
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने अपने एक्टिंग करियर के बारे में बताया कि उन्हें 16 साल की उम्र में पता चल गया था कि वह अभिनेत्री बनना चाहती थीं। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इस समय बॉलीवुड की सबसे भरोसेमंद अभिनेत्रियों में से एक हैं। जब उन्होंने 'ट्रिपल एक्स : द रिटर्न ऑफ जेंडर केज' के साथ हॉलीवुड में कदम रखा, तो दीपिका 'द एलेन डीजेनेरेस शो' में भी नजर आईं। एलेन से बात करते हुए 'बाजीराव मस्तानी' फिल्म की अभिनेत्री ने अपने पिता प्रकाश पादुकोण के बैडमिंटन करियर के बारे में खुलकर बात की।
दीपिका ने बताया कि उन्होंने भारत में ऐसे समय में बैडमिंटन खेला, जब कोई भी प्रोफेशनल तौर पर बैडमिंटन नहीं खेलता था। उस समय हर कोई डॉक्टर या वकील बनना चाहता था, लेकिन वे एक खिलाड़ी थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी अपने पिता के नक्शेकदम पर चलने की इच्छा जताई थी, तो अभिनेत्री ने जवाब दिया कि मैं ऐसा करके उन्हें खुश कर सकती थी, लेकिन वे हमेशा यही कहते थे कि अपने दिल की सुनो।
अभिनय के प्रति अपना प्यार जताते हुए दीपिका ने बताया कि 16 साल की उम्र में ही उन्हें पता चल गया था कि वह एक अभिनेत्री बनना चाहती हैं। उन्होंने आगे कहा कि कैमरे के सामने रहना उन्हें बेहद खुशी देता है। दीपिका ने एलेन को यह भी बताया कि एक बार उन्होंने अपना पोर्टफोलियो शूट करने के लिए अपनी मां से 10,000 रुपए उधार लिए थे। पैसे मांगते समय अभिनेत्री ने अपनी मां को भरोसा दिलाया कि वह उनके पैसे लौटा देंगी और उन्हें गौरवान्वित भी करेंगी। दीपिका ने बताया कि एक दिन मैंने अपनी मां को बिठाया और कहा कि क्या मैं आपसे 10,000 रुपए उधार ले सकती हूं? मुझे पोर्टफोलियो शूट करने के लिए पैसों की जरूरत थी। मैंने उनसे कहा कि एक दिन मैं उन्हें गौरवान्वित करूंगी और कभी न कभी उनके पैसे भी लौटा दूंगी।
साल 2007 में शाहरुख खान के साथ 'ओम शांति ओम' से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद, दीपिका कई प्रमुख फिल्मों का हिस्सा बनीं, जिनमें 'ये जवानी है दीवानी (2013)', 'चेन्नई एक्सप्रेस (2013)', 'गोलियों की रासलीला राम-लीला (2013)', 'पीकू (2015)', 'बाजीराव मस्तानी (2015)', 'पद्मावत (2018)', 'छपाक (2020)', 'पठान (2023)', 'जवान (2023)' और 'कल्कि 2898 एडी (2024)' शामिल हैं। दीपिका बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' में शाहरुख खान के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी।
अभिनेता ऋत्विक धनजानी, सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ में कुछ समय के लिए होस्ट की भूमिका निभाएंगे। सूत्रों ने विशेष रूप से बताया कि जब आदित्य अपने इंटरनेशनल प्रोग्राम्स के सिलसिले में बाहर रहेंगे, तब ऋत्विक शो को होस्ट करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, यह एक अस्थायी व्यवस्था है और आदित्य ही शो के मुख्य होस्ट बने रहेंगे। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब आदित्य, अपने पिता और दिग्गज गायक उदित नारायण के साथ, कई अंतरराष्ट्रीय संगीत कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं।
हाल ही में उदित नारायण ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे अपने बेटे के साथ अंतरराष्ट्रीय दौरे पर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को बर्लिन और 15 नवंबर को रॉटरडैम में उनके कार्यक्रम होंगे। उनके अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल में 21 नवंबर को ग्रीनवेल (न्यूयॉर्क), 22 नवंबर को कैनसस सिटी, 28 नवंबर को डेट्रॉइट, 6 दिसंबर को फीनिक्स और 20 दिसंबर को वेम्बली (यूनाइटेड किंगडम) में होने वाले कार्यक्रम भी शामिल हैं।
ऋत्विक ने साल 2009 में 'बंदिनी' सीरियल से एक्टिंग की शुरुआत की थी। हालांकि, 'पवित्र रिश्ता' में उनके काम ने उन्हें काफी पहचान दिलाई। उन्हें पहली बड़ी सफलता 'प्यार की ये एक कहानी' से मिली। उनकी पहली फिल्म 'जो हम चाहें' कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। उन्होंने 'ये है आशिकी', 'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार्स', 'सुपर डांसर', 'इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज' और 'सो यू थिंक यू कैन डांस' जैसे शोज को होस्ट करना शुरू किया। उन्होंने 'आई डोंट वॉच टीवी' के साथ वेब की दुनिया में कदम रखा और कुछ सफल वेब सीरीज का हिस्सा रहे। ओटीटी पर उन्हें 'हाफ लव हाफ अरेंज्ड सीजन 2' में देखा गया था, जिसमें करण वाही और मानवी गगरू भी शामिल थे। ‘इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न’ में हिमेश रेशमिया 'सुपरस्टार जज' की भूमिका में हैं। यह शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होता है और सोनी लिव पर स्ट्रीम होता है।
अभिनेता जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की अपकमिंग साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म 'काली खेती' के मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। यह फिल्म कृषि और जमीन से जुड़े खौफ पर आधारित होगी। अभिनेता जैकी श्रॉफ और शरद केलकर समेत सभी कलाकारों ने ट्रेलर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। ट्रेलर में एक रहस्यमयी दुनिया की झलक देखने को मिलती है। जैकी श्रॉफ और शरद केलकर स्टारर ये फिल्म ग्रामीण लोककथाओं, डरावने रहस्यों और अलौकिक ताकतों पर आधारित एक हटकर हॉरर अनुभव देने का वादा करती है।
ट्रेलर दर्शकों को एक डरावने गांव से मिलवाता है, जहां वही जमीन जो जिंदगी देती है, वो एक खौफनाक राज छिपाए हुए लगती है। फिल्म का ट्रेलर एक ऐसे गांव में ले जाता है, जहां खेत खुशहाली और रोजी-रोटी का प्रतीक होने के बजाय डर और रहस्य का कारण बन जाते हैं। पारंपरिक हॉरर कहानियों से हटकर, 'काली खेती' एक अलग कहानी दिखाती है, जिसमें खेती और ज़मीन से जुड़ा इतिहास इसके साइकोलॉजिकल हॉरर के केंद्र में है। इसमें एक ऐसा समुदाय दिखाया गया है जो एक डरावनी ताकत की गिरफ्त में है। ये ताकत गांव वालों की जिंदगी को प्रभावित करती है।
जैकी श्रॉफ और शरद केलकर अपने-अपने किरदारों में जबरदस्त इंटेंसिटी लेकर आए हैं, जो फिल्म के डरावने माहौल को और गहरा और दिलचस्प बनाते हैं। जैकी श्रॉफ और शरद केलकर अपने-अपने किरदारों में जबरदस्त इंटेंसिटी लेकर आए हैं, जो फिल्म के डरावने माहौल को और गहरा और दिलचस्प बनाते हैं। हारिस इम्तियाज खान द्वारा निर्देशित और लिखित फिल्म को सना खान ने प्रोड्यूस किया है। इसमें जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। ब्लैककैनवास स्टूडियो के बैनर तले बनी 'काली खेती' 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इम्तियाज अली आगामी वेब सीरीज 'ओ साथी रे' ओटीटी पर प्रदर्शित होने के लिए तैयार है। इम्तियाज अली ने कहा कि यह सीरीज एक मॉडर्न रोमांटिर शो है, जिसका दिल पुराने जमाने का है। सीरीज के बारे में बात करते हुए इम्तियाज ने कहा, 'ओ साथी रे' एक मॉडर्न रोमांटिक शो है, जिसका दिल पुराने जमाने का है। कभी-कभी प्यार आपको सबसे अनजान जगहों पर मिलकर चौंका देता है। ये एक तलाक ले रहे कपल के बीच बढ़ते लगाव की कहानी है। लगाव में धड़कता हुआ दिल होता है, प्यार खूबसूरत होता है लेकिन रिश्ता बराबर नहीं हो सकता। 'ओ साथी रे' उन किरदारों की कहानी है, जो प्यार में मौजूद असमानता से गुजरते हैं। अपनी पहचान और चाहत को समझने से लेकर रिश्तों में पावर की लड़ाई और समझने और छोड़ देने के बीच के नाजुक बैलेंस तक। ये सीरीज प्यार को एक समझदार नजरिए से दिखाती है, जो आम रोमांटिक कहानियों से अलग है।"
इम्तियाज ने कहा, "एक परफेक्ट कपल होना कई बार बोझ भी बन जाता है। 'ओ साथी रे' में हमें देखने को मिलेगा कि जहां चाहत, सपने और साथ आने का नाम है, वहीं ये छोड़ देने की प्रक्रिया भी हो सकती है। किरदार कई परतों वाले और बिल्कुल असली जिंदगी जैसे हैं, इसीलिए हमने सबसे बेहतरीन एक्टर्स को लिया है।" यह सीरीज एक ऐसे जोड़े की कहानी है जो तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहा है। इसमें समकालीन रिश्तों की जटिलताओं, प्यार, अलगाव और त्याग की भावनाओं को बेहद मार्मिक अंदाज में दिखाया गया है। आरिफ अली द्वारा निर्देशित सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इम्तियाज अली ने इस शो को बनाया, लिखा और संभाला है। विंडो सीट फिल्म्स (इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार) के बैनर तले वेब सीरीज 'ओ साथी रे' 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
अभिनेता रजा मुराद ने गुरुवार को अपनी मां लियाकत जहां बेगम की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। अभिनेता ने मां के जाने को जीवन का बड़ा नुकसान बताया। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपने बचपन की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनकी मां उन्हें गोद में लिए हुए हैं। उन्होंने लिखा, "आज मेरी स्वर्गीय मां, लियाकत जहां बेगम की 19वीं पुण्यतिथि है। उनकी गोद में जो छोटा-सा बच्चा है, वो आपका दोस्त रजा मुराद है। मां को खोना बच्चे के लिए सबसे बड़ा नुकसान है। मेरी मां, हिम्मत, प्यार और कुर्बानी मिसाल थीं। उन्होंने तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने चारों बच्चों को पाला-पोसा था।" उन्होंने आगे लिखा, "वे हमारे घर की स्तंभ थीं। उन्होंने हमें समाज की हर बुराई से बचाया और हमें हौसला और हिम्मत दी।जब तक हमारी आखिरी सांस है, हम उन्हें हमेशा याद करेंगे। ऊपरवाला उनकी नेक रूह को जन्नत दे। आमीन।"
अभिनेता रजा मुराद की मां लियाकत जहां बेगम, दिग्गज अभिनेता हामिद अली मुराद (जिन्हें सिर्फ 'मुराद' के नाम से भी जाना जाता है) की पत्नी थीं। रजा मुराद उनके चार बच्चों में से एक थे और वह अपने माता-पिता की चौथी संतान थे (उनसे पहले तीन बेटियां थीं)। रजा मुराद के अनुसार, जब उनके पिता को फिल्मों में काम मिलना बंद हो गया था, तब वो समय परिवार के लिए काफी मुश्किलों भरा था। लियाकत जहां बेगम ने बेहद कठिन परिस्थितियों, संघर्ष और त्याग के साथ अपने चारों बच्चों की परवरिश की और उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाई।
रजा मुराद की बात करें, तो उन्होंने हिंदी सिनेमा में खलनायक के तौर पर अपना करियर स्थापित किया है। अभिनेता ने अपने करियर में 'बॉबी', 'प्रेम रोग', 'राम तेरी गंगा मैली', 'हिना', 'नमक हराम', 'राम लखन', और 'एक नजर' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। उनकी दमदार आवाज और अभिनय की बारीकियां हर किरदार को जीवंत बना देती हैं। चाहे नकारात्मक किरदार हों या सहायक भूमिकाएं, रजा मुराद ने हर रोल में अपनी छाप छोड़ी। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए