विधानसभा चुनाव 2023

UP में सपा गठबंधन की बन रही सरकार? अब इस एग्जिट पोल ने बढ़ाई अखिलेश की उम्मीदें, इतनी सीटें मिलने का अनुमान

4-पीएम और द पॉलिटिक्स डॉट इन के सर्वे का अनुमान है कि राज्य में इस बार अखिलेश यादव सरकार बनाने में कामयाब हो जाएंगे। सर्वे के मुताबिक, समाजवादी पार्टी को 238 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा के खाते में 157 सीटें जाएंगी। बसपा को छह और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान है।

Getty Images
Getty Images 

उत्तर प्रदेश चुनाव के खत्म होते ही बीती रात तमाम न्यूज चैनलों और एजेंसियों ने अपने एग्जिट पोल जारी किए थे। इसमें अलग अलग एजेंसियों द्वारा आंकड़े भी अलग अलग पेश किए गए। उत्तर प्रदेश की बात करें तो एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य में बीजेपी को भारी फायदा मिलता दिख रहा है। 11 रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यूपी में बीजेपी की सरकार कमबैक कर रही है। लेकिन एक रिपोर्ट ये बतला रही थी कि उत्तर प्रदेश में सपा गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिल रहा है और राज्य में अखिलेश की सरकार आ रही है। इस एग्जिट पोल ने ना सिर्फ अखिलेश बल्कि सपाईयों की उम्मीदों को बचाए रखा। अब एक और सर्वे में राज्य में सत्ता परिवर्तन का अनुमान लगाया गया है।

4-पीएम और द पॉलिटिक्स डॉट इन के सर्वे का अनुमान है कि राज्य में इस बार अखिलेश यादव सरकार बनाने में कामयाब हो जाएंगे। सर्वे के मुताबिक, समाजवादी पार्टी को 238 सीटें मिल सकती हैं, वहीं भाजपा के खाते में 157 सीटें जाएंगी। बसपा को छह और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में भी एक सीट जा सकती है। सर्वे का अनुमान है कि 2017 के मुकाबले भाजपा का वोट शेयर भी घट जाएगा। 2017 में भाजपा को 39.67% वोट मिले थे, जो इस बार घटकर 32% रह जाएगा। वहीं, सपा का वोट शेयर 21.82% से बढ़कर 41% तक पहुंचने की अनुमान है।

देशबंधु के सर्वे की बात करें तो समाजवादी पार्टी को इस बार 228 से 244 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, भाजपा को 134 से 150 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। कांग्रेस को एक से नौ, बसपा को 10 से 24 और अन्य के खाते में शून्य से छह सीटें तक जा सकती हैं।

बहरहाल, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव एग्जिट पोल से पहले ही दावा कर चुके हैं कि राज्य में सपा की ही सरकार बन रही है। अखिलेश ने कहा, 'जनता इस बार डबल इंजन सरकार की पटरियां उखाड़ने के लिए तैयार है। सपा गठबंधन को 300 सीटें मिलना तय है।' अखिलेश ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'सातवें और निर्णायक चरण में सपा-गठबंधन की जीत को बहुमत से बहुत आगे ले जाने के लिए सभी मतदाताओं और विशेषकर युवाओं का बहुत-बहुत आभार! हम सरकार बना रहे हैं।'

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined