सिनेमा

सिनेजीवनः चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को सरेंडर करने का आदेश और 'धुरंधर 2' के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ FIR

निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने पाया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपियों ने हमले से पहले रोहित शेट्टी के घर और आसपास के इलाके की कई दिनों तक रेकी की थी।

चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को सरेंडर करने का आदेश और 'धुरंधर 2' के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ FIR
चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को सरेंडर करने का आदेश और 'धुरंधर 2' के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ FIR फोटोः सोशल मीडिया

चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को सरेंडर करने का आदेश

दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस से जुड़े एक मामले में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने उन्हें 4 फरवरी तक संबंधित जेल अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने अभिनेता के व्यवहार को निंदनीय करार देते हुए कहा कि बार-बार दिए गए आश्वासनों के बावजूद भुगतान न करना न्यायिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ है। यह मामला दिल्ली की कंपनी मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है, जिसने राजपाल यादव की कंपनी को फिल्म निर्माण के लिए रकम दी थी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने सुनवाई के दौरान कहा कि राजपाल यादव को कई अवसर दिए गए, लेकिन हर बार उन्होंने कोर्ट का भरोसा तोड़ा।

दरअसल, पूरा मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म 'अता-पता लापता' बनाने के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था। फिल्म आर्थिक रूप से सफल नहीं हो पाई। इसके बाद कर्ज की रकम लौटाने में लगातार देरी होती गई। शिकायतकर्ता कंपनी का आरोप है कि रकम चुकाने के लिए दिए गए कई चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद राजपाल यादव और उनसे जुड़ी कंपनी के खिलाफ नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत केस दर्ज कराया गया। मामले की सुनवाई के दौरान कड़कड़डूमा कोर्ट ने राजपाल यादव को कई बार नोटिस भेजे, लेकिन वे लंबे समय तक अदालत में पेश नहीं हुए, जिसके बाद साल 2013 में उन्हें 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वे 3 से 6 दिसंबर 2013 तक चार दिन जेल में रहे। बाद में दिल्ली हाई कोर्ट की खंडपीठ ने उनकी अपील पर सजा निलंबित कर दी थी।

इसके बाद, निचली अदालत ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को छह महीने की साधारण कैद की सजा सुनाई थी, जिसे उन्होंने हाई कोर्ट में चुनौती दी। जून 2024 में दिल्ली हाई कोर्ट ने यह कहते हुए सजा पर अस्थायी रोक लगा दी कि अभिनेता कोई आदतन अपराधी नहीं हैं और उनके मामले में सुधार और समाधान की गुंजाइश है। इसी आधार पर कोर्ट ने दोनों पक्षों को आपसी समझौते की संभावनाएं तलाशने की सलाह दी और केस को मेडिएशन सेंटर भेज दिया। मध्यस्थता के दौरान राजपाल यादव ने अदालत को भरोसा दिलाया कि वे शिकायतकर्ता कंपनी को कुल 2.5 करोड़ रुपए का भुगतान करेंगे। इसमें 40 लाख रुपए की पहली किश्त और 2.10 करोड़ रुपए की दूसरी किश्त शामिल थी। लेकिन अदालत के अनुसार, तय समयसीमा बीत जाने के बावजूद एक भी किश्त जमा नहीं की गई। इस पर अभिनेता की ओर से यह तर्क दिया गया कि ड्राफ्ट में टाइपिंग की गलती हो गई थी, लेकिन कोर्ट ने इस दलील को सिरे से खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि गलती की जानकारी होने के बावजूद न तो रकम जमा की गई और न ही कोई औपचारिक स्पष्टीकरण दिया गया। जनवरी 2026 में कोर्ट ने राजपाल यादव को अंतिम मौका दिया था, लेकिन इसके बाद भी भुगतान नहीं हुआ।

Published: undefined

'धुरंधर 2' के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज, बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने का आरोप

बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' का टीजर मंगलवार को रिलीज किया गया। टीजर रिलीज के कुछ ही मिनटों बाद ही फिल्म की टीम के कानूनी पचड़े में फंसने की खबर सामने आ गई। मुंबई पुलिस ने 'धुरंधर 2' के लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मीकि के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके से जुड़ा है, जिसे हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है। पुलिस ने बताया कि शूटिंग के दौरान क्रू ने ड्रोन का इस्तेमाल किया, लेकिन इसके लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। इसके चलते पुलिस ने ड्रोन को जब्त कर लिया और लोकेशन मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में बताया गया कि रिंकू राजपाल वाल्मीकि ने अधिकारियों के वैध आदेशों की अवहेलना करते हुए ड्रोन उड़ाया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, संवेदनशील इलाके में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना नियमों का उल्लंघन है और इससे सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकता है।

बता दें कि शूटिंग के दौरान पूरी टीम 1 फरवरी को सेट पर इकट्ठा हुई थी। यह शूटिंग शेड्यूल का तीसरा दिन था। इससे पहले 30 जनवरी से फोर्ट इलाके को फिल्म के लिए खास तौर पर सजाया गया था। इसे पाकिस्तान की पुरानी गली जैसा लुक दिया गया था, ताकि सीन की वास्तविकता और फिल्म की प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके। शूटिंग के दौरान ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिसकी कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई। फिल्म की बात करें तो, 'धुरंधर 2' में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे सितारे नजर आएंगे। टीजर में रणवीर सिंह का शानदार अवतार और हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस ने दर्शकों को उत्साह से भर दिया। आदित्य धर द्वारा लिखित और निर्देशित 'धुरंधर 2' अगले महीने 19 मार्च को रिलीज होने वाली है।

Published: undefined

ये नया हिंदुस्तान है...'धुरंधर 2' का धांसू टीजर रिलीज

रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर' के सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' का ऑफिशियल टीजर रिलीज हो चुका है। टीजर का सोशल मीडिया पर धमाल देखने को मिला। पहले पार्ट की जबरदस्त सफलता के बाद यूजर्स इस सीक्वल के लिए उत्साहित नजर आए। टीजर करीब 1 मिनट 12 सेकंड लंबा है, जिसमें रणवीर सिंह का इंटेंस और खूंखार लुक सामने आया है। वह दो अलग-अलग किरदारों में नजर आ रहे हैं, जिसमें गोलीबारी, मारकाट और हाई-वोल्टेज एक्शन से भरपूर सीन हैं। टीजर की लाइन खास तौर पर चर्चा में है-"ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।" फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने पहले पार्ट की तरह ही इस सीक्वल में भी एक्शन, थ्रिलर और इमोशनल ड्रामा का शानदार मिश्रण किया है। टीजर से साफ झलक मिलती है कि कहानी पहले से ज्यादा इंटेंस होगी, जिसमें रिवेंज का तड़का और खूब एक्शन सीक्वेंस होंगे।

यह टीजर पहले भाग में खत्म हुई कहानी के आगे की झलक दिखाता है। पहला भाग की कहानी रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) और रणवीर सिंह के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती रहती है। रहमान डकैत की मौत के बाद दूसरे भाग में रणवीर के लिए अगली चुनौतियां और अवसर हैं। टीजर में रणवीर के हमजा के किरदार से पहले जसकीरत सिंह रंगी के किरदार की भी काफी झलकियां हैं, जो एक शानदार ट्रांसफॉर्मेशन पर फोकस करती हैं। इन चीजों के अलावा टीजर में बहुत कुछ नया नहीं है, लेकिन एक्शन से भरपूर इस टीजर के सीन अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे हैं। पहला पार्ट 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुआ था और इसने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का बिजनेस किया। यह फिल्म हाल में ही ओटीटी पर भी रिलीज हुई है और नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है। अब सीक्वल में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन समेत अन्य कलाकारों के नजर आने की जानकारी है। फिल्म हिंदी के अलावा तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में 19 मार्च को थिएटर्स में दस्तक देगी।

Published: undefined

मां मोना कपूर को याद कर इमोशनल हुए अर्जुन, कहा- 'जिंदगी बहुत बेरहम है'

बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर ने अपने जीवन के सबसे भावुक भरे पलों को साझा किया। मंगलवार को उन्होंने अपनी मां मोना कपूर की जयंती पर दिल छू लेने वाला पोस्ट इंस्टाग्राम पर साझा किया। इस पोस्ट में अर्जुन ने बताया कि हाल के दिनों में जिंदगी उनके लिए थोड़ी कठिन रही है, लेकिन उनकी मां की सिखाई हुई सीखें उन्हें हर मुश्किल का सामना करने की ताकत देती हैं। अर्जुन कपूर अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करते रहते हैं। इस बीच उन्होंने अपनी मां की एक तस्वीर साझा की और साथ ही एक लंबा कैप्शन लिखा। उन्होंने लिखा, ''जन्मदिन मुबारक हो मां, आज आपके जन्मदिन पर मुझे आपकी बहुत याद आ रही है। जिंदगी बहुत बेरहम हो गई है, लेकिन मैं हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हूं।'' उन्होंने कहा, ''यह सब मैंने आपसे सीखा है कि जीवन में कठिनाइयों का सामना साहस, गरिमा और आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए। चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, हमेशा उनसे निपटने को तैयार रहना चाहिए।'' अर्जुन ने कैप्शन में आगे लिखा, ''क्योंकि आपने मुझे सिखाया कि जिंदगी में मुश्किलों का सामना साहस के साथ करें, और हर हाल में सम्मान बनाए रखें… हम साथ में इसे पार करेंगे, आप और मैं। आपका प्यार करने वाला बेटा अर्जुन।''

अर्जुन की मां, मोना शौरी कपूर, का निधन 2012 में हुआ था। उनका देहांत 48 साल की उम्र में कैंसर और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों के चलते मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण हुआ था। अर्जुन कपूर के इस पोस्ट पर फैंस ने कमेंट्स किए। यूजर्स ने कमेंट्स पर इमोशनल स्माइली, हार्ट इमोजी और प्यार भरे संदेश साझा किए। एक यूजर ने लिखा, 'अर्जुन, आपकी मां यकीनन आप पर बहुत गर्व करती होंगी।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'मां के बिना जिंदगी अधूरी लगती है, लेकिन आपके पोस्ट से लगा है कि उनकी शिक्षा और प्यार हमेशा हमारे साथ रहते हैं।' अन्य यूजर ने लिखा, 'आपने मां से जो सीख ली, वह हम सभी को प्रेरित करती है।'

Published: undefined

रोहित शेट्टी के घर पर हमले से पहले बिश्नोई गैंग ने की थी रेकी

निर्देशक और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच से कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने पाया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपियों ने हमले से पहले रोहित शेट्टी के घर और आसपास के इलाके की कई दिनों तक रेकी की थी। जांच में सामने आया कि रेकी उसी स्कूटर से की गई थी, जिसका इस्तेमाल फायरिंग के दौरान भागने के लिए किया गया। अज्ञात शूटर ने पांच राउंड फायरिंग की और उसी स्कूटर पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। वह विले पार्ले रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां स्कूटर छोड़कर ट्रेन से मुंबई से बाहर निकल गया। पुलिस के अनुसार, अपराध में इस्तेमाल स्कूटर पुणे से 30 हजार रुपए में खरीदा गया था। स्कूटर मूल रूप से आनंद मारोटे के नाम पर रजिस्टर्ड था, जिसने इसे 6 अगस्त 2009 को खरीदा था। घटना से करीब 12 दिन पहले मारोटे ने स्कूटर गिरफ्तार आरोपी आदित्य गायकवाड़ को 30 हजार रुपए में बेच दिया। पैसे कथित मास्टरमाइंड शुभम लोनकर ने दिए थे।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी समर्थ पोमाजी के निर्देश पर सिद्धार्थ येनपुरे और स्वप्नील सकट ने स्कूटर को सड़क मार्ग से पुणे से लोनावाला लाने की कोशिश की, ताकि इसे शूटर को सौंपा जा सके। हालांकि शूटर लोनावाला नहीं पहुंच सका, इसलिए आरोपियों ने घटना से लगभग 10 दिन पहले स्कूटर मुंबई पहुंचाकर अज्ञात शूटर को सौंप दिया। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त पैसे दिए गए। पुलिस ने बताया कि मुंबई में स्कूटर पहुंचाने वाले आरोपियों को पता था कि यह आपराधिक साजिश का हिस्सा है, लेकिन उन्हें नहीं मालूम था कि टारगेट रोहित शेट्टी का घर है। जांच में यह भी सामने आया कि समर्थ पोमाजी ने मुख्य शूटर की सक्रिय मदद की। शुभम लोनकर के निर्देश पर समर्थ ने गायकवाड़ की मदद से स्कूटर का इंतजाम किया और अपराध में अहम भूमिका निभाई। समर्थ लगातार शुभम लोनकर के संपर्क में था और सिग्नल ऐप के जरिए उससे नियमित बात करता था। शुभम के निर्देशों पर काम करते हुए समर्थ ने कथित तौर पर फायरिंग की पूरी योजना बनाई। पुलिस ने चार आरोपियों आदित्य गायकवाड़, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी और स्वप्नील सकट को गिरफ्तार किया है। जांच जारी है और मास्टरमाइंड शुभम लोनकर की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined

  • लोकसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ा, कागज उछालने पर आठ विपक्षी सांसद निलंबित, जानें उनके नाम

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: 'यह बेतुका है, लोकतंत्र में हर सदस्य को बोलने का...', 8 सांसदों के सस्पेंशन पर बोलीं प्रियंका गांधी

  • ,
  • अंकिता भंडारी हत्याकांड: सीबीआई ने अपने हाथ में ली जांच, 'अनजान वीआईपी' के खिलाफ दर्ज किया केस

  • ,
  • ट्रेड डील को लेकर भी राहुल गांधी ने PM मोदी को घेरा, 'मोदी जी घबराए हुए हैं, इमेज का गुब्बारा फूट सकता है'

  • ,
  • 'मैंने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाया, मुझे बोलने दिया जाए', राहुल के संबोधन के दौरान चिल्लाने लगे सत्तापक्ष के सांसद