
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की चाल अलग-अलग रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी में हल्की तेजी रही। बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के फैसले से पहले निवेशक सतर्क हैं, इसलिए दोनों कीमती धातुएं फिलहाल सीमित दायरे में कारोबार कर रही हैं।
एमसीएक्स पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोने का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,41,623 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले करीब सपाट 1,41,519 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान सोना 228 रुपये यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,41,395 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। अब तक के सत्र में इसने 1,41,311 रुपये प्रति 10 ग्राम का निचला और 1,41,591 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।
दूसरी ओर, 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,15,840 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले करीब सपाट 2,16,834 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान चांदी 608 रुपये यानी 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,16,448 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। आज के कारोबार में इसका न्यूनतम स्तर 2,16,369 रुपये और उच्चतम स्तर 2,16,943 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
विदेशी बाजार में भी सोने और चांदी में मिश्रित कारोबार देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,022 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 0.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 57 डॉलर प्रति औंस पर बनी हुई थी। इससे साफ है कि वैश्विक बाजार में भी निवेशक बड़े फैसले से पहले सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने और चांदी में सीमित दायरे की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक है, जिसके फैसलों का ऐलान बुधवार देर शाम किया जाएगा। उनका कहना है कि इस बार ब्याज दरों में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन आगे ब्याज दरों को लेकर फेड की टिप्पणी बाजार की अगली दिशा तय करेगी। इसी बीच भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी करीब एक प्रतिशत चढ़े, जबकि आईटी शेयरों में खरीदारी के चलते निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत मजबूत रहा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए