
एशियाई फुटबॉल परिसंघ के महासचिव विंडसन जॉन ने कहा है कि ईरान जून में अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले फीफा विश्व कप में भाग लेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के जवाब में ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा था कि उसे विश्व कप से कोई बाहर नहीं रख सकता।
सोमवार को जॉन ने कहा कि महासंघ ने ऐसा कुछ नहीं सुना है जिससे यह आशय निकाला जाये कि ईरान विश्व कप नहीं खेलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘वे हमारे सदस्य हैं और हम चाहते हैं कि वे खेलें। जहां तक मुझे पता है, ईरान खेल रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह काफी भावुक पल है और हर कोई बहुत कुछ कह रहा है। आखिर में ईरानी फुटबॉल महासंघ को तय करना चाहिये कि वे खेल रहे हैं या नहीं। अभी तक तो उन्होंने हमें यही कहा है कि वे विश्व कप खेलने जा रहे हैं।’’
इससे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा था कि ईरान से जारी जंग के बावजूद विश्व कप में ईरान की टीम का स्वागत है लेकिन यह भी कहा, ‘‘मेरा मानना है कि उनकी अपनी जिंदगी और सुरक्षा के लिये यह सही नहीं होगा कि वे विश्व कप में आयें।’’
दरअसल ईरान को विश्व कप के अपने तीनों ग्रुप मैच अमेरिका में खेलने हैं। ईरान के खेलमंत्री अहमद दोनियामली ने पिछले सप्ताह सरकारी टीवी पर कहा था कि मौजूदा हालात में खेलना संभव नहीं हे। लेकिन ईरान की टीम ने इंस्टाग्राम पर पुष्टि की कि वे खेलना चाहते हैं और यह भी कहा कि टूर्नामेंट फीफा का है, ट्रंप या अमेरिका का नहीं।
Published: undefined
पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए वनडे सीरीज में करारी हार का सामना करना पड़ा है। रविवार को सीरीज का तीसरा मुकाबला ढाका में खेला गया। पाकिस्तान को 11 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश ने सीरीज 2-1 से जीत ली। तीसरे वनडे में हार के साथ ही सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने मैच के दौरान हुए अंपायरिंग फैसले को लेकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। टीम मैनेजमेंट ने मैच रेफरी के पास ऑन-फील्ड अंपायर के एक विवादित निर्णय के खिलाफ आपत्ति जताई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विवाद मैच की आखिरी से दूसरी गेंद पर लिए गए एलबीडब्ल्यू रिव्यू से जुड़ा है।
पाकिस्तान का आरोप है कि बांग्लादेश की टीम ने बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले देखने के बाद रिव्यू लेने का फैसला किया, जो कि तय नियमों के खिलाफ है। नियमों के मुताबिक, किसी भी टीम को रिव्यू लेने का फैसला रिप्ले स्क्रीन पर आने से पहले करना होता है। मैच के उस अहम मोड़ पर पाकिस्तान को जीत के लिए दो गेंदों पर 12 रन चाहिए थे। बांग्लादेश के गेंदबाज रिशाद हुसैन की गेंद लेग स्टंप की ओर पिच हुई और बल्लेबाज शाहीन शाह अफरीदी से दूर लेग साइड की तरफ घूम गई। ऑन-फील्ड अंपायर ने इसे वाइड करार दिया था। हालांकि, कुछ देर चर्चा के बाद बांग्लादेश ने एलबीडब्ल्यू के लिए रिव्यू ले लिया, जबकि गेंद अफरीदी के पैरों या शरीर के किसी भी हिस्से से नहीं टकराई थी। पाकिस्तान का कहना है कि स्क्रीन पर रिप्ले आने के बाद रिव्यू लिया गया, जिससे फैसले पर असर पड़ा। टीम ने यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेश ने रिव्यू लेने में तय 15 सेकंड से ज्यादा समय लिया।
हालांकि आधिकारिक प्रसारण में कोई टाइमर नहीं दिखाया गया, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि रिव्यू निर्धारित समय के भीतर लिया गया था या नहीं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस शिकायत के जरिए क्या कार्रवाई चाहता है, लेकिन माना जा रहा है कि मैच रेफरी की ओर से स्पष्टीकरण या माफी मिलने से मामला शांत हो सकता है। टी20 विश्व कप 2026 के बाद दोनों देशों के बीच हुई इस पहली वनडे सीरीज के दौरान कई बार दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनाव देखने को मिला। सलमान अली आगा का रन आउट इसमें प्रमुख है। आगा के रन आउट के बांग्लादेश के अपील को पाकिस्तान टीम ने खेल भावना के विपरीत माना था।
Published: undefined
गुजरात उच्च न्यायालय ने सोमवार को भारत के पूर्व क्रिकेटर किरण मोरे और तीन अन्य को बड़ौदा क्रिकेट संघ (बीसीए) के चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर दिया। अदालत ने निर्वाचन अधिकारी के उस फैसले को रद्द कर दिया जिसमें विभिन्न पदों के लिए उनके नामांकन पत्रों को स्वीकार किया गया था। न्यायमूर्ति निरल आर मेहता ने उस याचिका को स्वीकार कर लिया जिसमें उच्चतम न्यायालय के उस फैसले का हवाला दिया गया था जिसमें क्रिकेट संस्था में उम्मीदवारों के नौ साल का कुल कार्यकाल पूरा करने और अनिवार्य ब्रेक (कूलिंग ऑफ अवधि) का जिक्र था।
अदालत ने चुनाव अधिकारी के उस फैसले को रद्द कर दिया जिसमें उन्होंने पदाधिकारियों के पद के लिए मोरे, अमूल जिकर, अनंत इंदुलकर और अमर पेटीवाले के नामांकन पत्र स्वीकार किए थे और 22 फरवरी को जारी उम्मीदवारों की अंतिम सूची में उनके नाम प्रकाशित किए थे।याचिका को स्वीकार करते हुए अदालत ने कहा कि प्रतिवादी बीसीए के पदाधिकारियों के पद के लिए चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हैं।
अदालत ने कहा, ‘‘नतीजतन निर्वाचन अधिकारी द्वारा पदाधिकारियों के पद के लिए प्रतिवादियों के नामांकन पत्र स्वीकार करने और 22 फरवरी को जारी उम्मीदवारों की अंतिम सूची में उनके नाम प्रकाशित करने का फैसला रद्द किया जाता है।’’ अदालत ने निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया कि वह चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं और कानून तथा आदेश में की गई टिप्पणियों के अनुसार परिणाम घोषित करें। अदालत ने प्रतिवादियों के अंतरिम व्यवस्था के अनुरोध को भी स्वीकार कर लिया और उन्हें अदालत के आदेश को लेकर अपील करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया।
Published: undefined
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स और अमेरिका के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक को आईसीसी के फरवरी महीने के श्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। तीनों खिलाड़ियों ने टी20 विश्व कप 2026 में अपनी-अपनी टीमों के लिए श्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। पाकिस्तान का टी20 विश्व कप 2026 में सफर सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ सका था। पाकिस्तान ने सुपर-8 का अपना आखिरी मैच 28 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेला जिसमें जीत के बावजूद टीम सेमीफाइनल में नहीं जा सकी थी। पाकिस्तान के लिए पारी की शुरुआत करने वाले साहिबजादा फरहान का टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन रहा था। फरहान ने 6 मैचों की 6 पारियों में 2 शतक सहित 383 रन बनाए और टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोर रहे थे। विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए वह टी20 विश्व कप के एक एडिशन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। फरहान की वजह से ही पाकिस्तान सुपर-8 में भी पहुंच सकी थी।
इंग्लैंड को सेमीफाइनल में पहुंचाने में ऑलराउंडर विल जैक्स का अहम रोल रहा था। जैक्स ने गेंद और बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया था। जैक्स ने टी20 विश्व कप 2026 में 4 बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से ही इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच सकी थी। जैक्स ने 8 मैचों की 8 पारियों में 176.56 की स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए थे, वहीं 9 विकेट लिए थे। अमेरिका ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी थी, लेकिन पिछले एडिशन में पाकिस्तान को हराने वाली इस टीम ने इस बार भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। इसकी बड़ी वजह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक रहे। 37 साल के इस गेंदबाज ग्रुप स्टेज के सभी 4 मैचों में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। भारत और पाकिस्तान के बल्लेबाजों को इस गेंदबाज ने परेशान किया था।
शैडली वैन शाल्कविक 4 मैचों में 13 विकेट लिए थे और टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर संयुक्त रूप से जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती हैं। दोनों के 14-14 विकेट हैं। हालांकि, बुमराह ने 8 जबकि वरुण ने 9 मैच खेले थे। बुमराह की इकॉनमी भी वरुण से बेहतर थी। देखना होगा कि साहिबजादा फरहान, विल जैक्स और शैडली वैन शाल्कविक में किसे फरवरी महीने के लिए श्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया जाता है।
Published: undefined
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी समेत पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना और श्रीलंकाई बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को फरवरी माह के लिए 'आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' के लिए नामित किया गया है। दाएं हाथ की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया में तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारत की गेंदबाजी की अगुवाई की। वह सर्वाधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनकर उभरीं, जिन्होंने 10.87 की औसत के साथ 8 विकेट हासिल किए। अरुंधति रेड्डी ने सीरीज के पहले मैच में 22 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। अगले मैच में 30 रन देकर 2 विकेट निकाले। सीरीज के तीसरे मैच में 35 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। विकेट लेने की उनकी काबिलियत ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखने में बहुत अहम साबित हुई। आखिरकार भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
दूसरी ओर, श्रीलंका की टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रीलंका की 2-1 से सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई। इस बाएं हाथ की खिलाड़ी ने सीरीज में सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 3 वनडे मुकाबलों में 57 की औसत से कुल 171 रन बनाए। समरविक्रमा ने सीरीज में 66, 35 और 70 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए हर्षिता को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।
पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्ले के साथ गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया। फातिमा ने वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 52 रन बनाने के साथ 2 विकेट हासिल किए और तीसरे मैच में 60 रन बनाने के साथ 2 विकेट निकाले। उन्होंने वनडे सीरीज में 39 की औसत के साथ 117 रन जुटाए। वहीं, फातिमा टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 73 की औसत के साथ कुल 146 रन बनाए। सीरीज के पहले मैच में फातिमा ने 90 रन की पारी खेली। इसके बाद अगले मुकाबले में 9 रन बनाए। अंतिम मुकाबले में फातिमा ने 47 रन की नाबाद पारी खेलने के साथ 2 विकेट निकाले।
Published: undefined