अर्थतंत्र

Gold-Silver Price Today: सोना ₹1,353 और चांदी ₹4,724 टूटी, खरीदारी से पहले जान लें नए भाव

MCX पर सोना 1,350 रुपये से ज्यादा और चांदी 4,700 रुपये से अधिक टूटी। फेड बैठक से पहले घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

घरेलू कमोडिटी बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को दिखी तेजी एक दिन भी नहीं टिक सकी और आज कारोबार शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर दोनों कीमती धातुओं में तेज बिकवाली देखने को मिली। सुबह 11:05 बजे तक सोना 1,300 रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया, जबकि चांदी के दाम में 4,700 रुपये से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में चांदी 2 फीसदी से ज्यादा और सोना करीब 1 फीसदी टूटता नजर आया।

MCX पर सोना और चांदी के ताजा भाव

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना सुबह 11:05 बजे 0.95 फीसदी यानी 1,353 रुपये टूटकर 1,41,710 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी 2.14 फीसदी यानी 4,724 रुपये की गिरावट के साथ 2,16,449 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।

कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। सोने का 5 अगस्त का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,43,063 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,42,353 रुपये पर खुला। सुबह 10 बजे तक यह 1,129 रुपये या 0.79 फीसदी की कमजोरी के साथ 1,41,934 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। शुरुआती कारोबार में सोने ने 1,41,808 रुपये का निचला और 1,42,353 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।

चांदी का 4 सितंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,21,173 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले 2,20,555 रुपये पर खुला। सुबह के कारोबार में यह 3,940 रुपये या 1.78 फीसदी की गिरावट के साथ 2,17,233 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। इस दौरान चांदी ने 2,16,592 रुपये का निचला और 2,20,555 रुपये प्रति किलोग्राम का ऊपरी स्तर दर्ज किया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव

घरेलू बाजार की तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव देखने को मिला। कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 0.76 फीसदी की गिरावट के साथ 4,045 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 2.06 फीसदी टूटकर 57.53 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

फेड की बैठक पर टिकी बाजार की नजर

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका में फेडरल रिजर्व की बैठक मंगलवार से शुरू हो रही है और इसके फैसले की घोषणा बुधवार को की जाएगी। इस अहम बैठक से पहले निवेशक सतर्क रुख अपनाए हुए हैं। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच हमले रुकने से वैश्विक अनिश्चितता में कमी आई है, जिससे सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी की मांग पर दबाव बना है।

जानकारों का कहना है कि जून महीने के महंगाई और रोजगार संबंधी आंकड़ों ने इस संभावना को मजबूत किया है कि फेडरल रिजर्व जुलाई की बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा। हालांकि, तेल की कीमतों में दोबारा आई तेजी से महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है, जिस पर बाजार की नजर रहेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए