
मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने शुक्रवार को अधिकारियों और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की जिसमें एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच से पहले सुरक्षा और बचाव के इंतजामों का जायजा लिया गया।
आईपीएल कार्यक्रम के मुताबिक दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग का 19वां सत्र 28 मार्च से शुरू हो रहा है। इस टूर्नामेंट का पहला मैच यहीं खेला जाएगा जिसमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
फिर पांच अप्रैल को आरसीबी का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से होगा।
एक बयान में बताया गया कि रजनीश को स्टेडियम के अंदर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, शहर की ट्रैफिक प्रणाली में किए गए बदलाव, पार्किंग के इंतजाम, पीने के पानी की सुविधा और क्रिकेट प्रशंसकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए अन्य जरूरी कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
पिछले साल जून में आरसीबी की पहली आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद यह पहला बड़ा मैच है।
Published: undefined
सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ शनिवार को मुकाबला खेलेगी, जिससे पहले पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने साल 2016 की चैंपियन एसआरएच के लिए अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन चुनी है। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है।
आईपीएल 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद को एक बड़ा झटका लगा है। कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 चैंपियन टीम के सदस्य ईशान किशन टीम की कप्तानी करेंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद के पास प्लेइंग इलेवन में कमिंस की जगह लेने के लिए कई विकल्प हैं, जिनमें ऑलराउंडर ब्राइडन कार्स, डेविड पेन और ईशान मलिंगा शामिल हैं। चोपड़ा ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज को चुना है, क्योंकि उन्हें लगता है कि टीम की गेंदबाजी कमजोर है और उसे डेथ ओवर्स के लिए एक स्पेशलिस्ट गेंदबाज की जरूरत होगी।
आकाश ने एसआरएच मैनेजमेंट से गुजारिश की है कि वे नीतीश कुमार रेड्डी को नंबर 5 से नीचे बल्लेबाजी के लिए न भेजें। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो में कहा, "उनके सामने दूसरा बड़ा सवाल यह है कि नीतीश कुमार रेड्डी के साथ क्या किया जाए। उन्हें अब तक यह समझ नहीं आया है कि उन्हें किस नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाए। मुझे लगता है कि उन्हें नंबर 5 पर बल्लेबाजी करवानी चाहिए, लेकिन कभी-कभी उन्हें नंबर 6 पर भेज दिया जाता है और कभी-कभी नंबर 4 पर। वे उनके लिए कभी कोई पक्की जगह नहीं खोज पाए।"
आकाश चोपड़ा की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, सलिल अरोड़ा, हर्षल पटेल, शिवम मावी, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।
इम्पैक्ट प्लेयर: जीशान अंसारी/शिवांग कुमार।
Published: undefined
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाना है। अंबाती रायडू ने उन चार टीमों के नाम बताए हैं, जो इस सीजन सेमीफाइनल तक पहुंच सकती हैं।
रायडू ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' के साथ बात करते हुए कहा कि उनके हिसाब से आईपीएल 2026 के सेमीफाइनल का टिकट आरसीबी, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स कटा सकती हैं। उल्लेखनीय है कि आरसीबी ने पिछले सीजन 18 साल का सूखा खत्म करते हुए आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था। रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम इस सीजन अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।
वहीं, मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 में दूसरे क्वालिफायर तक का सफर तय किया था। हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मुंबई इस सीजन काफी दमदार नजर आ रही है। टीम के पास बल्लेबाजी क्रम में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रयान रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा, और खुद कप्तान हार्दिक के रूप में धाकड़ बल्लेबाज मौजूद हैं। इसके साथ ही ऑक्शन में टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड को खरीदा है, जिसके बाद टीम का बल्लेबाजी क्रम और भी ज्यादा मजबूत दिखाई दे रहा है। मुंबई का गेंदबाजी अटैक भी काफी संतुलित दिख रहा है।
Published: undefined
इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने उनके क्रिकेट करियर पर सबसे बड़ा असर डाला है। बटलर की हालिया फॉर्म अच्छी नहीं चल रही है और वह टी20 विश्व कप 2026 में रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए थे।
बटलर ने बताया कि आईपीएल में खेलते समय उन्हें दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों और कोचों से सीखने का मौका मिलता है। यही अनुभव उन्हें इंग्लैंड के लिए टेस्ट, वनडे, और टी20—तीनों फॉर्मेट में खेलने में बहुत मदद करता है।
उन्होंने कहा कि इस लीग में होने वाली बातचीत और सीख उनके खेल को बेहतर बनाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि दिग्गज खिलाड़ी केविन पीटरसन ने भी आईपीएल के दौरान राहुल द्रविड़ से सीखकर अपने खेल में सुधार किया था। बटलर ने खुद भी कहा कि उन्हें मैथ्यू हेडन जैसे बड़े खिलाड़ियों से बात करने का मौका मिला, जो आमतौर पर नहीं मिलता।
बटलर के आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 121 मैचों में 4,120 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए बटलर का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने 14 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 538 रन बनाए थे। बटलर ने शुभमन गिल और साई सुदर्शन के साथ मिलकर टीम के टॉप ऑर्डर को मजबूती प्रदान की थी।
Published: undefined
ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने ऋषभ पंत की नेतृत्वक्षमता की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का कप्तान सुझाव लेने की प्रति खुली सोच रखता है जिससे टीम के अंदर सकारात्मक माहौल पैदा होता है।
एलएसजी के पास मार्श और एडन मार्करम के रूप में दो अंतरराष्ट्रीय कप्तान हैं।
मार्श ने पीटीआई से साक्षात्कार में कहा, ‘‘बात बस इतनी सी है कि आप अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें, ऋषभ को हर संभव सहयोग दें। वह एक बेहतरीन युवा खिलाड़ी है जो अपनी टीम का नेतृत्व बखूबी करता है। वह हमेशा फीडबैक और सुझाव लेने के लिए तैयार रहता है और उस पर अमल भी करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम में कुछ बहुत अच्छे नेतृत्वकर्ता हैं जो काफी महत्व रखते हैं। मेरे लिए जहां जरूरत है वहां योगदान देना महत्वपूर्ण है।’’
मार्श ने कहा कि अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखना और टीम पर सकारात्मक प्रभाव डालना ही उनका मुुख्य लक्ष्य है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करूंगा। पिछला साल मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से काफी अच्छा रहा था और तब मैंने निरंतरता बनाए रखी थी। लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं इस टीम पर सकारात्मक प्रभाव कैसे डाल सकता हूं और अधिक से अधिक मैच जीतने में कैसे योगदान दे सकता हूं।’’
मार्श ने सकारात्मक माहौल बनाने में टीम के मालिक संजीव गोयनका और पंत की भूमिका की भी सराहना की।
आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined