खेल

खेल: वैभव सूर्यवंशी ने इन्हें दिया सफलता का श्रेय और श्रेयस अय्यर ने वीवीएस कहा धन्यवाद

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए। श्रेयस अय्यर और अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से मिली जीत में एक-दूसरे की भूमिका की सराहना की।

वैभव सूर्यवंशी ने इन्हें दिया सफलता का श्रेय
वैभव सूर्यवंशी ने इन्हें दिया सफलता का श्रेय  फोटोः @BCCI

जिम्बाब्वे दौरे पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज', वैभव सूर्यवंशी ने इन्हें दिया सफलता का श्रेय

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए। सूर्यवंशी इस टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 3 मुकाबलों में 50.33 की औसत के साथ 151 रन जड़े, जिसमें 2 अर्धशतकीय पारियां भी शामिल रहीं।

सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर अपने इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय अंतरिम कोच वीवीएस लक्ष्मण और बैटिंग कोच हृषिकेश कानितकर को दिया है। उन्होंने कहा कि इन कोचों ने उन्हें पूरी रणनीतिक आजादी और सही मार्गदर्शन दिया।

 रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में, सूर्यवंशी ने धीमी पिच पर 49 गेंदों में 81 रन की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। शानदार पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया। वैभव सीरीज के पहले मैच में 19 गेंदों में 50 रन की पारी खेली थी। यह इंग्लैंड में उनके खराब प्रदर्शन के बिल्कुल उलट है, जहां उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 42 रन बनाए थे।

कॉमनवेल्थ गेम्स: राहुल गांधी ने मीराबाई चानू को स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई, कहा- आपकी सफलता देश के लिए प्रेरणा

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने ग्लासगो में आयोजित हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने पर सैखोम मीराबाई चानू को बधाई दी है।

 राहुल गांधी ने फेसबुक पर चानू की विजयी तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, "कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में लगातार तीसरा ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर सैखोम मीराबाई चानू को बहुत-बहुत बधाई। अपनी हिम्मत, अनुशासन और लगातार कड़ी मेहनत से आपने एक बार फिर दुनिया के मंच पर तिरंगा फहराया है। हर भारतीय को आपकी इस शानदार कामयाबी पर बहुत गर्व है। आपकी सफलता पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है।"

 कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मीराबाई चानू और वेटलिफ्टिंग में ही रजत पदक जीतने वाले ऋषिकांत सिंह चनंबम को बधाई दी है।

 खड़गे ने एक्स पर लिखा, "मीराबाई चानू को उनके ऐतिहासिक लगातार तीसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर और ऋषिकांत सिंह चनंबम को भारत के लिए पहला रजत पदक जीतने और नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाने पर बहुत-बहुत बधाई। आपकी शानदार उपलब्धियों ने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है और लाखों युवा भारतीयों को प्रेरित किया है। आप दोनों को भारत के लिए और भी बहुत-बहुत बधाई।"

हमें प्रेरित करने के लिए धन्यवाद वीवीएस सर: श्रेयस अय्यर

भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर और अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से मिली जीत में एक-दूसरे की भूमिका की सराहना की।

भारत ने इस श्रृंखला में अपेक्षाकृत नयी टीम उतारी थी जिसमें संजू सैमसन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे कई खिलाड़ी शामिल नहीं थे। भारत ने रविवार को तीसरे और अंतिम टी20 मैच में 35 रन की जीत के साथ श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो साझा किया है जिसमें लक्ष्मण ने अय्यर की मजबूत मानसिकता की सराहना की है।

लक्ष्मण ने इस महीने की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 की हार का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मैं श्रेयस को विशेष रूप से बधाई देना चाहता हूं क्योंकि उनके कप्तानी करियर की शुरुआत थोड़ी मुश्किल रही, लेकिन जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह शानदार था। वह पहले मैच से एक दिन पहले जब हमसे जुड़े और तभी से जीत के लिए आश्वस्त थे।’’

ईटीपीएल में ग्लासगो कॉस्मिक के लक्ष्यों पर वरुण आरोन बोले- 'हमारा मकसद एक छाप छोड़ना है'

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के पहले सीजन की शुरुआत 26 अगस्त से होगी। ग्लासगो कॉस्मिक के बॉलिंग कोच वरुण आरोन का कहना है कि फ्रेंचाइजी दूरदर्शिता के साथ काम कर रही है, जिसका मकसद ग्लासगो और पूरे यूरोप में इस खेल की एक छाप छोड़ना है।

 आरोन ने 'आईएएनएस' के साथ एक खास बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि जब आप किसी टीम से जुड़ते हैं, तो उनका एक मजबूत विश्वास होता है कि वे स्थानीय माहौल पर असर डालेंगे, उसे बेहतर बनाने में योगदान देंगे और उस क्षेत्र के टैलेंट को निखारने में मदद करेंगे। मैं ऐसी चीजों से जुड़ना पसंद करता हूं।"

"एक तरफ आप सुपरस्टार्स को लेते हैं और अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ एक और पहलू होता है जब आप किसी ऐसे व्यक्ति को लेते हैं जो अनजान है या जिसने अभी तक बड़ी सफलता हासिल नहीं की है, लेकिन आप उसमें कुछ क्षमता देखते हैं और उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाते हैं। ग्लासगो कॉस्मिक इन मूल्यों को पूरी तरह से अपनाती है क्योंकि पहला मैच शुरू होने से लगभग 10 दिन पहले ही हम ग्लासगो में स्थानीय समुदाय के साथ काम करने, वहां की कुछ एकेडमी से जुड़ने और इस नई फ्रेंचाइजी की एक छाप छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं - क्योंकि यह पहली बार हो रहा है? यह सब यूरोप में हो रहा है और स्कॉटलैंड, आयरलैंड तथा नीदरलैंड्स में लोग इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। हमारा पूरा ध्यान सिर्फ लीग जीतने पर ही नहीं है, बल्कि इस बात पर भी है कि इस पूरे खेल तंत्र में निरंतर विकास और मजबूती सुनिश्चित की जाए।"

साजन ने पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई फाइनल के लिए क्वालीफाई किया

दो बार के ओलंपियन भारतीय तैराक साजन प्रकाश ने सोमवार को यहां एक मिनट 58.59 सेकेंड के समय के साथ अपनी हीट (शुरुआती दौर) में दूसरे स्थान पर रहते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई।

स्कॉटलैंड के डंकन स्कॉट एक मिनट 58.29 सेकेंड के साथ समय के साथ शीर्ष पर रहे।

साजन एक मिनट 57.09 सेकेंड के अपने निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से पीछे रहे।

इस 31 वर्षीय भारतीय ने इसी साल सिंगापुर राष्ट्रीय आयु वर्ग तैराकी चैंपियनशिप में एक मिनट 57.09 सेकेंड का अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए