
शीर्ष क्रम के प्रतिभाशाली बल्लेबाज बी साई सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में लगी चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।
सुदर्शन को यह चोट भारत ए टीम के श्रीलंका दौरे के दौरान लगी थी। भारत ए की तरफ से दो मैच में शतक लगाने वाले सुदर्शन दूसरे मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और तब से बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चोट से उबरने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
सुदर्शन की चोट पर निगरानी रख रही खेल विज्ञान टीम के अपडेट के अनुसार, ‘‘साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। चिकित्सकों ने उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए और समय देने की सलाह दी है। उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है, लेकिन अभी टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं।’’
खेल विज्ञान टीम ने प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति को इस बारे में सूचित कर दिया है।
सुदर्शन के लिए चिकित्सा और फिटनेस संबंधी सलाह में लिखा है, ‘‘रिहैबिलिटेशन, ताकत और अनुकूलता पर ध्यान रखते हुए क्रिकेट से जुड़े कार्यों को धीरे-धीरे और कड़ी निगरानी में बढ़ाया जाना चाहिए। यह सतर्कता इसलिए बरती जा रही है ताकि भविष्य के लिए जोखिम कम हो सकें।’’
उनकी अनुपस्थिति में अभ्यास मैच में शतक बनाने वाले देवदत्त पडिक्कल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे।
भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन (शनिवार) को भारत की तरफ से बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल ने शतक लगाया। शतक लगाने के बाद उन्हें रिटायर हर्ट कर दिया गया, ताकि दूसरे बल्लेबाजों को मौका दिया जा सके।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे देवदत्त पड्डिकल ने वनडे फॉर्मेट के मुताबिक बल्लेबाजी की। पड्डिकल ने 121 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 103 रन की पारी खेली। इस शानदार पारी के बाद उन्हें रिटायर हर्ट कर दिया गया। भारतीय टीम मैनेजमेंट इस वॉर्म-अप मैच में दूसरे बल्लेबाजों को मौका देना चाहता है, इसलिए पड्डिकल को उनकी शानदार पारी के बाद वापस बुला लिया गया।
भारतीय पारी की शुरुआत करने के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल आए थे। जायसवाल अपना खाता नहीं खोल सके। उन्हें पारी की दूसरी ही गेंद पर विश्वा फर्नांडो ने आउट कर दिया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी नहीं चले और 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ध्रुव जुरेल भी 1 रन बनाकर आउट हो गए।
भारतीय महिला टीम की प्रमुख बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स सदर्न ब्रेव तरफ से खेलते हुए मांसपेशियों में खिंचाव (हैमस्ट्रिंग) के कारण मौजूदा ‘द हंड्रेड’ क्रिकेट टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं और उनका आगामी महिला टी20 एशिया कप में खेलना भी संदिग्ध है।
सदर्न ब्रेव ने शनिवार को पुष्टि की कि टूर्नामेंट के शेष मैचों के लिए जेमिमा की जगह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है।
सदर्न ब्रेव ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘हम पुष्टि करते हैं कि जेमिमा रोड्रिग्स के चोट के कारण ‘द हंड्रेड’ से बाहर हो जाने के बाद बाकी बचे मैचों के लिए उनकी जगह चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है। जेमी हम आपके जल्द से जल्द फिट होने की कामना करते हैं।’’
25 वर्षीय जेमिमा ने ब्रेव की तरफ से छह पारियों में 35.75 के औसत और 131.19 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 42 रन रहा।
पूर्व हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटाफ ने इंग्लैंड लायंस के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है ।
फ्लिंटाफ ने सितंबर 2024 में यह पद संभाला था ।
उन्होंने इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी बयान में कहा ,‘‘ मैने लायंस के साथ अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ मैने देश के सर्वश्रेष्ठ युवा क्रिकेटरों के साथ काम करने का पूरा मजा लिया और उन्हें आगे बढते देखने में गर्व महसूस किया ।’’
फ्लिंटाफ अब बिग बैश लीग में सिडनी थंडर्स टीम के मुख्य कोच होंगे ।
आशीष यादव ने विश्व एथलेटिक्स अंडर 20 चैम्पियनशिप में पुरूषों के भालाफेंक में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला जबकि राष्ट्रीय सीनियर रिकॉर्डधारी पूजा सिंह ने महिलाओं की ऊंची कूद के फाइनल में जगह बना ली ।
यादव ने तीसरे दौर में 74 . 09 मीटर का थ्रो फेंककर रजत पदक हासिल किया । वहीं भारत के टी धरणीधरन 72 . 35 मीटर के थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे ।
यादव अपने सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन से 40 सेमी पीछे रह गए । उन्होंने मार्च में पटियाला में इंडियन ओपन थ्रो प्रतिस्पर्धा में 74 . 49 मीटर का थ्रो फेंका था ।
19 वर्ष के यादव दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के बाद इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए ।
चोपड़ा ने 2016 में पोलैंड में 86 . 48 मीटर के विश्व जूनियर रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था । यह रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है ।
दक्षिण अफ्रीका के जान हेंड्रिक हेमैंस ने 80 . 50 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता । वहीं डोमिनिका के एडिसन जेम्स को कांस्य पदक मिला जिन्होंने 73 . 89 मीटर का थ्रो फेंका था।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ