
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व क्रिकेटरों को काफी प्रभावित किया है। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इकाना स्टेडियम में हुए मुकाबले में भी प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी की थी और 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए थे। इसमें विराट कोहली का विकेट भी शामिल है।
प्रिंस यादव के प्रदर्शन से प्रभावित होकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायुडू का मानना है कि प्रिंस जल्द ही टीम इंडिया के लिए डेब्यू करेंगे।
अंबाती रायुडू ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर कहा, "मुझे लगता है कि वह जल्द ही अपना डेब्यू करने वाले हैं। वह लड़का एक विशेष है। उनमें खास प्रतिभा है। वह जिस तरह से दौड़ते हैं, उनका रन-अप ही आपको बताता है कि वह लड़ने के लिए तैयार हैं। वह भारी गेंद फेंकते हैं। उसकी ज्यादातर गेंदें स्टंप्स पर लगती हैं। यही उसकी विशेषता है।"
रायुडू ने कहा, "कोहली को आउट करने के लिए प्रिंस ने जो गेंद डाली, वो खास थी। सीम ऊपर रही। यह एक बहुत बड़ा विकेट था। प्रिंस यादव दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और उन्होंने दिल्ली टीम के अपने साथी को आउट किया।"
प्रिंस की फिटनेस, रिदम और निरंतरता को उनकी बड़ी ताकत बताते हुए रायुडू ने उन्हें तीनों प्रारुपों के लिए बेहतर बताया।
Published: undefined
आईपीएल 2026 में शुक्रवार की शाम को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच मुकाबला होने वाला है। सीजन की शुरुआत लगातार 2 जीत के साथ करने वाली डीसी की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है। प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए डीसी को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। डीसी के खराब प्रदर्शन की एक वजह कप्तान अक्षर पटेल की खराब फॉर्म भी रही है। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने अक्षर के खराब प्रदर्शन की वजह कप्तानी का दबाव बताया है।
जियोहॉटस्टार पर 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' पर बात करते हुए पठान ने कहा, "अक्षर अभी कप्तानी, गेंदबाजी और बल्लेबाजी को एक साथ संतुलित करने की कोशिश में ओवरलोडेड लग रहे हैं।"
पठान ने कहा, "प्रदर्शन अच्छा न होने की स्थिति में आप हमेशा कप्तान की ओर देखते हैं। अक्षर पटेल, जो इस सीजन में टीम की कप्तानी कर रहे हैं, भी ऐसी ही स्थिति में हैं। एक बात जो मैंने महसूस की है, वह यह है कि कभी-कभी टीम की कप्तानी करते समय, वह गेंद से खुद को रोक लेते हैं। वह ऐसे गेंदबाज हैं जो पावरप्ले में नियमित तौर पर गेंदबाजी कर सकते हैं। मुझे चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी वाला मैच याद है, जहां उन्होंने थोड़ी देर से गेंदबाजी की थी। वह पावरप्ले के दौरान पहले आ सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।"
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, "कप्तान के तौर पर कई जिम्मेदारियां संभालने की कोशिश करते हुए अक्षर की बल्लेबाजी में गिरावट आई है और वह अपनी गेंदबाजी पर भी फोकस नहीं दे पा रहे।"
Published: undefined
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने यहां आईपीएल मैच के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को एक बेहतरीन गेंद से आउट किया, लेकिन वह इसे ज्यादा तवज्जो नहीं देना चाहते और उन्होंने कहा कि टीम का जीत हासिल करना अधिक महत्वपूर्ण है।
आरसीबी की टीम बारिश से प्रभावित इस मैच में डकवर्थ लुईस पद्धति से 213 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी लेकिन उसकी टीम निर्धारित 19 ओवर में छह विकेट पर 203 रन ही बना पाई। मिचेल मार्श के 111 रन की बदौलत एलएसजी ने तीन विकेट पर 209 रन बनाए थे। प्रिंस ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए।
प्रिंस ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘कोहली का विकेट लेने के बाद मुझे अच्छा लगा, लेकिन सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि हमने मैच जीत लिया। अगर मैंने विकेट लिया होता और हम हार जाते, तो इतना अच्छा नहीं लगता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी गेंदबाज जब किसी भी तरीके से विकेट लेता है तो अच्छा लगता है। अगर परिस्थिति ऐसी होती है कि हम विकेट लेकर ही मैच जीत सकते हैं तो वही हुआ और मुझे अच्छा लग रहा है।’’
Published: undefined
भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने शुक्रवार को खुलासा किया कि अपने करियर के शुरुआती दौर में चैलेंजर ट्रॉफी में महेंद्र सिंह धोनी को आउट करने के बाद जरूरत से ज्यादा जश्न मनाने पर यह पूर्व भारतीय कप्तान नाराज हो गया था।
जियोस्टार के ‘द रविचंद्रन अश्विन एक्सपीरियंस’ कार्यक्रम में इस ऑफ स्पिनर ने याद किया कि उन्हें लगा था कि धोनी को आउट करने से उन्हें आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलने का मौका मिल सकता है।
अश्विन ने कहा, ‘‘सीएसके की टीम में मुथैया मुरलीधरन थे। एक दिग्गज खिलाड़ी जो अपने कोटे के पूरे ओवर कर रहे थे। इसलिए मुझे (सीएसके के लिए खेलने के) मौके नहीं मिल रहे थे। मैं 2008 में नहीं खेला, लेकिन 2009 में मुझे केपटाउन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सचिन तेंदुलकर के सामने अपना पहला मैच खेलने का मौका मिला। मुझे 2009 और 2010 में भी ज्यादा मौके नहीं मिले।’’
दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने वाले अश्विन ने कहा, ‘‘चैलेंजर ट्रॉफी में मुझे धोनी को गेंदबाजी करने का मौका मिला। धोनी हमारी टीम के खिलाफ खेलते हुए दो बार आउट हुए। एक बार उन्होंने डीप कवर की तरफ शॉट खेला और मैंने डाइव लगाकर कैच लपक लिया। मैंने इतना जश्न मनाया कि वह सच में नाराज हो गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘धोनी ने मुझसे पूछा, ‘इतना जश्न मनाने की क्या जरूरत है।’ मैंने कहा, ‘आपका विकेट लेना मेरा सपना था। शायद इससे मुझे सीएसके में खेलने का मौका मिल जाए।’ और अगले साल मुझे मौका मिल गया।’’
Published: undefined
पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे का कहना है कि उन्होंने नेट्स में पूर्व भारतीय खिलाड़ी और चयनकर्ता जतिन परांजपे की देखरेख में दबाव भरे हालात में अपनी सोच और शॉट चयन पर काफी काम किया है।
शेडगे (23 साल) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मौके का इंतजार करना पड़ा, लेकिन गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पंजाब किंग्स के लिए 57 रन की शानदार पारी खेलकर उन्होंने प्रभावित किया। इसके बाद उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 17 गेंदों में तेजी से 25 रन बनाए।
शेडगे ने बताया कि उन्होंने यहां ‘वासु परांजपे क्रिकेट सेंटर’ में परांजपे की देखरेख में दबाव वाले हालात में स्पष्टता से सोचने के लिए अपनी मानसिकता पर काम किया है।
शेडगे ने शुक्रवार को पीटीआई से कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल मेरे लिए बहुत अहम रहे हैं। जतिन सर ने सिर्फ मेरी बल्लेबाजी पर ही नहीं, बल्कि मेरी सोच और आत्मविश्वास पर भी काम करने में मेरी मदद की। उन्होंने हमेशा मुझे अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा करने और दबाव में स्पष्टता से सोचने के लिए प्रेरित किया। ’’
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined