
अभिनेता सैफ अली खान ने जनवरी 2025 में घर पर हुए चाकू से हमले के परिवार पर पड़े असर को लेकर एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उस घटना के बाद उनके छोटे बेटे जेह ने उन्हें अपनी प्लास्टिक की तलवार दे दी थी और कहा था कि अगर अगली बार चोर आए तो वह उससे मुकाबला करें। उस वक्त जेह काफी छोटा था। सैफ ने यह बात करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में बातचीत के दौरान बताई।
सैफ अली खान ने बताया कि घटना के बाद कई महीनों तक जेह अपनी प्लास्टिक की तलवार उनके पास रखता था। उन्होंने कहा, ''जेह ने मुझे अपनी प्लास्टिक की तलवार दी और कहा, 'अगली बार जब वह चोर आए तो इससे उसका मुकाबला करना। पूरी घटना उसके सामने हुई थी। उसने लड़ाई होते हुए देखी थी और उसे लगता है कि मैं बहुत बड़ा रक्षक हूं। उसकी नजर में मैं आयरन मैन हूं।''
बातचीत के दौरान करण जौहर ने भी अपने बच्चों को इस घटना के बारे में समझाने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को खास तौर पर तैमूर की चिंता हो रही थी।
सैफ ने हमले के दौरान लगी चोटों को याद करते हुए कहा, ''यह बहुत डरावना था। मेरी गर्दन पर कट लगे थे। मुझे लगा कि मेरी पीठ में भी कुछ है और गिरने की वजह से कई चोटें आई थीं। मैं घायल था और हमलावर ठीक था।''
फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा की हाल ही में रिलीज फिल्म 'रामायण' की तारीफ करते हुए तमिल फिल्म निर्देशक एटली ने कहा है कि यह वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा की भव्यता को दर्शाती है। उन्होंने फिल्म को एक शानदार सिनेमाई अनुभव बताया, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
एटली ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फिल्म को लेकर अपने विचार जाहिर किए।
उन्होंने लिखा, ''क्या शानदार सोच है। क्या बेहतरीन फिल्म है। यह कितना असाधारण सिनेमाई अनुभव है। 'रामायण' वैश्विक मंच पर गर्व से खड़ा भारतीय सिनेमा है। फिल्म का विजन बेहद भव्य है, लेकिन इसके साथ ही यह हमारी संस्कृति और भावनाओं से भी खूबसूरती से जुड़ी हुई है। मेरा मानना है कि 'रामायण' ऐसा सिनेमाई अनुभव बनेगा, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। यह ऐसी फिल्म है, जिसे मैं अपने बेटे और बेटी के साथ देखना चाहता हूं, अपने परिवार के साथ इसका जश्न मनाना चाहता हूं और हमेशा के लिए अपनी निजी लाइब्रेरी में सहेजकर रखना चाहता हूं।''
एटली ने फिल्म की स्टारकास्ट की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल और शोभना समेत पूरी कास्ट के काम को शानदार बताया।
संगीतकार और गायक हिमेश रेशमिया ने सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' में अपने संगीत सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि करिश्मा कपूर की फिल्म 'दुल्हन हम ले जाएंगे' में उन्होंने अपना पहला सोलो गाना संगीतबद्ध किया था।
सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल लेजेंड्स रिटर्न' में अभिनेत्री करिश्मा कपूर गेस्ट के तौर नजर आई थीं। संगीतकार और गायक हिमेसश रेशमिया ने कहा, "सोलो संगीतकार के रूप में फिल्म 'दुल्हन हम ले जाएंगे' मेरी पहली फिल्म है और उस फिल्म में करिश्मा कपूर थीं।"
हिमेश रेशमिया ने आगे अभिनेत्री की सदाबहार खूबसूरती की तारीफ करते हुए कहा, "करिश्मा आप बिल्कुल वैसी ही दिख रही हैं, जैसी आप पहले लगती थीं। आपका एक बहुत फेवरेट गाना है, 'परदेसी-परदेसी'। उसकी मैं एक लाइन गाना चाहूंगा।"
शो में आगे हिमेश ने फिल्म 'राजा हिंदुस्तानी' के लोकप्रिय गाने 'परदेसी परदेसी' की कुछ लाइनें भी गाईं, जिसमें करिश्मा कपूर थीं।
अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा ने अपने दोस्त और अभिनेता ऋत्विक धनजानी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने जन्मदिन की बधाई देते हुए ऋत्विक को 'लकी चार्म' बताया।
अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा ने इंस्टाग्राम पर जन्मदिन की बधाई देते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ऋत्विक, अभिनेत्री की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, अभिनेत्री मजाक में उनसे असहमत होती हैं और जोर देकर कहती हैं कि उनके शब्द तारीफ नहीं, बल्कि सच हैं।
अपनी इस पोस्ट के जरिए अभिनेत्री ने बताया कि ऋत्विक धनजानी भाग्यशाली हैं कि उन्हें क्रिस्टल जैसी दोस्त मिली। अभिनेत्री ने लिखा, "हैप्पी बर्थडे धनियाआआआ, ऋत्विक धनजानी। तुम एक बहुत ही लकी इंसान हो कि तुम्हारी जिंदगी में मेरे जैसी बेस्टी है और इससे पहले कि तुम मुझे सेल्फ-ऑब्सेस्ड कहो, मैं सिर्फ सच बता रही हूं। फिर से ठीक है, सच में, तुम दुनिया की सारी खुशियों के हकदार हो, मेरे दोस्त। हमेशा साथ रहने, मेरा साथ देने और जिंदगी नाम की इस पागलपन भरी चीज में मेरे साथ बने रहने के लिए धन्यवाद।"
अभिनेत्री ने आगे लिखा, "तुम एकदम हीरे जैसे इंसान हो और मुझे बहुत खुशी है कि तुम हमारी गर्ल गैंग का हिस्सा हो। मैं इसे किसी और तरह से नहीं चाहूंगी।"
करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' में एक ऐसा मजेदार पल देखने को मिला, जब करीना कपूर ने अपनी बहन करिश्मा कपूर को फोन लगाया। करिश्मा ने फोन तो उठा लिया लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी बातचीत शो के सेट पर स्पीकर फोन के जरिए सब लोग सुन रहे हैं।
शुरुआत में वह करीना से नॉर्मल बातचीत करती रहीं लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि उनकी आवाज करण जौहर और शो की टीम भी सुन रही है, वह हैरान रह गईं। इस दौरान उनकी बातचीत में कुछ ऐसा हुआ कि सेट पर मौजूद लोग भी हंसने लगे।
दरअसल, शो के एक खास सेगमेंट में मेहमानों को कुछ मशहूर हस्तियों को फोन करना था और उनसे 'हाय करण, इट्स मी' कहलवाना था। ऐसा करने पर उन्हें पाइंट्स मिलने थे। इसी दौरान करीना ने अपनी बहन करिश्मा को फोन किया। करीना ने उनसे पूछा कि क्या चल रहा है और वह क्या कर रही हैं?
इस पर करिश्मा ने बताया कि वह करीना का टॉक शो 'व्हाट वुमेन वांट' देख रही हैं। इस शो के हालिया एपिसोड में मीरा राजपूत मेहमान बनकर पहुंची थीं। करिश्मा ने बातचीत के दौरान कहा, ''मैं बस तुम्हें और मीरा को देख रही हूं। सब कह रहे हैं कि आखिर क्या चल रहा है?''
मीरा राजपूत का नाम सुनकर करण जौहर ने बातचीत के बीच में दखल दिया और करिश्मा को रोकते हुए कहा, ''तुम 'कॉफी विद करण' पर हो, इससे आगे कुछ मत कहना।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए