससे पहले जब रविंद्र जडेजा गेंदबाजी करते थे तो मकसद रन बचाना होता था, खासकर टेस्ट क्रिकेट में । अगर पिच से मदद मिल रही है तो वह विकेट लेने की कोशिश करते थे । लेकिन अगर विकेट मददगार नहीं है तो उनका फोकस रन रोकना होता था ।’’
जडेजा ने 89 टेस्ट में 25 . 12 की औसत से 348 विकेट लिये हैं ।
पुजारा ने कहा ,‘‘ उसे अपनी ताकत पता है और उसी के अनुरूप गेंदबाजी करता है । हर मैच में वह स्टम्प पर गेंद डालकर विकेट लेने की कोशिश करता है ।’’
उन्होंने कहा कि इस बदलाव से वह गेंदबाज के तौर पर अधिक आक्रामक हुआ है और विविधता का प्रभावी रूप से प्रयोग कर रहा है ।
भारत के पूर्व हरफनमौला इरफान पठान का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने जा रहे जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी की सबसे बड़ी ताकत तेज रफ्तार नहीं, बल्कि शीर्ष बल्लेबाजों को रक्षात्मक बल्लेबाजी के दौरान गलती करने पर मजबूर करने की क्षमता है।
अनुभवी जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के कारण नबी को श्रीलंका में 15 अगस्त से शुरू होने वाले दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
पठान ने 2018 में श्रीनगर में हुए ट्रायल के दौरान पहली बार नबी की प्रतिभा पहचानी थी। उन्होंने बाद में जम्मू-कश्मीर के युवा क्रिकेटरों को मार्गदर्शन भी दिया। उनका मानना है कि नबी की स्वाभाविक गेंदबाजी शैली, कलाई की स्थिति और गेंद को मूव कराने की क्षमता उन्हें बिना तेज रफ्तार के भी प्रभावी बनाती है।
पाकिस्तान मुक्केबाजी महासंघ एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है जब मुक्केबाज कुदरातुल्लाह ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के बाद टीम होटल से चंपत हो गया ।
यह पहली बार नहीं है जब पीबीएफ गलत कारणों से सुर्खियों में आया हो । पहले भी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के दौरान मुक्केबाजों के विदेश से भागने की कई घटनायें सामने आई हैं ।
पाकिस्तान ओलंपिक संघ के करीबी सूत्र ने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों में अपने भारवर्ग में भाग लेने के बाद कुदरातुल्लाह टीम होटल से गायब हो गया ।
सूत्र ने कहा ,‘‘ रोचक बात तो यह है कि पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास होने के बावजूद वह गायब हो गया ।’’
राष्ट्रमंडल खेल 2022 के दौरान पाकिस्तान के दो मुक्केबाज सुलेमान बलोच और नजीरूल्लाह खान बर्मिघम में गायब हो गए थे जबकि पासपोर्ट दल प्रमुख के पास थे ।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर माइक स्मिथ को दो साल के लिए पाकिस्तान की सभी प्रारूपों की टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
स्मिथ इंग्लैंड में तीन टेस्ट मैच की श्रृंखला से पूर्व पाकिस्तान की टीम से जुड़ेंगे।
स्मिथ लेवल चार के कोच हैं और अपनी नई जिम्मेदारी संभालने से पहले पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ काफी काम कर चुके हैं।
पीएसएल 2026 में उन्होंने मुल्तान सुल्तान्स के बल्लेबाजी कोच के तौर पर काम किया।
अब्दुल्ला शफीक और बाबर आजम के बीच तीसरे विकेट की 168 रन की अटूट साझेदारी के दम पर पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन अपनी स्थिति मजबूत कर ली ।
वेस्टइंडीज ने पांच विकेट पर 239 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी में 344 रन बनाये । अजान अवैस (55) ने पाकिस्तान को अच्छी शुरूआत दी जिसके बाद शफीक और बाबर की साझेदारी के दम पर पाकिस्तान ने दो विकेट पर 266 रन बना लिये ।
शफीक 107 रन बनाकर और कप्तान बाबर 86 रन बनाकर खेल रहे हैं ।
वेस्टइंडीज ने पहला टेस्ट 90 रन से जीता था ।
अवैस ने इमामुल हक (14) के साथ पहले विकेट के लिये 34 रन जोड़े थे । इसके बाद शफीक के साथ दूसरे विकेट के लिये 64 रन की साझेदारी की । वह जोमेल वारिकन की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में पगबाधा आउट हुए ।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए