खेल

खेल: 'सूर्यवंशी पर नहीं पड़ता ‘प्रसिद्धि और चकाचौंध’ का असर' और भारत को ऑस्ट्रेलिया पर जीत का भरोसा

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगाकारा ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना की है। शेफाली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी विश्व स्तरीय टीम के खिलाफ भारत का आत्मविश्वास मजबूत है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

सूर्यवंशी पर नहीं पड़ता ‘प्रसिद्धि और चकाचौंध’ का असर: संगाकारा

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगाकारा ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि वह ‘प्रसिद्धि और चकाचौंध’ से प्रभावित होने वाले खिलाड़ी नहीं हैं और दबाव में भी बेहद सहज रहते हैं।

श्रीलंका के इस पूर्व दिग्गज कहा कि यह आक्रामक किशोर बल्लेबाज भारत के साथ-साथ विश्व क्रिकेट में भी बड़ा नाम बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी के करियर को समझदारी से आगे बढ़ाने और परिवार और टीम के मजबूत सहयोग की जरूरत होगी।

संगाकारा ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से बातचीत में कहा, “उन्हें आने वाले समय में क्रिकेट और व्यावसायिक स्तर पर कई अवसर मिलेंगे। इन सबके बीच संतुलन बनाना और उसे मिलने वाला समर्थन बेहद महत्वपूर्ण होगा। लेकिन एक बात तय है कि उसे बल्लेबाजी करना पसंद है। प्रसिद्धि और चकाचौंध का उस पर ज्यादा असर नहीं होता। वह जमीन से जुड़ा और जिज्ञासु स्वभाव का है।’’

उन्होंने यह भी बताया कि वैभव केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहता और खेल के बाहर भी उसकी रुचियां हैं।

इस पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ “वह केवल क्रिकेट के बारे में ही नहीं सोचता है। उसके जीवन में अन्य चीजों के लिए भी जगह है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह भारतीय क्रिकेट, विश्व क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बड़ा प्रभाव छोड़ेगा। वह मानसिक रूप से मजबूत है और लोकप्रियता को अच्छी तरह संभाल लेगा।’’

Published: undefined

सरल रणनीति से भारत को ऑस्ट्रेलिया पर जीत का भरोसा: शेफाली

भारत की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा है कि महिला टी20 विश्व कप में टीम के करो या मरो जैसे अहम मुकाबले में खेल को सरल रखना ही ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराने की सबसे अच्छी रणनीति है।

ग्रुप ए में सेमीफाइनल की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के छह अंक हैं और वह बांग्लादेश से भिड़ेगी, जबकि भारत (छह अंक) का मुकाबला अजेय ऑस्ट्रेलिया (आठ अंक) से होगा।

शेफाली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी विश्व स्तरीय टीम के खिलाफ भारत का आत्मविश्वास मजबूत है। उन्होंने कहा, “हमने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में टी20 श्रृंखला जीती है, जिससे हमारा भरोसा मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा, “हम पिछले कई वर्षों से उनके खिलाफ खेल रहे हैं। हम उनके गेंदबाज़ों और रणनीतियों को जानते हैं। इसलिए हमें चीजों को सरल रखना होगा और अपनी ताकत पर भरोसा करना होगा। ज्यादा सोचने से खेल मुश्किल हो जाता है।’’

शेफाली ने कहा कि वह शुरुआती मैच में जरूरत से ज्यादा सोच रही थीं, लेकिन अब उन्होंने अपनी स्वाभाविक शैली पर लौटकर बेहतर प्रदर्शन किया है।

Published: undefined

मिस्र के स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सालाह के बाएं घुटने में चोट लगी

मिस्र के स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सालाह के बाएं घुटने में विश्व कप में ईरान के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच के दौरान चोट लग गई जिसके कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

मिस्र के मुख्य कोच होसाम हसन ने 57वें मिनट में सालाह की जगह मुस्तफा ज़िको को मैदान में उतारा। हसन ने कहा कि सालाह को चोट लग गई थी जिसके कारण उन्हें बाहर बुलाना पड़ा। टीम का मेडिकल स्टाफ उनकी चोट का आकलन कर रहा है।

हसन ने कहा, “मैंने सालाह से बात की और उसने कहा कि वह ठीक हो जाएगा और चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। हमारे पास अभी अगले मैच से पहले काफी समय है। मुझे लगता है कि चोट गंभीर नहीं है और उसने मुझे भरोसा दिलाया कि वह ठीक हो जाएगा।’’

Published: undefined

फीफा वर्ल्ड कप: मिस्र ने पहली बार बनाई राउंड ऑफ 32 में जगह, ड्रॉ के साथ ईरान की उम्मीदें भी कायम

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप जी मुकाबले में मिस्र और ईरान के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। इस नतीजे के साथ ही मिस्र ने विश्व कप के इतिहास में पहली बार राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह बना ली है।

ग्रुप जी में मिस्र दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रहा, जबकि ईरान तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि, ईरान की नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ 8 टीमें राउंड ऑफ 32 में पहुंच सकती हैं और इस लिस्ट में ईरान अभी छठे नंबर पर काबिज है। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

मैच के शुरुआती मिनटों में मिस्र का दबदबा देखने को मिला। महमूद साबेर ने मुकाबले के पांचवें मिनट में ही पहला गोल दागा और टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, ईरान ने मिस्र की इस बढ़त को ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रहने दिया। मैच के 14वें मिनट में ईरान के लिए रमिन रेजाइएन ने गोल किया और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास लिए, लेकिन पहले हाफ में किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लग सकी और शुरुआती 45 मिनटों तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा।

Published: undefined

लगातार इतिहास रचने की चाहत, जोकोविच के जुनून से हैरान विजय अमृतराज

विंबलडन 2026 की शुरुआत 29 जून से होगी, जिसमें सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच टेनिस इतिहास का एक और पन्ना पलटने की तैयारी कर रहे हैं। भारतीय टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज का मानना है कि जोकोविच की सबसे बड़ी ताकत उनके रिकॉर्ड-तोड़ कारनामे नहीं, बल्कि महानता की नई ऊंचाइयों को छूने की कभी न खत्म होने वाली चाहत है।

अमृतराज ने जोकोविच के 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की ओर बढ़ने को टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानी बताया, साथ ही उन्होंने यानिक सिनर और कार्लोस अल्काराज की अगुवाई वाली अगली पीढ़ी पर भी अपनी राय रखी। अमृतराज मानते हैं कि खेल में लगभग सभी बड़े खिताब जीतने के बाद भी जोकोविच की लगातार बनी हुई भूख ही उन्हें सबसे अलग बनाती है।

 अमृतराज ने विंबलडन 2026 से पहले जियोस्टार मीडिया डे के दौरान 'आईएएनएस' से ​​कहा, "आप बिल्कुल सही कह रहे हैं, सबसे पहले हमें नोवाक जोकोविच के बारे में बात करनी चाहिए। इतना कुछ जीतने के बाद भी इस खिलाड़ी को हर चीज हासिल करने के लिए क्या चीज प्रेरित करती है? उन्होंने इतिहास में किसी भी अन्य बड़े टूर्नामेंट के मुकाबले सबसे ज्यादा सिंगल्स खिताब जीते हैं। कोई भी उनका रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाएगा, खासकर मेरे जीवनकाल में तो बिल्कुल नहीं। इसलिए मुझे लगता है कि वह 25वें खिताब के लिए सिर्फ अपने जुनून और कड़ी मेहनत करने की इच्छा की वजह से आगे बढ़ रहे हैं।"

पूर्व विंबलडन क्वार्टर-फाइनलिस्ट ने पेरिस में हालिया निराशा के बावजूद वर्ल्ड नंबर 1 यानिक सिनर के एक दमदार खिलाड़ी बने रहने का समर्थन करते हुए कहा कि इस इटैलियन खिलाड़ी ने बार-बार मुश्किलों से उबरने की क्षमता दिखाई है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined