
भारत के आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के लिए अपने स्थान का त्याग करने के लिए अपने नियमित सलामी जोड़ीदार संजू सैमसन की सराहना की।
भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता। अभिषेक ने 38 गेंद पर 113 रन बनाए और सूर्यवंशी (19 गेंदों में 45 रन) के साथ सात ओवरों में 133 रन की विशाल साझेदारी की। सूर्यवंशी इससे पहले वाले मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे।
ईशान किशन के चोटिल होने के कारण सूर्यवंशी को दूसरे मैच में मौका मिला। सैमसन ने इस मैच में 61 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता और फिर सूर्यवंशी को अपना स्थान सौंपने का फैसला किया।
अभिषेक ने बीसीसीआई टीवी पर सूर्यवंशी के साथ बातचीत करते हुए कहा, ‘‘पिछले मैच में संजू भाई ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उससे पता चलता है कि बल्लेबाजी में अपना पसंदीदा स्थान छोड़ना आसान नहीं होता है। इससे उनके जज्बे का पता चलता है। हम टीम में देख सकते हैं कि हर कोई निस्वार्थ है, हर कोई एक-दूसरे के लिए खुश है और यह एक शीर्ष टीम की पहचान होती है।’’
अपनी पारी में 11 छक्के लगाने वाले अभिषेक ने पारी की शुरुआत में 15 वर्षीय सूर्यवंशी के आक्रामक खेल की भी सराहना की।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर रविवार को लाहौर में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे के दौरान मैदान पर गलत व्यवहार के लिए मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है। वहीं, इंग्लैंड पर धीमे ओवर-रेट के कारण जुर्माना लगाया गया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने कन्फर्म किया है कि रऊफ ने प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए अपने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया है, जो खेल की भावना के खिलाफ व्यवहार से संबंधित है।
इस सजा में एक आधिकारिक फटकार भी शामिल है। 24 महीने के समय में तीसरी बार गलती करने के कारण उनके पांच डिमेरिट पॉइंट हो गए हैं।
यह घटना रविवार को लाहौर में पाकिस्तान की पारी के आखिर में 46वां ओवर पूरा होने के बाद हुई। नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े राउफ ने वाइड की अपील की, जिसके बाद उनकी इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के साथ उनकी कहासुनी हो गई। पाकिस्तान के पेसर ने बहस के दौरान अपना बल्ला उठाया और अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद की चेतावनी के बावजूद बहस करते रहे। इसके बाद वह जैक्स की तरफ बढ़ते हुए अंपायर को धक्का दे बैठे।
इस बीच, इंग्लैंड पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि वे निश्चित समय पर ओवर पूरा करने से तीन ओवर पीछे रह गए थे।
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने 2027 सीजन से पहले जेम्स एंडरसन को टीम से अलग करने के लंकाशायर के फैसले की आलोचना की है। ब्रॉड ने इस स्थिति को संभालने के लंकाशायर के तरीके को अपमानजनक बताया। खास बात यह है कि एंडरसन ने 2026 काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 की औसत से 50 विकेट लिए थे।
ब्रॉड ने सवाल उठाया कि क्लब इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इस खिलाड़ी के लिए एक सम्मानजनक विदाई का इंतजाम क्यों नहीं कर सका। हालांकि, वह समझते हैं कि लंकाशायर के नए प्रबंधन को भविष्य की योजनाओं पर विचार करने की जरूरत थी।
44 वर्षीय एंडरसन ने सोशल मीडिया पर एक बयान में पुष्टि की कि वह टीम छोड़ रहे हैं, क्योंकि लंकाशायर ने उन्हें नया अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) नहीं देने का फैसला किया है। 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी काउंटी क्रिकेट खेल रहे एंडरसन ने इस सीजन में डिवीजन टू में लंकाशायर की कप्तानी की थी। क्लब के लिए यह सीजन काफी मुश्किल रहा और वह चैंपियनशिप में सबसे नीचे से दूसरे स्थान पर रहे, फिर भी एंडरसन का प्रदर्शन शानदार रहा।
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन सिर्फ 74 ओवरों का खेल हो सका। खराब रोशनी के चलते खेल को बार-बार रोकना पड़ा, जिसके बाद अंतत: स्टंप्स की घोषणा कर दी गई। दिन की समाप्ति तक बांग्लादेश ने 3 विकेट गंवाकर 213 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम शतक से महज 1 रन दूर हैं।
ढाका में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम को महज 9 के स्कोर पर पहला झटका लगा। तंजीद हसन तमीम महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिसके बाद शादमान इस्लाम ने मोमिनुल हक के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। मोमिनुल ने टीम के खाते में 2 चौकों के साथ 28 रन का योगदान दिया।
मेजबान टीम ने 68 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद शादमान ने कप्तान नजमुल हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जुटाए। नजमुल टीम के खाते में सिर्फ 19 रन जोड़ सके।
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की चोटिल ऑलराउंडर जेस जोनासेन की जगह महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) के लिए ब्रिस्बेन हीट टीम में शामिल किया गया।
जोनासेन को कूल्हे में चोट लगी है, जिसके चलते वह आगामी सत्र से बाहर हो गई हैं।
फ्रेंचाइजी ने बयान में कहा, ‘‘ब्रिसबेन हीट महिला बिग बैश लीग के लिए अपनी टीम में भारतीय क्रिकेटर यास्तिका भाटिया का स्वागत करता है।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘भाटिया चोटिल ऑलराउंडर जेस जोनासेन की जगह डब्ल्यूबीबीएल में खेलेंगी और सिडनी थंडर के साथ होने वाले मुकाबले के लिए इस सप्ताहांत सिडनी में टीम से जुड़ेंगी।’’
ब्रिसबेन हीट के कोच मार्क सोरेल ने कहा, ‘‘हमें जेस की कमी खलेगी, लेकिन यास्तिका को ऑस्ट्रेलिया और एलन बॉर्डर फील्ड में खेलने का अच्छा अनुभव है। हमें उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगी।’’
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए