अर्थतंत्र

अर्थजगतः ट्रंप की धमकी से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और सोना फिर चमका, चांदी 2.34 लाख रुपए के पार

केंद्र सरकार ने सोमवार को उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया, जिसमें यह दावा किया गया था कि भारत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ट्रांजिट शुल्क को लेकर ईरान से बातचीत कर रहा है।

ट्रंप की धमकी से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और सोना फिर चमका, चांदी 2.34 लाख रुपए के पार
ट्रंप की धमकी से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और सोना फिर चमका, चांदी 2.34 लाख रुपए के पार फोटोः सोशल मीडिया

ट्रंप की धमकी से तेल की कीमतों में आया उछाल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलने पर ईरान के बिजली संयंत्रों और अन्य बुनियादी ढांचे पर सैन्य हमले की धमकी दिए जाने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का मई माह में डिलिवरी वाला अनुबंध 91 रुपये या एक प्रतिशत की तेजी के साथ 9,284 रुपये प्रति बैरल हो गया। इससे पहले 23 मार्च, 2026 को कच्चे तेल की वायदा कीमत 9,407 रुपये प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी।

चॉइस ब्रोकिंग की जिंस विश्लेषक, कावेरी मोरे ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में यह बढ़ोतरी तब हुई जब राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर दबाव बढ़ाया, जिससे भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया, वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य लगातार छठे सप्ताह भी बंद रहा, जिससे वैश्विक ऊर्जा प्रवाह बाधित हुआ। उन्होंने आगे कहा कि इसका असर कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और रिफाइंड उत्पादों की खेप पर पड़ा है, जिससे आपूर्ति की स्थिति प्रभावित हुई है और कीमतों में तेजी आई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रुझान मिले-जुले रहे। मई माह में डिलिवरी वाले वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) कच्चे तेल का वायदा अनुबंध 0.48 प्रतिशत घटकर 111 डॉलर प्रति बैरल रह गया, जबकि जून डिलिवरी वाला ब्रेंट तेल 1.3 प्रतिशत बढ़कर 110.43 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

Published: undefined

सोने की कीमतों में उछाल, चांदी 2.34 लाख रुपए के पार

सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को मजबूती देखने को मिली, जिससे दोनों कीमती धातुओं का दाम क्रमश: 1.48 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और 2.34 लाख रुपए प्रति किलो से अधिक हो गया है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन द्वारा शाम को जारी की गई कीमतों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 2,291 रुपए बढ़कर 1,48,899 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,46,608 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। 22 कैरेट सोने का दाम 1,34,293 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,36,391 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। 18 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,11,674 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,09,956 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी वृद्धि देखी गई है। वहीं चांदी का दाम 6,230 रुपए बढ़कर 2,34,043 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,27,813 रुपए प्रति किलो था।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है। खबर लिखे जाने तक, सोने के 5 जून 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 0.50 प्रतिशत बढ़कर 1,50,435 रुपए हो गई है। चांदी के 5 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1.08 प्रतिशत बढ़कर 2,35,002 रुपए हो गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई है। कॉमेक्स पर सोना 0.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ 4,700 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.81 प्रतिशत की तेजी के साथ 73.515 डॉलर प्रति औंस पर थी। सोने में मजबूती की वजह वैश्विक स्तर पर बढ़ती अस्थिरता और डॉलर इंडेक्स की कमजोरी को माना जा रहा है। वैश्विक अस्थिरता के चलते निवेशक भी सुरक्षित मानी जाने वाले सोने में लगातार निवेश कर रहे हैं।

Published: undefined

शेयर बाजार हरे निशान में बंद, सेंसेक्स 787 अंक उछला

भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 787.30 अंक या 1.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,106.85 और निफ्टी 255.15 अंक या 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,968.25 पर था। बाजार के ज्यादातर सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.60 प्रतिशत), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस (2.34 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू बैंक (2.33 प्रतिशत), निफ्टी रियल्टी (2.23 प्रतिशत), निफ्टी प्राइवेट बैंक (2.16 प्रतिशत) और निफ्टी सर्विसेज (1.66 प्रतिशत) की तेजी के साथ बंद हुआ। केवल निफ्टी ऑयल एंड गैस (1.37 प्रतिशत) और निफ्टी मीडिया (0.22 प्रतिशत) की कमजोरी के साथ बंद हुए।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 815.60 अंक या 1.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 54,492.65 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 202.55 अंक या 1.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 15,853.05 पर था। सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, एक्सिस बैंक, टाइटन, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, इंडिगो,एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व,पावर ग्रिड, एनटीपीसी, बीईएल, एसबीआई,आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, टीसीएस और एचयूएल गेनर्स थे। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक और सन फार्मा लूजर्स थे।

बाजार में तेजी आने की वजह रुपए में तेजी और ईरान-अमेरिका में तनाव कम होने की संभावना को माना जा रहा है। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा, आरबीआई द्वारा सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने और डॉलर की आपूर्ति में सुधार करने के लिए हाल ही में उठाए गए कदमों से रुपए में 30 पैसे की मजबूती आई और यह 93.00 के आसपास बना हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिकी-ईरान तनाव कम होने की उम्मीदों से जोखिम भावना में सुधार से भी इस रिकवरी को सपोर्ट मिला है, हालांकि अनिश्चितता का स्तर अभी भी उच्च स्तर पर है। उछाल के बावजूद, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक अनिश्चितता का दबाव बना हुआ है। यूएसडीआईएनआर के लिए निकट भविष्य में, 92.45 के स्तर पर समर्थन दिखाई दे रहा है, जबकि रुकावट का स्तर 93.75-94.00 के आसपास है।

Published: undefined

मार्च में वेज थाली की कीमत स्थिर रही, नॉनवेज थाली सस्ती हुई

देश में शाकाहारी थाली की कीमत मार्च में सालाना आधार पर स्थिर रही है और मांसाहारी थाली की कीमत में सालाना आधार पर एक प्रतिशत की गिरावट देखी गई। यह जानकारी क्रिसिल इंटेलिजेंस द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट में दी गई। रिपोर्ट में कहा गया कि मार्च में घर पर पकी शाकाहारी थाली की लागत स्थिर रही। इसकी वजह प्याज, आलू और दालों की कम कीमतों का टमाटर, खाद्य तेल और ईंधन की बढ़ती कीमतों का भरपाई करना था। मांसाहारी थाली की लागत में गिरावट आई, जिसका मुख्य कारण ब्रॉयलर मुर्गियों की कीमतों में अनुमानित 2 प्रतिशत की वार्षिक गिरावट थी, जो कुल लागत का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा होती है।

रिपोर्ट में कहा गया कि प्रमुख क्षेत्रों में रोपाई में देरी के कारण टमाटर की कीमतों में वृद्धि हुई, जबकि प्याज की अधिक आपूर्ति के कारण कीमतों में गिरावट आई और आलू की कमजोर मांग ने कीमतों पर दबाव डाला है। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में रोपाई में देरी के कारण, जिसने फसल के विकास, उपज और समय पर आवक को प्रतिकूल रूप से प्रभावित किया है, टमाटर की कीमतें मार्च 2026 में सालाना आधार पर 33 प्रतिशत बढ़कर 28 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं, यह मार्च 2025 में 21 रुपए प्रति किलोग्राम पर थीं।

खरीफ की देर से आने वाली फसल और रबी की कटाई के एक साथ होने से आपूर्ति अधिक होने और निर्यात कमजोर होने के कारण प्याज की कीमतों में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की गिरावट आई है। खरीफ की देर से आने वाली प्याज की सीमित शेल्फ लाइफ को देखते हुए मजबूरी में बिक्री हो रही है। चालू वित्त वर्ष में अधिक शुरुआती स्टॉक के कारण दालों की कीमतों में सालाना आधार पर 6 प्रतिशत की गिरावट आई, जिससे कीमतों पर दबाव कुछ हद तक कम हुआ।

वैश्विक आपूर्ति में जारी व्यवधान के कारण वनस्पति तेल की कीमतों में सालाना आधार पर 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि वैश्विक आपूर्ति में व्यवधान के कारण एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे थालियों की कुल लागत में गिरावट सीमित रही है।

Published: undefined

होर्मुज ट्रांजिट शुल्क पर ईरान से कोई बातचीत नहीं, सरकार ने किया साफ

केंद्र सरकार ने सोमवार को उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया, जिसमें यह दावा किया गया था कि भारत स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ट्रांजिट शुल्क को लेकर ईरान से बातचीत कर रहा है। इस मुद्दे पर बोलते हुए, शिपिंग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि भारत ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आवागमन के लिए किसी भी शुल्क के संबंध में ईरान के साथ कोई बातचीत नहीं की है। उन्होंने कहा, "सरकार को इस तरह के किसी भी घटनाक्रम की जानकारी नहीं है और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच चिंताओं को दूर करने का प्रयास कर रही है।"

समुद्री गतिविधियों पर जानकारी देते हुए मंगल ने बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम में संचालित 16 भारतीय जहाजों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने आगे कहा, “एलपीजी वाहक जहाज ग्रीन सानवी और ग्रीन आशा ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है और इनके क्रमशः 7 और 9 अप्रैल को भारत पहुंचने की उम्मीद है।” दोनों जहाज क्रमशः 46,500 टन और 15,500 टन एलपीजी ले जा रहे हैं, जिससे ऊर्जा आपूर्ति में निरंतरता सुनिश्चित होगी।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined

  • बड़ी खबर LIVE: संघर्ष विराम प्रस्तावों पर ईरान ने रखी अपनी शर्तें, अमेरिका को संदेश- धमकियों के बीच बातचीत संभव नहीं

  • ,
  • खेल: सैमसन, बुमराह को ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का नामांकन और जैमीसन ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को बताया खतरनाक

  • ,
  • ईरान ने यूएन की परमाणु निगरानी एजेंसी पर निष्क्रियता का आरोप लगाया, रेडिएशन लीक की दी चेतावनी

  • ,
  • सिनेजीवन: करिश्मा तन्ना के घर आने वाला है नन्हा मेहमान और सिनेमाई सितारों के बीच चमके पंजाबी गायक डॉ. सतिंदर सरताज

  • ,
  • अरुणाचल सीएम पेमा खांडू के परिवार से जुड़े ठेकों की जांच करेगी सीबीआई, सुप्रीम कोर्ट ने दिया बड़ा आदेश