देश की राजधानी दिल्ली में घर में घुसकर बंदूक की नोंक पर एक परिवार के साथ लूट का मामला सामने आया है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी है। मामला दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके का बताया जा रहा है। लूट को अंजाम रात के तीन बजे दिया गया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ कार से अपने घर में घुसता है। अंदर आने के बाद वो कार से निकलर घर का मेन गेट बंद करने के लिए जाता है। लेकिन तभी चेहरे पर नकाब और हाथ में बन्दूक लिए कुछ चोर उसके घर में घुसते हैं और बंदूक उस पर तान कर उसके साथ लूट करते हैं।
इस बीच गाड़ी में अपने बेटी के साथ बैठी उस व्यक्ति की पत्नी अपने फोन से किसी को फोन करने के कोशिश करती है। लेकिन उन लुटेरों में से एक उसके पास आता है और उसका फोन छीन लेता है। इसके बाद चोर उस व्यक्ति के हाथ से फोन और पैसे लेकर उसकी पत्नी के पास आता हैं और गाड़ी का दरवाजा खोल कर उसकी बीवी के पर्स से भी पैसे निकाल लेता हैं।
लूट की यह पूरी घटना घर में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी और बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई। इस वीडियो को देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि दिल्ली में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं। घर के अन्दर घुसकर सरेआम लूट की इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए