खेल

खेल: उस्मान ख्वाजा ऑस्ट्रेलिया के 'सबसे बड़े गद्दार' और फिलिप्स ने स्पिनरों का समर्थन किया

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा को खेल का 'सबसे बड़ा गद्दार' कहा है। फिलिप्स का मानना है कि जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा तो इस मैच के लिए स्पिनरों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाएगी।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

उस्मान ख्वाजा 'सबसे बड़े गद्दार', सैंडपेपरगेट खुलासे के बाद पूर्व दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज का बयान

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा को खेल का 'सबसे बड़ा गद्दार' कहा है। फैनी का यह बयान उस्मान ख्वाजा की नई किताब 'सब्र' में 2018 के बॉल-टैम्परिंग स्कैंडल के ज़िक्र और उसे लेकर हो रहे विवाद के बाद आया है। ख्वाजा ने अपनी किताब 'सब्र' में दावा किया है कि 2018 में केपटाउन में हुए सैंडपेपरगेट मामले की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। 

फैनी डिविलियर्स ने इस मामले के सामने आने के बाद उस्मान ख्वाजा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें 'सबसे बड़ा गद्दार' कहा है।

पर्थ स्थित एक एफएम चैनल से बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा, "मैं ऑन रिकॉर्ड कहना चाहता हूं कि ख्वाजा शायद सबसे बड़ा गद्दार है, जिसे मैंने पिछले 40-50 वर्षों में खेल खेलते हुए देखा है। उसने हर एक कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ा है, जिसके बारे में कोई सोच सकता है। उसने अपने साथी खिलाड़ियों को बेच दिया है। यह सही या गलत के बारे में नहीं है। गलत को पहले ही हैंडल किया जा चुका है। यह पहले से ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का हिस्सा रहा है। दुख की बात है कि ऐसा हुआ। इस आदमी ने सब कुछ फिर से सामने ला दिया है।"

डिविलियर्स ने कहा, "ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को एक बार फिर बदनाम किया है। उसने दोस्ती तोड़ी है और टीम के अंदर जो कोड ऑफ कंडक्ट होता है, उसे भी तोड़ा है। उसने वह सब कुछ गलत किया है, जिसके बारे में कोई सोच सकता है।"

सैंडपेपरगेट बड़ा मुद्दा है, कमिंस की चुप्पी बनेगी भारत में ऑस्ट्रेलिया की परेशानी: हेडन

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने कहा है कि ‘सैंडपेपरगेट’ से संबंधित सवालों पर पैट कमिंस का जवाब नहीं देने का फैसला भारत के आगामी दौरे में ‘बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी’ के दौरान बड़ा मुद्दा बन सकता है।

उन्होंने कहा कि इससे भारतीय मीडिया और विरोधी टीम को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को असहज करने का मौका मिलेगा।

कमिंस ने हाल में 70 मिनट की प्रेस कांफ्रेंस में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए विवादित ‘गेंद से छेड़छाड़’ मामले को लेकर अपना पक्ष और उससे जुड़ी यादें साझा की थीं। हालांकि न्यू साउथ वेल्स के इस तेज गेंदबाज ने बाद में साफ कर दिया था कि वह इस विवाद पर आगे कोई सवाल नहीं लेंगे।

हेडन ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, ‘‘पैट कमिंस ने मूल रूप से उस्मान ख्वाजा को मुश्किल में डाल दिया है। उन्होंने अपनी दोस्ती से जुड़े बेहद निजी मुद्दों को उठाया है। उन्होंने उस दोस्ती को कितनी सहजता से लिया गया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘कमिंस पहले ही कह चुके हैं कि मैं डेढ़ घंटे तक इन सवालों के जवाब दूंगा, लेकिन इसके बाद इस मामले पर किसी सवाल का जवाब नहीं दूंगा। इसका सीधा मतलब है कि जब वह बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारत आएंगे तो ‘सैंडपेपरगेट’ (2018 के केपटाउन टेस्ट में रेंगमाल की मदद से गेंद से छेड़छाड़ का मामला) को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब नहीं देंगे। हालांकि ऐसा सोचना भी मुश्किल है कि भारत में उनसे इस बारे में सवाल नहीं पूछे जाएंगे। ’’

भुवनेश्वर, जुयाल के शानदार प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ को हराया

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के तीन विकेट की मदद से उत्तर प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ग्रुप ए के मैच में चंडीगढ को 30 रन से हराया । यह चार मैचों में उत्तर प्रदेश की दूसरी जीत थी और अब वह आठ अंक के साथ तालिका में छठे स्थान पर है ।

चंडीगढ आठ टीमों के समूह में सातवें स्थान पर है । जीत के लिये 191 रन के लक्ष्य के जवाब में चंडीगढ आठ विकेट पर 160 रन ही बना सका ।

भुवनेश्वर ने मनन वोहरा (12) को सस्ते में आउट करने के बाद 19वें ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर भागमेंदर लाठेर और चिरागवीर ढींढसा को पवेलियन भेजा ।

इससे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल ने 28 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से उत्तर प्रदेश को सात विकेट पर 190 रन तक पहुंचाया ।

एक अन्य मैच में गत चैम्पियन झारखंड ने कर्नाटक को सात विकेट से हराया । कर्नाटक अब तालिका में चौथे और झारखंड पांचवें स्थान पर है । कर्नाटक के लिये मनीष पांडे ने 34 रन बनाये । कर्नाटक ने नौ विकेट पर 174 रन का स्कोर खड़ा किया ।

जवाब में झारखंड ने पांच गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की । विराट सिंह ने 34 गेंद में नाबाद 60 और कप्तान अनुकूल रॉय ने 38 गेंद में नाबाद 54 रन बनाये । दोनों ने चौथे विकेट के लिये 110 रन की नाबाद साझेदारी की ।

हार्दिक के आने से हमारी टीम हर लिहाज से मजबूत हुई है : पंजाब किंग्स के कोच पोंटिंग

मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का मानना है कि हरफनमौला हार्दिक पंड्या के आने से पंजाब किंग्स को अपनी सभी कमजोरियों को दूर करने में मदद मिली है जिससे फ्रेंचाइजी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 चरण से पहले संतुलित ‘ऑलराउंड टीम’ बन गई है।

पंड्या मुंबई इंडियंस से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के बदले ‘ट्रेड’ (अदला बदली) के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हुए हैं।

पोंटिंग ने ‘जियोस्टार’ से बातचीत में कहा, ‘‘मैंने हमेशा इस बात का ध्यान रखा है कि अगले साल होने वाली मेगा नीलामी से पहले तीन साल के इस चक्र में हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी एक साथ बने रहें। इसलिए हमने आईपीएल 2027 से पहले छह खिलाड़ियों को ‘रिलीज’ करने और 19 खिलाड़ियों को बरकरार रखने का फैसला किया है। ’’

पोंटिंग ने बताया कि 18 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स से जुड़े पंड्या ने टीम को किस तरह मजबूती दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने ट्रेड के जरिए हार्दिक पंड्या को टीम में शामिल किया है और अर्शदीप सिंह को दूसरी टीम में भेजा है। अब हमारे पास एक बेहद संतुलित टीम है। हमारी टीम में कितने ऑलराउंडर हैं, इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। ’’

फिलिप्स ने स्पिनरों का समर्थन किया, कहा मेरी और वाशी की भूमिका अहम होगी

न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स का मानना ​​है कि भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के आगे बढ़ने के साथ बेसिन रिजर्व की पिच धीमी होती जाएगी और गेंद नीचे रहेगी जिससे कि स्पिनरों की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी।

न्यूजीलैंड की पहली पारी के 368 रन में महत्वपूर्ण 118 रन बनाने वाले फिलिप्स ने कहा कि पिच पहले से ही धीमी होने के संकेत दे रही थी।

फिलिप्स ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टेस्ट मैच में अभी दोनों टीम का पलड़ा बराबरी पर है। भारतीय गेंदबाजों ने नई गेंद का अच्छा इस्तेमाल किया लेकिन हम 368 रन बनाकर संतुष्ट हैं। भारतीय सलामी जोड़ी ने भी शानदार साझेदारी निभाई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिच धीमी होती जा रही है और इस पर गेंद नीचे रह रही है।’’

फिलिप्स का मानना है कि जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा तो इस मैच के लिए दोनों टीम में शामिल तीन स्पिनरों वह खुद, रचिन रविंद्र और भारत के वाशिंगटन सुंदर की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाएगी।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए