मनोरंजन

सिनेजीवन: मणिपुर की छोटी सी फीचर फिल्म ने जीता 'बाफ्टा' और वैश्विक सिनेमा में धूम मचाने के लिए फरहान अख्तर तैयार

बाफ्टा जैसे बड़े मंच पर भारत की क्षेत्रीय फीचर फिल्मों को सम्मान मिलना गर्व की बात है। अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर फरहान अख्तर ने खुलासा किया है कि वह मशहूर सितार वादक रविशंकर का किरदार निभाने जा रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

मणिपुर की छोटी सी फीचर फिल्म ने जीता 'बाफ्टा', खास है फरहान अख्तर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'बूंग'

सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स में एक बाफ्टा पुरस्कार में भारतीय मणिपुरी भाषा की कॉमेडी-ड्रामा फीचर फिल्म 'बूंग' को सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 

खास बात ये है कि फिल्म बूंग फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है और फिल्म को डायरेक्ट लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है। बूंग इस साल की पहली भारतीय फिल्म है, जिसे बाफ्टा में नॉमिनेट किया गया था और अब फिल्म को सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

बाफ्टा जैसे बड़े मंच पर भारत की क्षेत्रीय फीचर फिल्मों को सम्मान मिलना गर्व की बात है। फिल्म की डायरेक्टर लक्ष्मीप्रिया देवी मंच पर अवॉर्ड लेने पहुंची और उनके साथ फरहान अख्तर भी नजर आए। भावुक लक्ष्मीप्रिया देवी ने मंच से बाफ्टा का धन्यवाद किया और उनकी छोटी सी फिल्म को इतना बड़ा सम्मान और प्यार देने के लिए दिल से धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, "यहां तक ​​चलना ऐसा लग रहा था मानो किसी पहाड़ की चोटी पर पहुंचने के आखिरी कुछ कदम बचे हों, जिस पर चढ़ने के बारे में हमें कभी पता ही नहीं था।" निर्देशक ने वैश्विक मंच पर मणिपुर के हालातों पर बात की।

Published: undefined

वैश्विक सिनेमा में धूम मचाने के लिए फरहान अख्तर तैयार, 'बीटल्स' बायोपिक में निभाएंगे रविशंकर का किरदार

भारतीय कलाकार लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। इन्हीं नामों में से एक है फरहान अख्तर... वह एक अभिनेता, निर्देशक और निर्माता के रूप में पहले ही अलग पहचान बना चुके हैं और अब वैश्विक सिनेमा में धूम मचाने के लिए तैयार हैं। वह निर्देशक सैम मेंडेस के प्रोजेक्ट 'द बीटल्स: ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' पर काम कर रहे हैं।

अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर फरहान अख्तर ने खुलासा किया है कि वह मशहूर सितार वादक रविशंकर का किरदार निभाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''यह मौका मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यह दुनिया के सबसे प्रभावशाली म्यूजिक बैंड में से एक 'द बीटल्स' की कहानी का हिस्सा बनने का अवसर है।''

फरहान अख्तर ने कहा, ''इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है। बीटल्स जैसे बैंड पर फिल्म का हिस्सा बनना और वह भी सैम मेंडेस जैसे निर्देशक के साथ काम करना किसी सपने से कम नहीं है। मेरे लिए महान संगीतकार रवि शंकर जैसी शख्सियत को पर्दे पर उतारना आसान नहीं है, चूंकि वह भारतीय शास्त्रीय संगीत को पश्चिमी दुनिया तक पहुंचाने वाले संगीतकार थे। ऐसे में मेरे लिए किरदार को और भी बेहतरीन तरीके से निभाने की चुनौती और बढ़ जाती है।''

Published: undefined

ईशा मालवीय की डेब्यू फिल्म 'इश्कां दे लेखे' का ट्रेलर रिलीज

भारतीय अभिनेत्री, मॉडल, डांसर, लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस 17 फेम ईशा मालवीय की पहली फिल्म 'इश्कां दे लेखे' का ऑफिशियल ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया।

अभिनेत्री रोमांटिक पंजाबी फिल्म से बड़े पर्दे पर डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। 'इश्कां दे लेखे' का ट्रेलर स्पीड रिकॉर्ड्स, पैनोरमा स्टूडियोज और डायमंडस्टार वर्ल्डवाइड यूट्यूब चैनलों ने आपस में कोलैबोरेशन के तहत अपलोड किया है, जिनके चैनलों पर कुल मिलाकर लगभग 50 मिलियन सब्सक्राइबर हैं।

चैनल ने मूवी का ट्रेलर रिलीज करते हुए डिस्क्रिप्शन में लिखा, "एक बार फिर प्यार में पड़ने के लिए तैयार हो जाइए! स्पीड रिकॉर्ड्स प्रस्तुत करता है 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित पंजाबी प्रेम कहानी 'इश्कां दे लेखे' का ट्रेलर। शानदार गुरनाम भुल्लर और खूबसूरत ईशा मालवीय अभिनीत यह पंजाबी फिल्म उन सभी लोगों के लिए बनाई गई है, जिन्होंने कभी दिल से प्यार किया है।"

Published: undefined

अरिजीत सिंह के संन्यास पर स्वानंद किरकिरे ने कहा, 'बॉलीवुड को खलेगी उनके सुरों की कमी'

मशहूर गायक और संगीतकार स्वानंद किरकिरे इन दिनों हालिया रिलीज वेब सीरीज 'बैंडवाले को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्होंने इस सीरीज की कहानी का लेखन और अभिनय किया है। यह सीरीज सपनों को सच करने की एक खूबसूरत और प्रेरणादायक कहानी पर आधारित है।

हाल ही में स्वानंद ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट पर कहा कि शायद अरिजीत थक गए हैं। उन्होंने कहा, "म्यूजिक इंडस्ट्री को अभी भी अच्छे और प्रतिभाशाली गायकों की जरूरत है। अरिजीत का इंडिपेंडेंट म्यूजिक में कुछ नया करने का फैसला सम्मानजनक है, लेकिन बॉलीवुड को उनके सुर की कमी खलेगी।"

उन्होंने आगे बॉलीवुड में चल रहे काम को लेकर टिप्पणी दी। उन्होंने कहा, "बॉलीवुड की तेज रफ्तार और लगातार काम का दबाव किसी को भी थका सकता है। ऐसे में एक क्रिएटिव ब्रेक लेना बुरा नहीं है। इससे सिंगर अरिजीत रिफ्रेश होकर और ज्यादा जोश के साथ वापस आ सकते हैं।

Published: undefined

जैकी श्रॉफ ने किया मधुबाला को नमन, बोले- दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा उनका जादू

हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत अदाकाराओं में से एक मधुबाला की दीवानगी आज भी लोगों के दिलों में बरकरार है। अभिनेत्री की मुस्कान, मासूमियत और आंखों की चमक के आज भी कई लोग कायल हैं। उनकी एक्टिंग में ऐसा जादू था कि दर्शक उन्हें पहली बार देखते ही उनके दीवाने बन जाते थे।

दर्शकों के दिलों में खास पहचान रखने वाली अभिनेत्री मधुबाला की पुण्यतिथि सोमवार को है। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर मधुबाला की तस्वीर शेयर की। इसमें उन्होंने मधुबाला को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "मधुबाला जी की पुण्यतिथि पर हम उन्हें बहुत प्यार और सम्मान के साथ याद करते हैं। उनकी यादें और सिनेमा में दिए गए योगदान हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।"

दिल्ली में जन्मी मधुबाला का असल में नाम मुमताज जहां बेगम देहलवी था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत छोटी उम्र से ही कर दी थी। घर में आर्थिक समस्या के चलते उन्होंने महज 9 साल की उम्र से ही काम करना शुरू कर दिया था। अभिनेत्री ने फिल्म 'बसंत' से अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन साल 1949 में रिलीज हुई फिल्म 'महल' से हिंदी सिनेमा में बड़ी पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने 'फागुन', 'हावड़ा ब्रिज', 'काला पानी', और 'चलती का नाम गाड़ी' जैसी कई सफल फिल्में दीं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined