आईसीसी की ताजा रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की उभरती हुई ओपनर जॉर्जिया वोल अपने करियर में पहली बार बैटिंग रैंकिंग के टॉप 10 में शामिल हो गई हैं। वहीं, न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने भी प्रगति की है। हरमनप्रीत कौर एक स्थान ऊपर चढ़कर 14वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
जॉर्जिया वोल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में महज 8 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में 23 गेंदों का सामना करते हुए 7 बाउंड्री के साथ ताबड़तोड़ 39 रन बनाए थे। इस शानदार वोल बल्लेबाजों की रैंकिंग में 2 स्थान की छलांग के साथ 9वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
दूसरी ओर, सोफी डिवाइन ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध पहले टी20 मैच में 25 रन बनाए। दूसरे मुकाबले में नाबाद 55 रन की पारी खेलने के साथ 2 विकेट हासिल किए। अंतिम मुकाबले में 64 रन बनाने के साथ 1 विकेट भी निकाला। साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो अर्धशतक लगाने के बाद वह दो पायदान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
रवांडा की 15 वर्षीय फैनी उतागुशिमानिंदे 66वें स्थान पर इस लिस्ट में शामिल हुई हैं। फैनी ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू पर शतक बनाने वाली पहली क्रिकेटर बनकर सुर्खियां बटोरी थीं।
साउथ अफ्रीका की एनेरी डर्कसेन 18 पायदान ऊपर चढ़कर 55वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड में हाल ही में खेले गए एक मैच में नाबाद 55 रन की पारी खेली थी।
टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज क्रिकेट एलिस पेरी 2 स्थान की छलांग लगाकर 20वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वेस्टइंडीज की कियाना जोसेफ 14 पायदान ऊपर चढ़कर 33वें स्थान पर पहुंचीं। न्यूजीलैंड की मैडी ग्रीन 44वें और वेस्टइंडीज की अनुभवी खिलाड़ी 48वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
Published: undefined
भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि आईपीएल 2026 एमएस धोनी का बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन हो सकता है। आकाश का कहना है कि संजू सैमसन धोनी के वारिस के रूप में चेन्नई की टीम में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर धोनी इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ एक इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलते हैं, तो उन्हें रिटायरमेंट के बारे में सोचना चाहिए।
आकाश चोपड़ा ने 'जियोहॉटस्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "आप डगआउट से टीम नहीं चलाते, यह फुटबॉल नहीं है। क्रिकेट में आपको मैदान पर होना चाहिए और एमएस धोनी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वह किसी और से बेहतर खेल को समझ सकते हैं। यही साफ सोच और पक्का इरादा उन्हें वह बनाता है जो वह हैं। किसी भी हाल में मुझे लगता है कि यह उनका आखिरी सीजन हो सकता है।"
उन्होंने आगे कहा, "अब उनके पास वारिस है। संजू सैमसन आखिरकार ग्लव्स पहनेंगे और यह इस सीजन में कभी भी हो सकता है। फिर से धोनी की फिटनेस और उनके घुटने के मामले में शर्तें लागू होती हैं, लेकिन वह इम्पैक्ट प्लेयर नहीं हो सकते। अगर वह एक इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे हैं, तो मुझे लगता है कि उनके लिए संन्यास लेने का समय आ गया है।"
जब पूछा गया कि क्या एमएस धोनी अभी भी मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स के अनौपचारिक कप्तान हैं, तो आकाश चोपड़ा ने कहा, "एक छोटी सी मिसाल है। अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा चलना शुरू करे, तो आपको उनका हाथ पकड़कर उन्हें सिखाना होगा। हालांकि, अगर आप चाहते हैं कि वे दौड़ें, तो आपको उन्हें जाने देना होगा। अगर आप पकड़े रहेंगे, तो वे कभी दौड़ना नहीं सीखेंगे। धोनी के नजरिए से अगर किसी को अगला कप्तान चुना गया है, तो उन्हें पीछे हटना होगा और मुझे लगता है कि वह पहले ही ऐसा कर चुके हैं।"
Published: undefined
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, जिससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज यश दयाल निजी कारणों के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की है। आरसीबी 28 मार्च को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के साथ अपना अभियान शुरू करने जा रही है।
दयाल का ट्रेनिंग सेशन से नदारद रहना और टीम बस के पोस्टर पर उनकी तस्वीर का न होना, पहले ही उनके बाहर होने की अफवाहों को हवा दे चुका था। अब आरसीबी के क्रिकेट डायरेक्टर, मो बोबाट ने उनके बाहर होने से जुड़े सभी शक दूर कर दिए हैं।
बोबाट ने यह भी कहा कि भले ही दयाल टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, लेकिन फिर भी वह कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा बने रहेंगे। टीम मैनेजमेंट इस मुश्किल समय में भी खिलाड़ी का साथ देता रहेगा।
बोबाट ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "मैं बस यह पुष्टि करना चाहता हूं कि यश टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे। जैसा कि आप जानते हैं, वह अभी एक निजी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। मैं यह भी स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हमने अब तक यश का पूरा साथ दिया है। इस बात का सबूत यह है कि जब हमारे पास खिलाड़ियों को रिटेन करने या रिलीज करने का मौका था, तब भी हमने उन्हें रिटेन किया। हम उन्हें रिटेन करना चाहते थे। वह अभी भी कॉन्ट्रैक्ट में हैं और आने वाले कुछ समय तक कॉन्ट्रैक्ट में ही बने रहेंगे।
Published: undefined
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल से पहले चोटिल आकाश दीप और जैक एडवडर्स की जगह सौरभ दुबे और डेविड पेन को शामिल किया है।
भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं। वह बेंगलुरू में उत्कृष्टता केंद्र में बीसीसीआई की मेडिकल टीम की देखरेख में रहेंगे।
आईपीएल मीडिया बयान में कहा गया, ‘‘बायें हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ केकेआर में आकाश की जगह लेंगे । वह 30 लाख रूपये में केकेआर से जुड़ेंगे।’’
विदर्भ के 28 वर्ष के सौरभ ने अभी आईपीएल में पदार्पण नहीं किया है। वह पहले एसआरएच का हिस्सा थे। इस बीच इंग्लैंड के तेज गेंदबाज पेन को एसआरएच ने जैक एडवडर्स की जगह लिया है जो पैर की चोट के कारण बाहर हैं । उन्हें पहले एसआरएच ने तीन करोड़ रूपये में खरीदा था ।
वह डेढ करोड़ रूपये में एसआरएच से जुड़ेंगे।
Published: undefined
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाड़ी पिछले साल टीम की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सत्र में मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। इसके अलावा फ्रेंचाइजी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखने की योजना भी बनाई है।
आरसीबी ने पिछले साल पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘मैच वाले दिन खिलाड़ी अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। मैच के दौरान वे अपनी जर्सी नंबर में ही नजर आएंगे। अभ्यास के दौरान सभी खिलाड़ियों की पीठ पर जर्सी नंबर 11 लिखा होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा उस दिन वे अपनी बांह पर काले रंग की पट्टी भी पहनेंगे। हम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 स्थायी सीटें बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। ये उन 11 प्रशंसकों के लिए हैं जो हमेशा हमारे साथ रहेंगे।’’
मौजूदा चैंपियन टीम 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यहां अपना पहला मैच खेलेगी, जो इस मैदान पर खेले जाने वाले उनके पांच घरेलू मैचों में से पहला मैच होगा।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined