
नई सीरीज 'ढाई चाल' को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। यह कॉलेज की राजनीति की कहानी बताती है। इसमें दिखाया गया है कि कॉलेज का एक आम छात्र कैसे बड़ी सत्ता के खेल में पहुंच जाता है। इस सीरीज का रितेश शाह ने निर्देशन किया है, जिन्होंने पहले 'पिंक', 'कहानी' और 'एयरलिफ्ट' जैसी फिल्में लिखी हैं। इस सीरीज में दोस्ती, कुर्सी की लड़ाई और सोशल मीडिया की राजनीति को एक साथ दिखाया गया है। रितेश शाह ने कहा, ''कॉलेज की राजनीति से दो तरह के लोग निकलते हैं। कुछ लोग तो बड़े नेता बन जाते हैं, वे वहां से बहुत कुछ अच्छा सीखते हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो बड़े लीडर्स के हाथ की कठपुतली बन जाते हैं। उनका अनुभव इतना बुरा होता है कि वो पॉलिटिक्स से ही मुंह मोड़ लेते हैं और फिर जिंदगी में कुछ और करने लगते हैं। मेरे हिसाब से दोनों बातें सच हैं और 'ढाई चाल' में यही दिखाने की कोशिश की गई है।''
आज की पॉलिटिक्स में सोशल मीडिया का बहुत बड़ा रोल हो गया है। इस पर रितेश शाह ने कहा, ''अब चुनाव सिर्फ जमीन पर नहीं लड़े जाते, बल्कि लोगों के दिमाग और मोबाइल पर भी लड़े जाते हैं। अगर आज के टाइम की कहानी कहनी है तो सोशल मीडिया का सही और गलत इस्तेमाल दिखाना ही पड़ेगा, क्योंकि असल जिंदगी में भी यही हो रहा है। इसलिए 'ढाई चाल' में भी सोशल मीडिया और नैरेटिव वाली पॉलिटिक्स का बड़ा रोल है।'' 'ढाई चाल' को लेकर रितेश शाह ने कहा, ''इस सीरीज में सबसे मुश्किल काम किरदारों को दिलचस्प बनाना था। लोग किरदारों से जुड़ें, उनकी दिक्कतों को महसूस करें, उनकी अच्छी-बुरी बातें उन्हें अपनी लगें, और उनकी कहानी में दिलचस्पी लें, यही सबसे मुश्किल काम होता है। मेरे हिसाब से, ओटीटी और लंबी कहानियों में लोगों को किरदारों से जोड़ना सबसे बड़ा काम होता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''नवीन चौधरी की किताबों पर बनी इस सीरीज को 50 एपिसोड में बदलना भी आसान नहीं था। किताब और स्क्रीन दोनों अलग-अलग चीजें हैं। किताब में लेखक किसी किरदार के मन की बात, उसकी सोच और समाज के हालात को खुलकर बता सकता है, लेकिन कैमरे से किसी के मन के अंदर नहीं झांका जा सकता। इसलिए किताब की असली बात को पर्दे पर दिखाने के लिए किसी खास सीन या घटना का सहारा लेना पड़ा। लेखक जो बात कहना चाहते थे, उसे सीरीज में अच्छे से दिखाया गया है।''
रितेश शाह ने कहा, ''राजनीति की कहानियों में सच्चाई और बनाई हुई कहानी के बीच सही तालमेल बनाना भी जरूरी होता है। असल जिंदगी में देखी, सुनी या महसूस की गई चीजों को पर्दे पर उतारने की इच्छा हमेशा रहती है। सच्चाई पर्दे पर अपना असर जरूर छोड़ती है, लेकिन कहानी कहते समय लोगों के इमोशन्स का ध्यान रखना भी जरूरी है। 'ढाई चाल' ने अपनी बात ईमानदारी से रखने की कोशिश की है, बिना किसी को दुख पहुंचाए।" रितेश शाह ने कहा, ''मैं चाहता हूं कि 'ढाई चाल' देखने के बाद लोग एक बात पर बहस जरूर करें और ये बहस इस बात पर हो कि क्या एक आम लड़का, जो गरीब या आम परिवार से आता है, राजनीति के रास्ते देश के लिए कुछ कर सकता है। क्या ये रास्ता उसके लिए सही है, इस सफर में कितनी दिक्कतें हैं और उसे क्या करना चाहिए। अगर इस पर बहस होती है तो वो समझूंगा कि 'ढाई चाल' कामयाब हो गई।''
नेटफ्लिक्स ने बुधवार को निर्देशक इम्तियाज अली की आने वाली ड्रामा सीरीज 'ओ साथी रे' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में एक ऐसी शादी की कहानी दिखाई गई है, जो टूटने की कगार पर पहुंच चुकी है। रोशनी (अदिति राव हैदरी) और करण (अविनाश तिवारी) अपनी शादी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच रोशनी की जिंदगी में प्रद्युम्न (अर्जुन रामपाल) की एंट्री होती है। वह उसकी ओर आकर्षित होने लगती है। इसके बाद रिश्तों, प्यार और भावनाओं के बीच एक नई उलझन शुरू हो जाती है। ट्रेलर को देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि सीरीज की कहानी यह समझने की कोशिश करती है कि प्यार में सिर्फ दूसरे इंसान को समझना ही जरूरी नहीं, बल्कि खुद को समझना भी उतना ही अहम है। 'ओ साथी रे' का निर्माण विंडो सीट फिल्म्स के साथ इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने किया है। यह सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
सीरीज में करण का किरदार निभा रहे अविनाश तिवारी ने अपने रोल को लेकर कहा, ''मुझे इस किरदार में सबसे दिलचस्प उसका प्यार करने का अंदाज लगा। करण की पूरी दुनिया रोशनी के इर्द-गिर्द घूमती है और उसकी पहचान भी काफी हद तक रोशनी के पति होने से जुड़ी है। लेकिन, उसके इस प्यार के पीछे अपनी असुरक्षा की भावना और कमजोरियां भी हैं। करण चाहता है कि रोशनी खुश रहे, लेकिन उसके सामने मुश्किल तब आती है, जब वह रोशनी की खुशी में अपनी खुद की जगह नहीं देख पाता है। इस किरदार के जरिए मुझे प्यार के कई अलग-अलग रंगों को समझने और पर्दे पर उतारने का मौका मिला।''
वहीं, रोशनी का किरदार निभा रहीं अदिति राव हैदरी ने कहा, ''मेरा किरदार एक ऐसी महिला का है, जो खुद को समझने की कोशिश कर रही है। वह किसी की बेटी, पत्नी और बहन होने के साथ-साथ अपनी इच्छाओं और भावनाओं वाली एक अलग इंसान भी है। रोशनी का किरदार इसलिए खास है, क्योंकि वह न तो पूरी तरह परफेक्ट है और न ही उसे किसी एक दायरे में बांधा जा सकता है। इस किरदार को निभाते हुए मुझे एक ऐसी महिला की भावनात्मक उलझनों को समझने का मौका मिला, जो अपने फैसलों के नतीजों के बीच खुद की पहचान तलाश रही है।''
अर्जुन रामपाल सीरीज में प्रद्युम्न के किरदार में नजर आएंगे। अपने रोल के बारे में उन्होंने कहा, ''प्रद्युम्न रोशनी की जिंदगी में एक अलग तरह की एनर्जी लेकर आता है। वह आत्मविश्वास से भरा हुआ है और रोशनी को उसकी पुरानी पहचान से अलग एक इंसान के तौर पर देखता है। हालांकि, उसके किरदार में भी कई ऐसी परतें हैं, जो धीरे-धीरे सामने आएंगी। उन्हें रिश्तों को लेकर प्रद्युम्न के नजरिए और इस कहानी में उसके आने से पैदा होने वाले बदलावों को पर्दे पर दिखाना दिलचस्प लगा।''
अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों फिल्म 'गजब रात' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। अभिनेता ने बताया कि कैसे राम गोपाल वर्मा के बागी अंदाज और फिल्म बनाने के पुराने तरीकों को न मानने की वजह से 'शूल' जैसी दमदार फिल्में बन पाई थीं। अभिनेता ने बताया कि उस वक्त शूल जैसी फिल्मों को प्रोड्यूसर्स बढ़ावा नहीं देते थे। उन्होंने कहा, "एक राम गोपाल वर्मा थे, जो स्वभाव से बागी हुआ करते थे। उस समय मनोरंजन जगत में एक ऐसा ग्रुप था, जो पूरी तरह से विद्रोही था। आप जानते हैं, वे पुरानी घिसी-पिटी परंपरा से अलग हटना चाहते थे। सभी पैशनेट युवा थे। उन्हें एक बागी कहे जाने वाले राम गोपाल वर्मा का संरक्षण मिल गया था। इसी तरह चीजें संभव हो पाईं।"
मनोज बाजपेयी ने आगे फिल्म 'शूल' के आखिरी सीक्वेंस के बारे में दिलचस्प बातें बताईं। उन्होंने कहा, "आखिरी सीक्वेंस को मैं कभी नहीं भूल सकता, वो है स्पीच। आपको बता दें कि वो स्पीच मैंने एक ही टेक में दी थी और उसे तैयार करने के लिए मैंने लगभग 200-300 से ज्यादा बार अभ्यास किया था, क्योंकि हमारे मेकर्स इसे एक ही बार में शूट करने की प्लानिंग कर रहे थे। उस समय वो कैमरे हुआ करते थे, जो आवाज करते थे, जो मैगजीन चला करती थी, वो लिमिटेड होती थी और कुछ मिनट बाद खत्म हो जाती थी।" अभिनेता ने बताया कि इस सीक्वेंस को काफी बारीकी से शूट किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि कौन-सा कैमरा और डायलॉग कब शुरू होता, यह पहले से ही ऑर्गनाइज्ड और प्लान्ड था। उन्होंने कहा, "यह काफी चुनौतीपूर्ण और बहुत ही मजेदार था। एक तरह से वो दिन अलग थे, क्योंकि इन फिल्मों को प्रोड्यूसर्स से बढ़ावा नहीं मिलता था।"
साल 1999 में रिलीज हुई क्राइम-एक्शन ड्रामा 'शूल' का निर्देशन ईश्वर निवास ने किया था। इसे राम गोपाल वर्मा ने लिखा और प्रोड्यूस भी किया था। इसमें मनोज बाजपेयी ने ईमानदार पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर समर प्रताप सिंह की मुख्य भूमिका निभाई थी, जो बिहार के मोतिहारी में भ्रष्ट राजनीति और अपराध के गठजोड़ से टकराते हैं।
अभिनेत्री करीना कपूर खान ने पति और अभिनेता सैफ अली खान की फिल्म 'हम साथ साथ हैं' से जुड़ी पुरानी यादें ताजा कीं। बुधवार को अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए सैफ अली खान और बहन करिश्मा के डांस सीक्वेंस पर मजेदार रिएक्शन दिया। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर सैफ और अपनी बहन करिश्मा कपूर का पुराना डांस क्लिप शेयर किया, जिसमें सैफ (विनोद) और करिश्मा (सपना) परिवार के सदस्यों की नकल उतारते हुए मस्ती भरे अंदाज में डांस करते दिख रहे हैं। अभिनेत्री लिखती हैं, "आज सुबह उठते ही यह वीडियो देखा। कौन जानता था कि सैफू अपनी होने वाली सढ़ुआइन के साथ डांस करेगा।"
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट के जरिए सूरज बड़जात्या की फिल्मों के प्रति अपना प्यार जताया और उनकी आने वाली फिल्म ये प्रेम मोल लिया को लेकर भी अपनी उत्सुकता साझा की। उन्होंने लिखा, "मुझे ये फिल्म बहुत पसंद है और मुझे सूरज जी की फिल्में बहुत पसंद हैं। 'ये प्रेम मोल लिया' का इंतजार है, जिसके लिए मैं सिनेमा जाऊंगी।"
करीना कपूर द्वारा शेयर किया गया वीडियो 'हम साथ साथ हैं' के संगीत सेरेमनी सीक्वेंस का है, जहां सैफ अली खान और करिश्मा कपूर सेलिब्रेशन के दौरान एक साथ परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं। इस सीक्वेंस में फिल्म की बाकी स्टारकास्ट भी नजर आ रही है, जिनमें नीलम कोठारी और महेश ठाकुर भी शामिल हैं, जिन्होंने फिल्म में शादीशुदा कपल का रोल निभाया था। जब 'हम साथ साथ हैं' रिलीज हुई थी, तब सैफ और करिश्मा को-स्टार थे और एक-दूसरे के साथ रोमांटिक जोड़ी में नजर आए थे। करीब एक दशक बाद सैफ ने करिश्मा की छोटी बहन करीना कपूर से शादी कर ली थी। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'हम साथ साथ हैं' 5 नवंबर 1999 को रिलीज हुई थी और उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही थी। फिल्म में सैफ अली खान ने विनोद और करिश्मा कपूर ने सपना का किरदार निभाया था। इनके साथ सलमान खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, मोहनीश बहल और आलोक नाथ समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने बेटे रियान के जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया और उन पलों को याद किया, जब वह पहली बार मां बनने वाली थीं। उन्होंने बताया कि रियान के जन्म से एक रात पहले वह काफी भावुक हो गई थीं और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आने वाली जिंदगी कैसी होगी। उस रात वह अपने पति और अभिनेता रितेश देशमुख के गले लगकर काफी रोई थीं। जेनेलिया ने इंस्टाग्राम पर रियान के लिए जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए 24 नवंबर की रात का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ''मुझे आज भी 24 नवंबर की रात याद है। मैं प्रेग्नेंसी के आखिरी दौर में थी और मुझे बताया गया था कि मेरा बच्चा 25 नवंबर को इस दुनिया में आएगा। मुझे खुद भी नहीं पता था कि इसका असल मतलब क्या है। उस रात मैं तुम्हारे बाबा की बाहों में खूब रोई थी, क्योंकि मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि आगे मेरे लिए क्या होने वाला है।''
जेनेलिया ने आगे बताया कि उस दिन सिर्फ रियान का ही जन्म नहीं हुआ था, बल्कि उसी दिन उनका भी एक नए रूप में जन्म हुआ था। वह मां बनी थीं और यह पल उनकी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन गया। उन्होंने लिखा, ''फिर 25 नवंबर आया और एक नन्हे बच्चे का जन्म हुआ, साथ ही एक मां का भी जन्म हुआ। काश मैं तुम्हें समझा पाती कि यह दिन मेरे लिए कितना मायने रखता है, लेकिन शायद मैं कभी ऐसा नहीं कर पाऊंगी। क्योंकि यह मेरी और तुम्हारे बाबा की जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण दिन है।'' जेनेलिया ने अपने पोस्ट में बेटे के लिए प्यार जाहिर करते हुए आगे लिखा, ''चाहे जिंदगी तुम्हें किसी भी हाल में और कहीं भी ले जाए, मैं हमेशा तुम्हारे साथ रहूंगी। जन्मदिन मुबारक हो मेरे बच्चे। तुमने मुझे 'आई' का टाइटल दिया और अब मैं अपनी पूरी जिंदगी इस टाइटल पर खरी उतरने की कोशिश करती रहूंगी।''
बता दें कि जेनेलिया और रितेश देशमुख ने साल 2012 में शादी की थी। शादी के करीब दो साल बाद 25 नवंबर 2014 को उनके घर पहले बेटे रियान का जन्म हुआ। इसके बाद जून 2016 में दोनों दूसरी बार माता-पिता बने और उनके छोटे बेटे राहिल का जन्म हुआ। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपने बच्चों के साथ बिताए खास पलों की झलक शेयर करते रहते हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए