खेल

खेल: आलोचकों पर भड़के अंजिक्य रहाणे और नीतीश ने गेंदबाजी में बदलाव का श्रेय ‘विशेष व्यक्ति’ को दिया

केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपने स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचना के बारे में कहा कि इस चर्चा के पीछे एक ‘खास एजेंडा’ और ‘ईर्ष्या’ का भाव मौजूद है। नीतीश रेड्डी ने स्वीकार किया कि चोटों के कारण वे अपनी गेंदबाजी में सुधार नहीं कर पाए।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

पावरप्ले में वरुण चक्रवर्ती से गेंदबाजी करवाना अजिंक्य रहाणे का गलत फैसला: इरफान पठान

वरुण चक्रवर्ती को आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का ट्रंप कार्ड माना जाता रहा है। वरुण ने केकेआर के लिए किए गए अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर ही भारतीय टीम में जगह बनाई थी और बड़ी सफलता हासिल की थी, लेकिन टी20 विश्व कप 2026 से शुरू हुआ उनका खराब फॉर्म आईपीएल में भी देखने को मिल रहा है।

गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ हुए मैच में भी वरुण काफी महंगे रहे थे। हालांकि मैच में कप्तान रहाणे का वरुण का इस्तेमाल पावरप्ले में करना पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान को समझ नहीं आया और उन्होंने इस फैसले की आलोचना की है।

इरफान पठान ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर कहा, "अंजिक्य रहाणे को आउट-ऑफ-फॉर्म वरुण से पावरप्ले में गेंदबाजी नहीं करानी चाहिए थी। यह गलत फैसला था। एक गेंदबाज के तौर पर आपका आत्मविश्वास बढ़ाने में कप्तान का बड़ा रोल होता है। अगर वह उस समय आपका साथ नहीं देता जब आपको लगता है कि आप बेहतर कर सकते हैं और आपके पास मोमेंटम है, तो यहीं पर नेतृत्व की जरूरत होती है, इसलिए उसे पावरप्ले में गेंदबाजी नहीं करनी चाहिए थी।"

उन्होंने कहा, "आप एक ऐसे गेंदबाज को खो रहे हैं, जो आपका ट्रंप कार्ड हो सकता है, जो आपका मैच-विनर हो सकता है, जो आपका मैच-विनर रहा है। आप उसे एक कप्तान के तौर पर मुश्किल काम दे रहे हैं।"

Published: undefined

उमेश यादव ने भगवान महाकाल के दर्शन किए, भस्म आरती में शामिल हुए

तेज गेंदबाज उमेश यादव शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी तान्या वाधवा के साथ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यादव ने पत्नी के साथ भस्म आरती में हिस्सा लिया।

भगवान महाकाल के दर्शन के बाद उमेश यादव ने कहा कि वह अक्सर आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर आते हैं और उनका मानना ​​है कि भगवान महाकाल के बुलाए बिना कोई भी यहां नहीं आ सकता।

उन्होंने कहा, "अनुभव बहुत अच्छा था। मैं यहां अक्सर आता रहता हूं, और जैसा कि कहते हैं, आप यहां बुलाए बिना नहीं आ सकते, इस बार का एहसास सच में खास था। बाबा का दर्शन करके बहुत अच्छा लगा। मैंने अपनी हर योजना और आगे जो कुछ भी है, उसके लिए बाबा का आशीर्वाद मांगा।"

उमेश यादव ने कहा, "मैं बस उम्मीद करता हूं कि मेरी जिंदगी बेहतर होती रहे और मेरे सारे काम अच्छे से हों। मैं दुनिया में सभी की भलाई के लिए भी प्रार्थना करता हूं — बाबा का आशीर्वाद हमेशा सभी पर बना रहे।"

Published: undefined

मेरे स्ट्राइक रेट की आलोचना करने के पीछे खास एजेंडा: रहाणे

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपने स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचना के बारे में कहा कि इस चर्चा के पीछे एक ‘खास एजेंडा’ और ‘ईर्ष्या’ का भाव मौजूद है।

रहाणे ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘जहां तक मेरे स्ट्राइक रेट का सवाल है तो मुझे लगता है कि 2020 से अब तक मेरा स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है। जो लोग मेरे बारे में बात कर रहे हैं, शायद वे मैच नहीं देख रहे हैं या उनके मन में मेरे खिलाफ कोई खास एजेंडा है। उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे नहीं चाहते कि मैं खेलता रहूं। मैंने जितनी सफलता हासिल की है उसे देखकर शायद वे मुझसे ईर्ष्या करते हैं। मुझे इसकी ज्यादा चिंता नहीं है।’’

Published: undefined

नीतीश ने गेंदबाजी में बदलाव का श्रेय ‘विशेष व्यक्ति’ को दिया, कहा ‘पहचान बाद में बताऊंगा’

सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेल रहे भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने एक मुश्किल दौर के बाद गेंदबाजी में अपनी लय हासिल करने में मदद करने के लिए एक ‘विशेष व्यक्ति’ को श्रेय दिया है, लेकिन फिलहाल वह उस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं करना चाहते हैं।

प्रत्येक प्रारूप में खेलने वाले इस 22 वर्षीय खिलाड़ी को भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है, लेकिन पिछले एक साल से फिटनेस समस्याओं के कारण उनकी प्रगति पर असर पड़ा है।

रेड्डी ने स्वीकार किया कि चोटों के कारण वे अपनी गेंदबाजी में सुधार नहीं कर पाए।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल मैच में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं शुरू से ही अपनी गेंदबाजी पर काम करना चाहता था लेकिन पिछले साल चोटिल होने के कारण मुझे इसके लिए समय नहीं मिल पाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस सत्र के शुरू होने से पहले मुझे थोड़ा समय मिल गया और मैंने एक विशेष व्यक्ति के साथ एक सप्ताह तक अच्छा अभ्यास किया। इससे मुझे वाकई मदद मिली और उन्होंने मुझसे जो कुछ भी कहा था, वह अब समझ में आ रहा है। अब सब ठीक चल रहा है।’’

उस ‘विशेष व्यक्ति’ की पहचान के बारे में पूछे जाने पर रेड्डी ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘मैं इसका खुलासा बाद में करूंगा।’’

Published: undefined

जब मैं भावनात्मक रूप से कमजोर था, तब दिनेश कार्तिक ने मेरी मदद की: जितेश शर्मा

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के उप कप्तान जितेश शर्मा ने कहा कि जब अपने पिता के निधन के बाद वह भावनात्मक रूप से कमजोर महसूस कर रहे थे तब पूर्व भारतीय विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने उनकी काफी मदद की।

जितेश ने कहा कि इस साल फरवरी में उनके पिता के निधन के बाद कार्तिक ने उन्हें कुछ समय के लिए खेल से दूर रहने और भावनात्मक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया था।

जितेश ने आरसीबी के एक पॉडकास्ट में कहा, ‘‘‘डीके (दिनेश कार्तिक) अन्ना ने मुझसे कहा कि मैं थोड़ा आराम करूं। कुछ समय के लिए खेल से दूर रहूं तथा अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताऊं। इससे मुझे फिर से तरोताजा होने में मदद मिली।’’

पिछले महीने जितेश ने पीटीआई से कहा था कि पिता के निधन के बाद उनके जीवन में प्राथमिकताएं कैसे बदल गईं।

जितेश ने पिछले साल आरसीबी की आईपीएल में पहली खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी जिसमें कार्तिक ने बल्लेबाजी कोच और मेंटोर (मार्गदर्शक) के रूप में भी योगदान दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे अच्छे प्रदर्शन का बहुत सारा श्रेय डीके अन्ना को जाता है। उन्होंने मुझे अपने खेल को बेहतर ढंग से समझने, अपनी ताकत का सही उपयोग करने और मानसिक रूप से मजबूत बनने में मदद की।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined