खेल

खेल: सैमसन, बुमराह को ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का नामांकन और जैमीसन ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को बताया खतरनाक

भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को सोमवार को आईसीसी मार्च महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का नामांकन मिला है। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने भी आईपीएल के विवादास्पद इम्पैक्ट प्लेयर नियम की आलोचना की है।

सैमसन, बुमराह को ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का नामांकन
सैमसन, बुमराह को ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का नामांकन फोटो: PTI

पडिक्कल इसी तरह बल्लेबाजी करते रहे तो उन्हें भारतीय टीम से बाहर रखना मुश्किल होगा: कार्तिक

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मेंटर (मार्गदर्शक) दिनेश कार्तिक का मानना ​​है कि देवदत्त पडिक्कल घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद जिस तरह आईपीएल में बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखते हुए उन्हें लंबे समय तक भारतीय टीम से बाहर रखना मुश्किल होगा।

रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ बेंगलुरु की बड़ी जीत में पडिक्कल ने अहम भूमिका निभाते हुए 29 गेंद में 50 रन बनाए।

चिन्नास्वामी स्टेडियम में पडिक्कल की संयमित पारी के बारे में पूछे जाने पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजी कोच की भी भूमिका निभाने वाले कार्तिक ने शुरुआत के मुश्किल दौर में उनके संयम की तारीफ की जिसके बाद इस बल्लेबाज खुलकर खेलना शुरू किया।

उन्होंने कहा, ‘‘आप देख सकते हैं कि जैसे ही उन्हेंने पहली बाउंड्री लगाई तो फिर अपनी बल्लेबाजी का गियर बदल दिया। वह एकदम सही क्रिकेट शॉट खेल रहे हैं और गेंद को काफी दूर तक मार रहे हैं। अगर वह इसी तरह बल्लेबाजी करते रहे तो उन्हें लंबे समय तक भारतीय टीम से बाहर रखना मुश्किल होगा। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में खूब रन बनाए हैं और हम जानते हैं कि वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं।’’

Published: undefined

सैमसन, बुमराह को आईसीसी महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का नामांकन

भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को सोमवार को आईसीसी मार्च महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का नामांकन मिला है ।

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज कोनोर एस्टरहुइजेन को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के बाद नामांकित किया गया है ।

वहीं टी20 विश्व कप के आखिरी कुछ मैचों में शानदार प्रदर्शन करके ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ रहे संजू को बुमराह के साथ नामांकन में जगह मिली है । बुमराह फाइनल मैच में प्लेयर आफ द मैच थे ।

Published: undefined

इम्पैक्ट प्लेयर नियम खेल से कौशल को काफ़ी हद तक खत्म कर रहा है: जैमीसन

दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने भी कई अन्य खिलाड़ियों की तरह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के विवादास्पद इम्पैक्ट प्लेयर नियम की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि इससे खेल का कौशल काफी हद तक खत्म हो रहा है।

कई मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने इस नियम पर चिंता व्यक्त की है, जिससे टीम मैच के दौरान किसी भी समय पांच खिलाड़ियों की सूची में से एक खिलाड़ी को अंतिम एकादश में शामिल किसी अन्य खिलाड़ी की जगह मैदान पर उतार सकते हैं।

कुछ खिलाड़ी इस नियम को ऑलराउंडर के विकास में बाधा मानते हैं जबकि कुछ का मानना है कि इससे खेल का पलड़ा बल्लेबाजों के पक्ष में झुक जाता है क्योंकि टीमें अब आठवें नंबर पर एक अतिरिक्त बल्लेबाज होने के कारण शुरू से लेकर आखिर तक आक्रामक अंदाज में खेल सकती हैं।

जैमीसन ने गुजरात टाइटन्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच से पहले यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘निजी तौर पर मैं इस नियम का समर्थक नहीं हूं। मुझे लगता है कि इससे खेल में कौशल का महत्व काफी हद तक कम हो जाता है।’’

Published: undefined

अश्विन ने आईपीएल छोड़ने के बारे में कहा, यह मानसिक रूप से परेशान करने वाला और पीड़ादायक था

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने खुलासा किया है कि अगर वह चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की तरफ से खेलते हुए ‘मानसिक रूप से परेशान करने वाले’ और ‘पीड़ादायक’ दौर से नहीं गुजरे होते तो वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में थोड़ा और समय तक खेल सकते थे।

अश्विन ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उन्होंने पिछले साल आईपीएल को भी अलविदा कह दिया था। इस स्टार स्पिनर ने अपने यूट्यूब चैनल ‘ऐश की बात’ में कहा कि उन्होंने फ्रेंचाइजी को उनके भविष्य के बारे में फैसला करने की दुविधा से बचाने के लिए आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया।

अश्विन ने कहा, ‘‘मैंने सीएसके के साथ एक निराशाजनक सत्र बिताया। यह मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से निराशाजनक सत्र था। सच कहूं तो मुझे लग रहा था कि मैं और खेल सकता हूं लेकिन मैंने इसलिए संन्यास ले लिया क्योंकि मेरे पास भावनात्मक रूप से कई अन्य चीजों को साथ लेकर खेलने की क्षमता नहीं थी।’’

अश्विन ने आईपीएल से संन्यास की घोषणा करने से पहले 2025 के सत्र में कम इस्तेमाल किए जाने के बाद सीएसके से अपनी भूमिका के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था। वह सीएसके के 14 मैचों में से केवल नौ मैच में ही खेले थे। सीएसके से जुड़ना उनके लिए घर वापसी जैसा था क्योंकि उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत इसी टीम से की थी।

Published: undefined

सीएसके को अपने युवा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास जगाने और अच्छी कार्यशैली अपनाने की जरूरत: अश्विन

भारतीय स्पिन के दिग्गज रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में लगातार तीसरी हार झेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम को अपने युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और अच्छी कार्यशैली अपनाने की जरूरत है।

सीएसके को रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों 43 रन से हार का सामना करना पड़ा। उसे अभी तक अपने तीनों मैच में हार मिली है और वह अंकतालिका में सबसे निचले स्थान पर है।

अश्विन ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी तनावपूर्ण होगा। मुझे ठीक से नहीं पता कि शब्द कितने कठोर हो सकते हैं, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो इतनी युवा टीम के साथ आगे बढ़ने का सिर्फ एक ही रास्ता है और वह है अतीत को पीछे छोड़कर अपने खेल का स्तर ऊंचा करना।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए उसे मजबूत कार्यशैली और टीम के अंदर अच्छा माहौल तैयार करना होगा। मुझे यकीन है कि आरसीबी से मिली इस करारी हार के बाद चेन्नई के ड्रेसिंग रूम में बेहद निराशा का माहौल होगा।’’

भारत के पूर्व स्पिनर ने कहा कि युवा खिलाड़ियों से जवाबदेही की उम्मीद करना उचित नहीं है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined