'ज्ञानेश, इंट्स डन ब्रो...', Gen-Z अंदाज में राहुल गांधी ने CEC पर साधा निशाना
विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर निर्वाचन आयोग तथा केंद्र सरकार से जवाब मांगा जाना और ज्ञानेश कुमार को हटाया जाना जरूरी है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को संसद परिसर से निर्वाचन सदन की ओर मार्च शुरू किया। लेकिन निर्वाचन सदन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इंडिया ब्लॉक के नेताओं को रोक दिया। जिसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए।
राहुल गांधी का ज्ञानेश कुमार पर हमला
इंडिया ब्लॉक के विरोध मार्च के बीच राहुल गांधी ने एक बार फिर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ज्ञानेश, हो गया भाई। इस्तीफ़ा देने का समय आ गया है।"
निर्वाचन आयोग के खिलाफ 'INDIA' का हल्ला बोल
विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने की मांग कर रहा है। इस मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी समेत विपक्षी दलों के कई नेता और सांसद शामिल हैं।
विपक्षी दलों के सांसद संसद के मकर द्वार के निकट एकत्र होने के बाद निर्वाचन सदन की ओर रवाना हुए।
विपक्षी दलों की मांग
विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर निर्वाचन आयोग तथा केंद्र सरकार से जवाब मांगा जाना और ज्ञानेश कुमार को हटाया जाना जरूरी है। विपक्षी दलों के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत यह मार्च निकाला जा रहा है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को कहा था कि विपक्ष को उम्मीद है कि मार्च शांतिपूर्ण रहेगा और पुलिस सांसदों को रोकने की कोशिश नहीं करेगी।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
