न्यूजीलैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को चौथे टी20 मुकाबले में 87 रनों से हराया। भारतीय टीम 260 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी।
भारतीय टीम की यह रनों के लिहाज से टी20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे बड़ी हार है। टीम इंडिया को क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे बड़ी हार का सामना साल 2026 में ही इंग्लैंड के खिलाफ करना पड़ा था। इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को 125 रनों से हराया था। इसके साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में चला आ रहा भारत का विजय रथ भी थम गया। भारत को लगातार 10 मैच जीतने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। संजू सैमसन 4 रन बनाकर आउट हुए, तो ईशान किशन अपना खाता तक नहीं खोल सके। वहीं, अभिषेक शर्मा 27 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर 11 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। वहीं, अक्षर पटेल 7 और नीतीश कुमार रेड्डी 21 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा ने टीम की ओर से सर्वाधिक 35 रन बनाए, तो नमन धीर ने 28 रनों का योगदान दिया। प्रिंस यादव 18 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शुक्रवार को ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच के दौरान अपने 150 विकेट किए। वह अंतरराष्ट्रीय टी20 में 150 विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज हैं।
अर्शदीप ने न्यूजीलैंड की पारी के 19वें ओवर में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की।
अर्शदीप ने डेब्यू के बाद सबसे कम दिन में टी20 आई, में 150 विकेट लिए हैं। नवंबर 2022 में अपना टी20 डेब्यू करने वाले अर्शदीप ने 1577 दिनों में 150 टी20 विकेट पूरे किए। डेब्यू के बाद सबसे तेज 150 विकेट तक पहुंचने वाले पिछले खिलाड़ी का रिकॉर्ड श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा के नाम था। हसरंगा ने 2325 दिनों में अपने 150 विकेट पूरे किए थे।
बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज गेंदों के हिसाब से 150 विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर है। अर्शदीप ने 2143 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की है। हसरंगा (2035 गेंदें) पहले और राशिद खान (2098) दूसरे नंबर पर हैं। अर्शदीप सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को पीछे छोड़ा।
भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग को अंडर-19 एशिया कप के लिए शुक्रवार को घोषित भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) पुरुष अंडर-19 एशिया कप का आयोजन वनडे प्रारूप में पांच से 14 नवंबर तक ओमान की राजधानी मस्कट में किया जाएगा।
कर्नाटक के अन्वय और दिल्ली के आर्यवीर ने हाल ही में संपन्न वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।
सत्रह साल के अन्वय ने इस महीने की शुरुआत में अंडर-19 प्रतियोगिता में गुजरात के खिलाफ महज 100 गेंदों पर 151 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत कर्नाटक ने 300 से अधिक रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था।
उन्होंने इससे पहले जुलाई में हंबनटोटा में श्रीलंका के खिलाफ युवा एकदिवसीय मुकाबले में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उन्होंने उस मैच में 67 गेंदों पर 87 रन बनाए थे।
उन्नीस वर्षीय आर्यवीर सहवाग ने भी वीनू मांकड़ ट्रॉफी में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विजयनगरम में चंडीगढ़ के खिलाफ 143 गेंदों पर 173 रन की तूफानी पारी खेली थी।
भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने शुक्रवार को बताया कि वह हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर गई हैं, जिसके कारण वह तीन महीने तक खेल से दूर थीं। अब वह दिसंबर में साउथ अफ्रीका के मल्टी-फॉर्मेट दौरे के लिए भारतीय टीम में वापसी कर सकती हैं।
जेमिमा ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, "जिंदगी का अपडेट। हैमस्ट्रिंग अब पूरी तरह फिट है। 3 महीने के रिहैब के बाद अब मैं मैदान पर लौटने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।" 26 वर्षीय जेमिमा को इस साल इंग्लैंड में 'विमेंस हंड्रेड' टूर्नामेंट के दौरान सदर्न ब्रेव की ओर से वेल्श फायर के खिलाफ खेलते हुए अपनी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। इसके बाद में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हुए स्कैन से पता चला कि यह एक गंभीर (हाई-ग्रेड) चोट थी। इस वजह से जेमिमा यूएई में हुए विमेंस टी20 एशिया कप, जापान में हुए एशियन गेम्स 2026 और हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की घरेलू व्हाइट-बॉल सीरीज से बाहर हो गई थीं।
फिलहाल, कोई अंतरराष्ट्रीय या फ्रेंचाइजी क्रिकेट प्रतिबद्धता न होने के कारण उम्मीद है कि साउथ अफ्रीका दौरे के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं द्वारा टीम चुने जाने से पहले जेमिमा सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलेंगी। इस दौरे की शुरुआत 9 दिसंबर को गेबेरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में एक टेस्ट मैच से होगी। इसके बाद तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। सीरीज का पहला वनडे मुकाबला पार्ल के बोलैंड पार्क में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच केपटाउन के न्यूलैंड्स में 19 दिसंबर को खेला जाना है। वहीं, तीसरा वनडे 22 दिसंबर को ब्लोमफोंटेन के मंगाउंग ओवल में खेला जाएगा। दौरे का समापन तीन टी20 मैचों के साथ होगा—पहला मैच 26 दिसंबर को बेनोनी के विलोमूर पार्क में, और आखिरी दो मैच क्रमशः 29 और 30 दिसंबर को पॉचेफस्ट्रूम के सेनवेस पार्क में खेले जाएंगे।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने कहा कि उनकी टखने की चोट में काफी सुधार हुआ है और वह अगले कुछ सप्ताह में फिर से अभ्यास शुरू करने और ‘रिहैबिलिटेशन’ से गुजरने की योजना बना रहे हैं।
चोपड़ा चोटिल होने के कारण जापान में एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पाए थे। भाला फेंक के इस सुपरस्टार ने 2021 में तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण और 2024 की पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीता था। वह इस साल अगस्त में अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे। इस कारण वह डायमंड लीग फाइनल्स में भी नहीं खेल पाए थे।
उन्होंने कहा कि जाने-माने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनशॉ परदीवाला से परामर्श लेने के बाद अब उनकी हालत काफी बेहतर हुई है।
चोपड़ा ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) मीडिया से कहा, ‘‘मेरी चोट अब काफी बेहतर है। पहले डेढ़ महीने में मुझे कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब इसमें काफी सुधार हुआ है।’’
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए