'राम का नाम लेकर सत्ता, वार गरीब पर और लूट रोजगार के हक की! यही है BJP का असली चाल, चरित्र और चेहरा’, जयराम का आरोप
जयराम ने आरोप लगाया, ‘‘पहले भगवान श्रीराम के नाम पर चंदा चोरी, फिर मनरेगा में 100 दिनों के रोजगार के हक पर चोट, और अब विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम में फर्ज़ी हाज़िरी के ज़रिए गरीबों का हक मार कर सरकारी लूट का खेल हो रहा है।"

कांग्रेस का बीजेपी पर भगवान राम के नाम पर राजनीति करने और गरीबों के रोजगार के अधिकार पर प्रहार करने का आरोप
पार्टी का दावा- यही सत्तारूढ़ दल का ‘‘असली चाल, चरित्र और चेहरा’’
जयराम ने कहा, ‘‘बीजेपी की राजनीति में न भगवान श्रीराम के प्रति सच्ची श्रद्धा दिखाई देती है, न गरीब के प्रति संवेदना’’
कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर भगवान राम के नाम पर राजनीति करने और गरीबों के रोजगार के अधिकार पर प्रहार करने का आरोप लगाए हैं। पार्टी ने मंगलवार को दावा किया कि यही सत्तारूढ़ दल का ‘‘असली चाल, चरित्र और चेहरा’’ है।
जयराम रमेश ने क्या कहा?
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक खबर का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भगवान श्रीराम का नाम लेकर सत्ता की राजनीति और गरीब के हक पर वार, यही बीजेपी का असली चाल, चरित्र और चेहरा है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पहले भगवान श्रीराम के नाम पर चंदा चोरी, फिर मनरेगा में 100 दिनों के रोजगार के हक पर चोट, और अब विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम में फर्ज़ी हाज़िरी के ज़रिए गरीबों का हक मार कर सरकारी लूट का खेल हो रहा है।"
नाम राम का, वार गरीब पर और लूट रोजगार के हक की!
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘नाम राम का, वार गरीब पर और लूट रोजगार के हक की!’’ रमेश ने दावा किया कि यह महज भ्रष्टाचार नहीं, आस्था के नाम पर भरोसे और रोजगार के नाम पर गरीबों के अधिकारों की लूट है।’’
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘बीजेपी की राजनीति में न भगवान श्रीराम के प्रति सच्ची श्रद्धा दिखाई देती है, न गरीब के प्रति संवेदना है।’’
क्या है मामला?
जयराम रमेश ने जिस खबर का हवाला दिया उसमें दावा किया गया है कि क्लोन ऐप का सहारा लेकर विकसित भारत जी राम जी योजना में फर्जी हाजिरी लगाने का खेल चल रहा है।
आरोप है कि इसके जरिए कार्यस्थल पर मजदूरों की मौजूदगी के बिना ही मोबाइल में पहले से सुरक्षित तस्वीरों के आधार पर सामूहिक उपस्थिति दर्ज की जा सकती है। इसके लिए 100 मजदूरों की हाजिरी पर एक हजार रुपये से लेकर 200 से अधिक मजदूरों की हाजिरी के लिए पांच हजार रुपये तक वसूले जाने की सूचना है।
यूपी के चंदौली, गाजिपुर और बहराइच में भी कोशिश हुई थी, ग्राम्य विकास विभाग ने जिले के अधिकारियों को पत्र लिख क्लोन एप के बारे में जानकारी दी है। विकसित भारत जी राम जी योजना मनरेगा के स्थान पर लाई गई है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
