मनोरंजन

सिनेजीवन: 'जना नायकन' के लीक पर चिंतित हुए चिरंजीवी और बॉलीवुड गानों के दीवाने हुए निक जोनस

सुपरस्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया के जरिए रिलीज से पहले फिल्म के लीक होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। निक जोनस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने पुराने यादगार पलों को याद करते नजर आ रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'जना नायकन' के लीक पर चिंतित हुए सुपरस्टार चिरंजीवी, सिनेमा को बचाने की लगाई गुहार

साउथ के सुपरस्टार और राजनीति में कदम रख चुके राजनेता विजय की राजनीति में कदम रखने से पहले की आखिरी फिल्म 'जना नायकन' बीते काफी समय से चर्चा में बनी हुई है। 

फिल्म की रिलीज डेट को बार-बार बदला जा रहा है, लेकिन अब फिल्म से जुड़े ऑनलाइन क्लिप सोशल मीडिया पर लीक हो गए हैं, जिससे मेकर्स और अभिनेता दोनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसी कड़ी में सुपरस्टार चिरंजीवी ने अभिनेता का सपोर्ट किया है और सभी से मिलकर सिनेमा को बचाने की गुहार लगाई है।

 सुपरस्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया के जरिए रिलीज से पहले फिल्म के लीक होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है क्योंकि एक फिल्म को बनाने में पूरी टीम की मेहनत लगती है। अभिनेता ने सिनेमा के ऊपर मंडराते पाइरेसी को खतरे को सिनेमा की ग्रोथ के लिए घातक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जना नायकन' के दुर्भाग्यपूर्ण लीक होने से मैं बहुत चिंतित हूँ। सिनेमा विश्वास, मेहनत और कई लोगों के सामूहिक सपनों पर टिका है। ऐसी घटनाएँ हम सभी फिल्म जगत के लोगों को प्रभावित करती हैं और हमें याद दिलाती हैं कि अपनी रचनात्मक कृतियों की रक्षा करना कितना महत्वपूर्ण है।"

 उन्होंने आगे लिखा, "मेरी संवेदनाएँ और समर्थन फिल्म टीम के साथ हैं। आइए हम सब मिलकर सिनेमा का सम्मान और संरक्षण करने की जिम्मेदारी लें। पाइरेसी को खत्म करो। सिनेमा बचाओ।"

Published: undefined

‘टटीरी’ विवाद के बाद बादशाह ने गाने को नए अंदाज में रिलीज करने की घोषणा, इस दिन देख सकेंगे

पंजाबी सिंगर और रैपर बादशाह का विवादित सॉन्ग 'टटीरी' को अश्लील लिरिक्स की वजह से सारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था। सिंगर ने गलती को मानते हुए माफी भी मांग ली थी, लेकिन अब सिंगर इसी गाने के साथ दोबारा दर्शकों के दिलों में हरियाणा की लोकल और लोक संगीत की झलक दिखाने के लिए तैयार हैं। 

बादशाह ने बदलावों के साथ 'टटीरी' गाने को दोबारा रिलीज करने की घोषणा की है और नए टाइटल की घोषणा भी की है।

सिंगर बादशाह ने सोशल मीडिया के जरिए 'टटीरी' को 'टटीरी फिर से' के रूप में रिलीज करने की घोषणा की है। सिंगर ने गाने के साथ सभी की भावनाओं का सम्मान करने की भी बात कही है और सभी को भरोसा दिलाया है कि जिन कारणों से हरियाणा और देश की भावनाओं को ठेस पहुंची थी, वो दोबारा नहीं होगा। गाना 14 अप्रैल को दोबारा यूट्यूब पर रिलीज किया जाएगा।

Published: undefined

गबरू और लाहौर-1947 के बीच सनी देओल ने की नई फिल्म की अनाउंसमेंट, एक्साइडेट हुए फैंस

गबरू' और 'लाहौर-1947' के बाद सनी देओल ने नई फिल्म की अनाउंसमेंट कर दी है। अभिनेता ने फिल्म 'जाट' के एक साल पूरा होने की खुशी में 'जाट' का दूसरा पार्ट बनाने का एलान कर दिया है और फिल्म के मेकर्स और अपने को-स्टार्स को दिल से शुक्रिया कहा है। 

सनी देओल की नई फिल्म की अनाउंसमेंट के बाद फैंस भी काफी उत्साहित हैं।

सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'जाट' की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसमें वे हाथ में बंदूक लिए एक्शन करते दिख रहे हैं। वीडियो में रणदीप हुड्डा की भी झलक देखने को मिल रही है। अभिनेता ने फिल्म जाट की शूटिंग के वक्त दिल खोलकर मस्ती की थी और वे दोबारा उस मस्ती को 'जाट-2' के जरिए जीना चाहते हैं।

उन्होंने कैप्शन में लिखा, "जाट की रिलीज़ को एक साल हो गया और क्या शानदार सफर रहा! फिल्म की शूटिंग के दौरान हमने जो मस्ती, एक्शन और मस्ती की, वो आज भी याद आती है। सेट पर हर दिन ऊर्जा, जोश और जाट की उस खास भावना से भरा रहता था। वाकई सबसे सुखद अनुभवों में से एक।"

उन्होंने आगे लिखा, "गोपीचंद मलिनेनी को उनके विजन और इस दुनिया को इतनी दमदार तरीके से जीवंत करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। रणदीप हुड्डा और विनीत कुमार सिंह को भी शुभकामनाएं। आप दोनों के साथ स्क्रीन शेयर करना बहुत अच्छा लगा। अब शायद अब फिर से कमर कसने का समय आ गया है। जाट-2 जल्द आ रही है।"

Published: undefined

जब आवाज से प्रभावित होकर शिल्पा राव को मुंबई ले आए हरिहरन, ऐसे शुरू हुआ गायकी का सफर

कहते हैं कि असली टैलेंट को पहचानने वाला कोई न कोई जरूर मिल जाता है और जब ऐसा होता है तो जिंदगी की दिशा ही बदल जाती है। कुछ ऐसा ही हुआ बॉलीवुड की मशहूर सिंगर शिल्पा राव के साथ। आज उनकी आवाज करोड़ों लोगों के दिलों में बसती है लेकिन उनके सफर में एक ऐसा मोड़ भी आया जब उनकी प्रतिभा को देखकर दिग्गज गायक हरिहरन इतने प्रभावित हुए कि उन्हें अपने साथ मुंबई तक ले आए। यह घटना उनकी जिंदगी का बड़ा टर्निंग पॉइंट बनी, जिसने उन्हें एक नए रास्ते पर आगे बढ़ा दिया।

11 अप्रैल 1984 को जमशेदपुर में जन्मीं शिल्पा राव का असली नाम अपेक्षा राव था। वह एक तेलुगू भाषी परिवार से आती हैं। बचपन से ही उनके घर में संगीत का माहौल था और उनके पिता एस. वेंकट राव ने उन्हें शुरुआती संगीत की शिक्षा दी। छोटी उम्र से ही शिल्पा को गाने का शौक था और वह स्कूल में भी गायक मंडली का हिस्सा थीं। उन्होंने गजल गायकी की ट्रेनिंग भी ली।

शिल्पा के जीवन में सबसे बड़ा बदलाव तब आया जब उनकी मुलाकात हरिहरन से हुई। उस समय वह बहुत छोटी थीं लेकिन उनकी आवाज में एक अलग ही जादू था। हरिहरन ने उनकी प्रतिभा को तुरंत पहचान लिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इतना ही नहीं, वह शिल्पा को अपने साथ मुंबई भी ले आए ताकि वह बड़े स्तर पर अपनी कला को निखार सकें। यही वह पल था, जब शिल्पा ने तय कर लिया कि उन्हें सिंगिंग को ही अपना करियर बनाना है।

Published: undefined

बॉलीवुड गानों के दीवाने हुए निक जोनस, प्रियंका चोपड़ा संग डांस वीडियो को याद कर बोले- 'अपने दिल की सुनों'

आज के दौर में जहां भारतीय सिनेमा की पहुंच दुनिया के हर कोने तक हो चुकी है, वहीं अब विदेशी कलाकार भी बॉलीवुड के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। इंटरनेशनल स्टार्स भी हिंदी गानों की धुन पर झूमते दिखाई देते हैं। इसी कड़ी में अमेरिकी पॉप सिंगर निक जोनस का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच शुक्रवार को भी उन्होंने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने एक बार फिर भारतीय फैंस का दिल जीत लिया।

दरअसल, निक जोनस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने पुराने यादगार पलों को याद करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह अपनी पत्नी प्रियंका चोपड़ा और अपने भाइयों के साथ बॉलीवुड गानों पर डांस करते दिख रहे हैं।

वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म 'पुकार' का मशहूर गाना 'के सरा सरा' सुनाई देता है, जिसे माधुरी दीक्षित और प्रभु देवा पर फिल्माया गया था। निक ने इस वीडियो के साथ लिखा- 'अपने दिल की सुनों।'

निक जोनस का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined