
सोने और चांदी की कीमतों में 2027 की पहली छमाही में भी कमजोरी बने रहने की आशंका है। हालांकि, साल के दूसरे हिस्से में रिकवरी की उम्मीद जताई गई है।
एनालिस्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें और डॉलर की मजबूती आने वाले महीनों में सोने की कीमतों पर दबाव डाल सकती है।
MCX पर अगले छह महीनों में सोने की कीमत 1.12 लाख से 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच रहने का अनुमान है।
चांदी में ज्यादा उतार-चढ़ाव की आशंका है। अगले 12 महीनों में इसकी कीमत 1.40 लाख से 1.90 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक रहने का अनुमान जताया गया है।
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर अभी खत्म होता नहीं दिख रहा है। 2026 में शुरू हुई कमजोरी 2027 की पहली छमाही में भी जारी रह सकती है। हालांकि, इसके बाद दोनों कीमती धातुओं में दोबारा तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। बाजार के जानकारों का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर सख्त नीति और डॉलर की मजबूती निकट भविष्य में सोने-चांदी पर दबाव बनाए रख सकती है। दूसरी तरफ, केंद्रीय बैंकों और संस्थागत निवेशकों की खरीदारी लंबी अवधि में कीमतों को सहारा देती रहेगी।
ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा के कमोडिटी प्रमुख और सीआरएम एनएस रामास्वामी के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने या यील्ड के ऊंचे स्तर पर बने रहने से सोने की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है। इससे अमेरिकी डॉलर भी मजबूत हो सकता है। हालांकि, 2027 के मध्य में ब्याज दरों में कटौती और यील्ड में नरमी आने पर सोने की कीमतों में रिकवरी को समर्थन मिल सकता है।
रामास्वामी ने सोने की कीमतों को लेकर तिमाही आधार पर अनुमान भी दिया है। उनके मुताबिक, 2027 की पहली तिमाही में सोना 3,400 से 3,700 डॉलर प्रति औंस, दूसरी तिमाही में 3,600 से 4,000 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकता है। वहीं, तीसरी तिमाही में इसकी कीमत 4,200 से 4,800 डॉलर और चौथी तिमाही में 4,900 से 5,200 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने का अनुमान है।
पीएल कैपिटल के कमोडिटीज प्रमुख आशीष राजोदिया ने भी 2027 के लिए सोने-चांदी का आउटलुक साझा किया है। उनके मुताबिक, सोना और चांदी 2027 में बड़ी गिरावट के बाद प्रवेश कर रहे हैं। इस दौरान MCX पर सोने का भाव करीब 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास है।
राजोदिया के अनुसार, हालिया बिकवाली में फ्यूचर्स फंड्स और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंकाओं की अहम भूमिका रही है। यह गिरावट लंबे समय तक निवेश बनाए रखने वाले निवेशकों की ओर से बिकवाली के कारण नहीं आई है। इसके उलट, कीमतों में गिरावट के साथ भौतिक बाजार में खरीदारी करने वाले निवेशकों की सक्रियता बढ़ी है।
उनके बेस केस अनुमान के मुताबिक, अगले छह महीनों में सोने की कीमत 1,12,000 से 1,35,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रह सकती है। डॉलर के लिहाज से यह अनुमान 3,200 से 3,900 डॉलर प्रति औंस है। वहीं, अगले 12 महीनों में ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव कम होने पर सोने की कीमत 1,20,000 से 1,50,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। डॉलर में यह दायरा 3,450 से 4,300 डॉलर प्रति औंस रहने का अनुमान है।
चांदी को लेकर भी एनालिस्ट्स ने अलग-अलग अवधि के अनुमान दिए हैं। वेंचुरा के रामास्वामी के मुताबिक, 2027 की पहली छमाही में चांदी 48 से 55 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकती है। हालांकि, साल के अंत तक इसकी कीमत बढ़कर 65 से 75 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने की संभावना है।
वहीं, पीएल कैपिटल के आशीष राजोदिया का अनुमान है कि अगले छह महीनों में MCX पर चांदी की कीमत 1,25,000 से 1,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच रह सकती है। डॉलर के लिहाज से यह 35 से 46 डॉलर प्रति औंस का दायरा है। अगले 12 महीनों में चांदी की कीमत 1,40,000 से 1,90,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचने का अनुमान है। डॉलर में यह 39 से 54 डॉलर प्रति औंस के बीच रह सकती है।
रामास्वामी ने कहा कि केंद्रीय बैंक और संस्थागत खरीदार, जिनमें ETF, बीमा कंपनियां और पेंशन फंड शामिल हैं, सोने-चांदी की मांग को लंबे समय तक समर्थन देते रहेंगे। हालांकि, इनकी खरीदारी से छोटी अवधि में कीमतों में गिरावट रुकने की गारंटी नहीं है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए