'आपके साथ खड़े होना मेरी ज़िम्मेदारी', राहुल ने अधिकारों और न्याय की आवाज के मंच 'सत्याग्रह' की शुरुआत की

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आप देखेंगे कि आपकी तरह और कौन-कौन लड़ रहा है। और मैं जो कर सकता हूं, करूंगा - संसद में, सड़क पर, खत लिखकर, जहां भी मेरी ज़रूरत हो वहां आपके साथ खड़े होकर - नेता विपक्ष के रूप में ये मेरी ज़िम्मेदारी है।’’

'आपके साथ खड़े होना मेरी ज़िम्मेदारी', राहुल गांधी ने अधिकारों और न्याय की आवाज के मंच 'सत्याग्रह' की शुरुआत की
i
  • राहुल गांधी ने ‘सत्याग्रह’ नामक एक नए मंच की शुरुआत की

  • इसका उद्देश्य अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को एक साझा मंच पर लाना है

  • राहुल गांधी ने इससे जुड़ी वेबसाइट का लिंक भी साझा किया

  • राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ पूरे देश में सच को दबाया जा रहा है

लोकसभा में नेता प्रतपिक्ष राहुल गांधी ने अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले लोगों, संस्थानों और समूहों को सहायता करने के लिए एक बड़ी पहल की है। राहुल गांधी ने उनकी मदद के लिए सत्याग्रह नाम से एक वेबसाइट लॉन्च की है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मांगो को लेकर देश के कोने-कोने में प्रदर्शन हो रहे हैं और नेता विपक्ष के रूप में मेरी ज़िम्मेदारी है कि उनकी आवाज को सही जगह तक पहुंचाया जाए।

राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर क्या कहा?

राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर यह शुरुआत की और इससे जुड़ी वेबसाइट का लिंक भी साझा किया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘जेन जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं, हर संघर्ष की अपनी कहानी है। पर जो आवाज़ अकेली उठती है, वो अक्सर दब जाती है।’’

उनका कहा, ‘‘ देशभर में लोग अन्याय के खिलाफ़ आवाज़ उठा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर आपकी लड़ाई मेरी लड़ाई है। अब नए सत्याग्रह का समय है। आप किन मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, मुझे बताइए। मैं आपकी बात सुन रहा हूं।’’


राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ पूरे देश में सच को दबाया जा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में कई विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कहीं ज़मीन के लिए, कहीं महिलाओं के अधिकारों के लिए, कहीं दलितों और ओबीसी के अधिकारों के लिए, तो कहीं शिक्षा और परीक्षाओं को लेकर। हम इन सभी आंदोलनों को संगठित करने, उन्हें एक मंच पर साथ लाने और आपके साथ मिलकर यह देखने में मदद करना चाहते हैं कि जिस लड़ाई के लिए आप खड़े हैं, उसे हल करने में हम आपकी कैसे मदद कर सकते हैं।"

कांग्रेस नेता का कहना है कि ‘सत्याग्रह’ इन्हीं आवाजों को एक मंच पर साथ लाने की पहल है।

राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी इस मंच पर साझा करें। उन्होंने कहा, ‘‘आप देखेंगे कि आपकी तरह और कौन-कौन लड़ रहा है। और मैं जो कर सकता हूं, करूंगा - संसद में, सड़क पर, खत लिखकर, जहां भी मेरी ज़रूरत हो वहां आपके साथ खड़े होकर - नेता विपक्ष के रूप में ये मेरी ज़िम्मेदारी है।’’

उनका कहना है कि इस मंच के ज़रिये लोग अपनी पहचान, अपने मुद्दे और उनके अधिकारों के रास्ते में खड़ी चुनौतियों की जानकारी साझा कर सकते हैं।

पीटीआई के इनपुट के साथ