
तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान समेत पाकिस्तान के कुछ पूर्व खिलाड़ी जाम्बिया के लुसाका में अनधिकृत टूर्नामेंट एशियाई लीजैंड्स खेलने के कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा दो साल के लिये प्रतिबंधित हो सकते हैं ।
पीसीबी ने यहां जारी बयान में स्पष्ट किया है कि एशियाई लीजैंड्स जैसे अनधिकृत टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी जिसमें मान्यता प्राप्त विदेशी लीग में भाग लेने पर दो साल का प्रतिबंध शामिल है ।
बयान में कहा गया ,‘‘ इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड या पाकिस्तान सुपर लीग में दो साल तक क्रिकेट, कोचिंग, सलाहकार, मेंटोर या अन्य पद पर भी काम नहीं कर सकेंगे ।’’
सूत्र ने बताया कि पाकिस्तान के कई नामचीन खिलाड़ियों के नाम लीग की पाकिस्तान पैंथर्स टीम में थे लेकिन लीग अनधिकृत होने का पता चलने पर उन्होंने नाम वापिस ले लिये । इनमें मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, वहाब रियाज, सोहेल तनवीर और उमर अकमल शामिल है ।
मोहम्मद इरफान, इमरान नजीर, तौफीक उमर, राहत अली, यासिर शाह, जाहिद महमूद, हसन रजा और इबरार हुसैन ने हालांकि 31 जुलाई को एक मैच खेला है ।
पाकिस्तान के खिलाफ चल रही 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेलने को लेकर लेकर वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ और हेड कोच डैरन सैमी आमने-सामने हैं। विवाद की वजह से दोनों के पेशेवर और निजी रिश्ते भी खराब हुए हैं। यह वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है। टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स ने अल्जारी जोसेफ और डैरेन सैमी से आपसी विवाद सुलझाने की अपील की है।
सर विवियन रिचर्ड्स ने बुधवार को एंटीगुआ ऑब्जर्वर से कहा, 'मुझे पक्का नहीं पता कि रिश्ते इतने खराब क्यों हो गए हैं। जब वह सेंट लूसिया फ्रेंचाइजी के साथ थे, तब दोनों के बीच बहुत अच्छे रिश्ते थे। इसे फिर से शुरू करने की कोशिश करना जरूरी होगा। हम कभी-कभी गलत कदम उठाते हैं। कभी-कभी लोगों के पेशेवर करियर में रुकावट आती है। इसे ठीक किया जा सकता है।"
रिचर्ड्स ने सैमी के सार्वजनिक बयान पर एतराज जताते हुए कहा कि यह जरूरी नहीं था। इस कहानी के दो पहलू हैं।
पूरे मामले पर गौर करें, तो पाकिस्तान के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम की घोषणा के समय हेड कोच डैरेन सैमी ने कहा था कि अल्जारी जोसेफ ने इस सीरीज में अपने चयन के लिए मना किया था, इसलिए वह टीम में नहीं थे।
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा है कि उनकी टीम अगले वर्ष भारत के खिलाफ होने वाली बहुचर्चित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट श्रृंखला से पहले कोई अभ्यास मैच नहीं खेलेगी।
उनका मानना है कि उपमहाद्वीप जैसी परिस्थितियों में छोटा तैयारी शिविर टीम के लिए अधिक उपयोगी साबित होगा।
पांच टेस्ट मैचों की यह बहुप्रतीक्षित श्रृंखला 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होगी।
मैकडोनाल्ड ने ‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ से कहा, ‘‘हमें लगता है कि परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। इसलिए हम कोई अभ्यास मैच नहीं खेलेंगे। हमारा पूरा ध्यान ऐसी जगह तैयारी करने पर होगा, जहां भारत जैसी परिस्थितियां मिल सकें।"
उन्होंने बताया, ‘‘ टीम के सामने दो विकल्प हैं। ऑस्ट्रेलिया पहले संयुक्त अरब अमीरात में भी तैयारी कर चुका है और 2023 के भारत दौरे से पहले बेंगलुरु में शिविर लगाया था। फिलहाल टीम प्रबंधन इस बात पर विचार कर रहा है कि खिलाड़ियों की तैयारी के लिए कौन-सा विकल्प सबसे उपयुक्त रहेगा।’’
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत दौरे के लिए संभावित खिलाड़ियों में से जो खिलाड़ी उससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला का हिस्सा नहीं होंगे, उन्हें उस दौरान बिग बैश लीग खेलने के बजाय भारत दौरे की तैयारी पर ध्यान देना होगा।
रिपोर्ट के अनुसार मैथ्यू कुहनेमैन, टॉड मर्फी, कूपर कोनोली, पीटर हैंड्सकॉम्ब और मैथ्यू रेनशॉ भारत दौरे के लिए संभावित खिलाड़ियों में शामिल हैं।
ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने कहा कि पेरिस ओलंपिक के बाद भी अपने करियर को जारी रखना उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है क्योंकि पिछले एक साल में चोट, आत्मविश्वास की कमी और मुश्किल दौर से गुजरने के बाद उन्होंने दोबारा वापसी की।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के रिकॉर्ड 10 मुक्केबाजी पदक जीतने के बाद खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात के दौरान 28 वर्षीय लवलीना ने पेरिस ओलंपिक के बाद की चुनौतियों को याद किया। वह 2024 ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई थीं।
लवलीना ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘सबसे पहले तो मेरे लिए इतने लंबे समय तक खेल जारी रखना ही बड़ी बात थी। पेरिस ओलंपिक के बाद कई उतार-चढ़ाव आए। कई बार यह सवाल भी उठा कि मैं आगे खेलना चाहती हूं या नहीं। लेकिन मैंने वापसी की और खेल जारी रखा। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।’’
तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाली लवलीना ने इस बार अपना पहला राष्ट्रमंडल पदक जीता। उन्होंने रजत पदक हासिल किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने लगभग सभी खेलों और प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। लेकिन अगर स्वर्ण पदक जीतती तो और अच्छा होता। मैं अपनी टीम के लिए बहुत खुश हूं, जिसने शानदार प्रदर्शन किया। सात स्वर्ण पदक हम सभी के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब मैं एशियाई खेलों के लिए भी तैयार हूं। मुझे बेहतर प्रदर्शन करके स्वर्ण पदक जीतना है।’’
भारतीय टीम के विदेशी कोच सैंटियागो नीवा ने राष्ट्रमंडल खेलों में टीम के प्रदर्शन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस सफलता से आगामी प्रतियोगिताओं के लिए टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।
दुनिया के दूसरे नंबर के टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज दाईं कलाई की चोट के कारण मंगलवार को सिनसिनाटी ओपन से हट गए। यह चोट उन्हें अप्रैल से परेशान कर रही है।
स्पेन के अल्काराज इस हार्ड कोर्ट टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने की तैयारी कर रहे थे। यह प्रतियोगिता यूएस ओपन से पहले महत्वपूर्ण अभ्यास टूर्नामेंट मानी जाती है।
टूर्नामेंट निदेशक बॉब मोरान ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि कार्लोस जल्द से जल्द कोर्ट पर लौटने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं और भविष्य में सिनसिनाटी में उनका स्वागत करने की उम्मीद करते हैं।"
अल्काराज का पिछला टूर्नामेंट बार्सिलोना ओपन था। इसके बाद वह इस सत्र से बाहर चल रहे हैं।
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए