
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होने जा रही है। भारतीय टीम वनडे और टी20 के बाद टेस्ट क्रिकेट में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेगी। दोनों देशों के बीच टेस्ट क्रिकेट का इतिहास काफी दिलचस्प रहा है।
इस दौरान कई दिग्गज गेंदबाजों ने अपनी फिरकी और रफ्तार से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है।
आइए जानते हैं उन पांच गेंदबाजों के बारे में, जिन्होंने भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं।
1. आर अश्विन: इस सूची में भारतीय स्पिनर आर अश्विन पहले स्थान पर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 12 टेस्ट मैचों की 23 पारियों में 75 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 18.53 रहा। अश्विन ने कीवी टीम के खिलाफ छह बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कमाल भी किया है।
2. रिचर्ड हैडली: न्यूजीलैंड के महान तेज गेंदबाज रिचर्ड हैडली इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 14 टेस्ट मैचों की 24 पारियों में 65 विकेट चटकाए। उनका गेंदबाजी औसत 22.96 रहा। इस दौरान हैडली ने चार बार एक पारी में पांच विकेट और दो बार एक मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया।
3. बिशन सिंह बेदी: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी का नाम इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 12 टेस्ट मैचों की 22 पारियों में 57 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका औसत 19.14 का रहा। बेदी ने चार बार एक पारी में पांच विकेट लेने की उपलब्धि भी हासिल की।
4. इरापल्ली प्रसन्ना: भारत के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज इरापल्ली प्रसन्ना इस सूची में चौथे स्थान पर मौजूद हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 टेस्ट मैचों की 18 पारियों में कुल 55 विकेट झटके। उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा और उन्होंने चार बार एक पारी में पांच विकेट लेने के साथ एक बार मैच में 10 विकेट भी हासिल किए।
5. टिम साउदी: न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 13 टेस्ट मैचों की 25 पारियों में 55 विकेट लिए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 25.05 रहा। साउदी ने तीन बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया।
IANS के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए