खेल

खेल: तो ये है IPL में BCCI के कड़े रूख की वजह और मुंबई इंडियंस को बड़ी राहत

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से खिलाड़ियों की निकटता समेत कई ऐसी वजहें रही जिनके कारण बीसीसीआई को कड़े परामर्श जारी करने पड़े। एमआई के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पूरी तरह से तैयार हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

प्रतिबंधित जगहों पर रील बनाना, देर रात तफरीह रहे आईपीएल में बीसीसीआई के कड़े रूख की वजह

प्रतिबंधित जगहों पर रील्स बनाना, सुरक्षा मंजूरी के बिना तफरीह करना और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से खिलाड़ियों की निकटता ऐसी वजहें रही जिनके कारण बीसीसीआई को कड़े परामर्श जारी करने पड़े और अब आईपीएल टीमें निजता से समझौता किए बिना इनका पालन करने की कोशिश में जुटी हैं।

बोर्ड की भ्रष्टाचार निरोधक ईकाई ने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और टीम अधिकारियों के होटल के कमरों में अनधिकृत मेहमानों को लेकर चेताया और यह भी आगाह किया कि यह ‘हनी ट्रैप’ हो सकता है। नतीजतन बीसीसीआई ने परामर्श जारी किया जिसमें मेहमानों पर प्रतिबंध के साथ खिलाड़ियों को अपनी गतिविधियों के बारे में सुरक्षा अधिकारियों को सूचित करना अनिवार्य कर दिया गया है।

इसके उल्लंघन के प्रमुख मामलों में खिलाड़ियों की इंफ्लुएंसर्स से निकटता है जिनकी सेवायें प्रतिभागी टीमों के लिये सोशल मीडिया कंटेट तैयार करने के मकसद से अल्प अवधि के लिये ली जाती हैं।

एक घटना में टीम के युवा खिलाड़ियों में से एक ने कंटेट टीम के नये सदस्य से रील्स बनाने , वीडियो और तस्वीरें लेने में उनकी मदद करने के लिये कहा जो उनके निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करने के लिये था ।

किसी खिलाड़ी के लिए नियो-मीडिया कंटेंट बनाने के लिए बाहर से मदद लेना कोई नयी बात नहीं है लेकिन इस खास मामले में ब्लॉगर ने ‘ट्रैक्शन’ पाने के लिए अपने प्राइवेट अकाउंट पर कुछ वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल किया।

यह शूट सीमारेखा के भीतर किया गया जिसमें टीम के अभ्यास और अन्य मैदानी गतिविधियों के दृश्य हैं । बाद में खिलाड़ी के होटल के कमरे के भी दृश्य इसमें हैं ।

Published: undefined

सूर्यांश ने अपनी सोच में आए बदलाव का श्रेय पोंटिंग और अय्यर को दिया

पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे ने शुक्रवार को मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर को अपनी सोच में आए एक अहम बदलाव का श्रेय दिया।

इस बदलाव ने इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में शेडगे के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है।

मुंबई के इस 23 वर्षीय ऑलराउंडर ने बताया कि अय्यर और पोंटिंग के साथ नियमित बातचीत से उन्हें अपनी तैयारी पर ध्यान देने, वर्तमान में बने रहने और खुद पर भरोसा करने में मदद मिली है। उन्हें जब भी अंतिम एकादश में जगह मिली तो उन्होंने इनकी बदौलत मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया।

शेडगे ने शुक्रवार को एक चर्चा के दौरान कहा, ‘‘आईपीएल से पहले टीम के अंदर हुए एक अभ्यास मैच के दौरान श्रेयस भाई ने मुझसे कहा था कि मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं और मुझे ज्यादा सोचना नहीं चाहिए। अगर मैं उन चीजों के बारे में सोचता जो मेरे नियंत्रण में नहीं थीं तो मैं उस स्थिति में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह तकनीक और रवैये के बारे में बहुत बात करते हैं। ’’

पोंटिंग के प्रभाव के बारे में शेडगे ने कहा कि इस महान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने लगातार तैयारी के महत्व पर जोर दिया है।

Published: undefined

बहुत कम ऐसे खिलाड़ी हैं जो फिन एलन की तरह गेंद पर जोरदार प्रहार करते हैं: बाउचर

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज मार्क बाउचर का मानना ​​है कि विश्व क्रिकेट में ऐसे ‘बहुत कम खिलाड़ी’ हैं जो फिन एलन की तरह गेंद पर जोरदार प्रहार करने की क्षमता रखते हैं।

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज एलन के नाबाद शतक की मदद से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल के एक मैच में दिल्ली कैपिटल्स पर आसान जीत दर्ज की। इससे केकेआर ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद जीवंत रखी।

बाउचर ने जियोहॉटस्टार से कहा, ‘‘फिन एलन जब 20 या 30 रन बना लेते हैं तो उसके बाद वह जिस तरह से गेंद पर जोरदार प्रहार करते हैं वैसे विश्व क्रिकेट में बहुत कम खिलाड़ी कर पाते हैं। जो चीज उन्हें खास बनाती है, वह सिर्फ उनकी ताकत ही नहीं बल्कि उनके शॉट की रेंज और सटीकता भी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चाहे वो मिचेल स्टार्क के खिलाफ फाइन लेग के ऊपर से लगाया गया ‘पिकअप शॉट’ हो या गेंदबाज के सिर के ऊपर से सीधे शॉट, उन्हें देखकर सब कुछ सहज लग रहा था। जो भी गेंद उनकी जद में आती, वह उस पर शानदार तरीके से शॉट लगा रहे थे। एक समय तो ऐसा लग रहा था मानो वह किसी ‘बॉलिंग मशीन’ के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहे हों। यह एक अविश्वसनीय पारी थी।’’

एलन ने शुक्रवार को यहां 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और पांच चौके शामिल हैं।

Published: undefined

आदित्य तारे ने वैभव सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी को सराहा, बोले- वह दबाव नहीं बनने देते

मुंबई के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज आदित्य तारे ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के निडर बल्लेबाजी अप्रोच की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि आईपीएल 2026 में इस युवा ओपनर को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना करते देखना उनके लिए अद्भुत है।

 वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक शानदार रहा है। वैभव 10 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 404 रन बना चुके हैं। वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे दुनिया के बड़े से बड़े गेंदबाज इस लीग में बेबस दिखाई दिए हैं। वह इस सीजन एक शतक और तीन अर्धशतक लगा चुके हैं। वैभव से राजस्थान रॉयल्स की टीम को शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

 आदित्य तारे ने 'स्टार स्पोर्ट्स' पर कहा, "वैभव सूर्यवंशी का बैटिंग अप्रोच बहुत रिस्क वाला है, खासकर पावरप्ले में। वह कभी-कभी बड़े शॉट लगाने के चक्कर में आउट हो जाते हैं, लेकिन यह उनका नेचुरल गेम है। वह दबाव नहीं बनने देते। वह पहली ही गेंद से अटैक करते हैं। यही बात उन्हें खास बनाती है। उन्होंने पिछले सीजन गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए जयपुर में शतक लगाया था। उन्हें इस तरह की पारी को याद रखना चाहिए। उम्मीद है कि वैभव क्रीज पर और ज्यादा समय बिता पाएंगे और शानदार प्रदर्शन करेंगे। पावरप्ले के दौरान उन्हें लीग के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का सामना करते देखना शानदार है।"

Published: undefined

आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस को राहत, आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में उतरेंगे सूर्यकुमार यादव

मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच रविवार को रायपुर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 54वां मैच खेला जाना है, जिसमें खेलने के लिए एमआई के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पूरी तरह से तैयार हैं। सूर्या हाल ही में पिता बने हैं, लेकिन परिवार में नए सदस्य के आने के ठीक 48 घंटे बाद वह आईपीएल मैच के लिए रायपुर पहुंच जाएंगे। 

 'क्रिकबज' के मुताबिक, सूर्या ने अपनी उपलब्धता को लेकर टीम मैनेजमेंट को बता दिया है। अब जल्द ही उनके रायपुर पहुंचने की उम्मीद है। यह हार्दिक पांड्या की रिकवरी पर निर्भर करेगा कि क्या सूर्यकुमार यादव उनके स्थान पर इस मैच के लिए टीम की कमान संभालेंगे या नहीं? क्योंकि पांड्या पीठ में खिंचाव के कारण लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे।

 रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या ने शुक्रवार को फिटनेस टेस्ट पास किया है। अब सब कुछ मुंबई इंडियंस के स्पोर्ट्स मेडिसिन के हेड बेन लैंगली और फिजियो नितिन पटेल पर निर्भर करता है। भले ही पांड्या ने रायपुर में टीम के साथ अभ्यास नहीं किया, लेकिन उम्मीद है कि वह शाम को बाद में अभ्यास करेंगे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined